मुख्य समाचार
- बेंगलूरू-एर्णाकुलम इंटरसिटी एक्सप्रेस रेलगाड़ी के कर्नाटक में होसूर के निकट पटरी से उतरने से कम से कम आठ यात्रियों की मौत, 12 गंभीर रूप से घायल। रेलमंत्री ने जांच के आदेश दिये।
- बिहार के मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने कहा कि विधानसभा में विश्वासमत से पहले वे पद नहीं छोड़ेंगे। उन्होंने खरीद-फरोख्त के नितीश कुमार के आरोपों का खंडन किया।
- उच्चतम न्यायालय ने गुलबर्ग सोसायटी में कोष गबन मामले में तीस्ता सीतलवाड़ की अग्रिम जमानत की याचिका पर सुनवाई बृहस्पतिवार तक स्थगित की।
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने चार सार्क देशों के शासनाध्यक्षों को ऑस्ट्रेलिया में कल से शुरू होने वाले आईसीसी क्रिकेट विश्वकप के लिए शुभकामनाएं दीं। भारतीय टीम को भी शुभकामनाएं।
- दिल्ली में नई सरकार के गठन के लिए केन्द्रीय मंत्रिमण्डल की राष्ट्रपति शासन हटाने की सिफारिश।
- सेंसेक्स में तीसरे पहर के कारोबार में दो सौ अंक से अधिक का उछाल। डॉलर के मुकाबले रूपया 21 पैसे मजबूत।
..........
एर्णाकुलम जा रही इंटर सिटी एक्सप्रेस आज सुबह कर्नाटक में बेंगलूरु के निकट अनेकल रोड और होसूर स्टेशन के बीच पटरी से उतर गई। दुर्घटना में आठ यात्रियों की मौत हो गई और बारह गंभीर रूप से घायल हो गए। रेल अधिकारियों ने बताया कि आज सुबह लगभग सात बजकर चालीस मिनट पर रेलगाड़ी के करीब नौ डब्बे पटरी से उतर गए। पी टी आई ने घायलों की संख्या पचास बतायी है। दुर्घटना से लगभग एक घंटे पहले रेलगाड़ी बंगलूरू सिटी रेलवे स्टेशन से रवाना हुई थी। कर्नाटक सरकार ने बचाव कार्य शुरू कर दिया है और अनेक एम्बुलेंस घटनास्थल पर भेजी हैं। बेंगलूरू सिटी रेलवे स्टेशन और दुर्घटनास्थल पर सहायता डेस्क बनाए हैं। बेंगलूरू सिटी स्टेशन का नम्बर है- 22371166/ 22156553/ एसटीडी कोड है- 080 और दुघर्टना स्थल का नम्बर है- 09448090599 हमारे संवाददाता ने बताया कि कर्नाटक के गृहमंत्री के जे जॉर्ज और परिवहन मंत्री रामलिंगा रेड्डी ने घटनास्थल का दौरा किया।
आज सुबह एर्णाकुलम की ओर जा रही ट्रेन दुर्घटना में डी-7 और डी-8 डब्बों को सबसे ज्यादा हानि पहुंची है। दुर्घटना की वजह अब तक साफ नहीं हुई है। लेकिन रेल सूत्रों के अनुसार डिब्बे एक दूसरे से चिपके हुए स्थिति में हैं। स्थिति को देखने से ये लगता है कि रेल को किसी कारण तुरंत ही रोकने की स्थिति पैदा हो गई थी। असली वजह तो इन्वेस्टिगेशन के बाद ही मालूम होगी। दुर्घटना स्थल के पास एंबुलेंस न पहुंच पाने की वजह से दुर्घटनाग्रस्त लोगों को स्ट्रेचर में थोड़ी दूरी तक ले जाने की स्थिति पैदा हुई थी। सुधीन्द्रा, आकाशवाणी समाचार, बेंगलुरू।
.........
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दुर्घटना में मारे गए लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। ट्वीटर पर श्री मोदी ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। उन्होंने कहा कि रेल मंत्री और अधिकारी स्थिति नजर रखे हुए हैं और समय पर राहत पहुंचाना सुनिश्चित कर रहे हैं। रेल मंत्री सुरेश प्रभु ने दुर्घटना की जांच के आदेश दिए हैं। रेलवे सुरक्षा आयुक्त इस हादसे की जांच करेंगे। रेलमंत्री, रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष के साथ घटनास्थल के लिए लिए रवाना हो गए हैं। रेल मंत्री ने हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों को दो-दो लाख रूपये, गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को पचास हजार रूपये और मामूली रूप से घायल को बीस हजार रूपये मुआवजा देने की घोषणा की है।
..........
बिहार के मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने दृढ़तापूर्वक कहा है कि विधानसभा में विश्वासमत से पहले वे पद नहीं छोड़ेंगे। पटना में श्री मांझी ने दोहराया कि वे विश्वासमत हासिल कर लेंगे। उन्होंने खरीद फरोख्त के आरोपों का भी खंडन किया। श्री मांझी ने कहा कि वे आत्म सम्मान के लिए किसी भी परिणाम का सामना करने को तैयार हैं। श्री नीतीश कुमार के साथ मतभेद के कारणों के बारे में पूछे जाने पर श्री मांझी ने कहा कि वे नीतीश कुमार के हाथों की कठपुतली नहीं बनना चाहते थे, इसलिए नीतीश कुमार ने उन्हें अपना निशाना बनाया। उधर, जनता दल युनाइटेड ने 20 फरवरी से शुरू होने वाली बिहार विधानसभा में विपक्ष में बैठने का निर्णय किया है। विधानसभा में दल के नेता विजय कुमार चौधरी ने पटना में कहा कि उन्होंने अध्यक्ष से विपक्षी बैंचो में अलग सीटें आवंटित करने का अनुरोध किया है। श्री चौधरी ने कहा कि उन्होंने विपक्ष में बैठने का फैसला किया है, क्योंकि उन्हें मांझी सरकार में कोई विश्वास नहीं है।
.........
उच्चतम न्यायालय ने गुलबर्ग सोसायटी कोष में कथित गबन मामले में तीस्ता सीतलवाड़ की अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई बृहस्पतिवार तक स्थगित कर दी है। गुजरात उच्च न्यायालय ने कल 2002 के दंगो में तबाह हुई गुलबर्ग सोसायटी में एक संग्रहालय के लिए जमा किये गये धन में कथित गबन के सिलसिले में तीस्ता सीतलवाड और उनके पति की अग्रिम जमानत याचिका नामंजूर कर दी थी। उच्चतम न्यायालय ने उनकी गिरफ्तारी पर मामले की सुनवाई तक रोक लगा दी है। न्यायालय ने कहा है कि सीतलवाड के खिलाफ गंभीर आरोप हैं और उनके वकील को इस मामले में राजनीति को शामिल न करने की चेतावनी दी है। सीतलवाड़ और उनके पति पर वर्ष 2002 के दंगो में तबाह गुलबर्ग सोसायटी में संग्रहालय के निर्माण के संबंध में गुजरात पुलिस की अपराध शाखा ने आयकर अधिनियम के तहत धोखाधड़ी, विश्वासघात के आरोप में मामला दर्ज किया था।
.............
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दिल्ली पुलिस आयुक्त बी एस बस्सी को निर्देश दिया है कि वह दक्षिण दिल्ली के वसंत विहार इलाके के होली चाइल्ड ऑगजिलियम स्कूल में कथित तोड़फोड़ करने वालों से सख्ती से निपटे। श्री मोदी ने पुलिस आयुक्त को सुरक्षा बढ़ाने और अविलम्ब कार्रवाई करने को कहा। अब से थोड़ी देर पहले श्री बस्सी ने प्रधानमंत्री से मुलाकात की और उन्हें घटना के बारे में जानकारी दी। आज तड़के कुछ लोगों ने होली चाइल्ड ऑगजिलियम स्कूल में कथित तोड़फोड़ की। स्कूल के प्रिंसिपल के कार्यालय में तोड़फोड की गई है और आठ हजार रूपये गायब हैं। इस संबंध में एक प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस आयुक्त बी एस बस्सी ने बताया कि जांच से पता चला है कि ये चोरी का मामला है। मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति ईरानी स्कूल का दौरा किया। उन्होंने गृहमंत्री राजनाथ सिंह से भी बातचीत की और इस मामले को देखने का अनुरोध किया। दूसरी तरफ दिल्ली के मनोनीत मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने घटना की निंदा की और कहा कि ऐसी हरकत बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कांग्रेस नेता अजय माकन ने घटना में लिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
...........
सुनन्दा पुष्कर मौत मामले में संभावित पूछताछ के लिए पूर्व केन्द्रीय मंत्री शशि थरूर आज दिल्ली के सरोजिनी नगर थाने पहुंचे। दिल्ली पुलिस का विशेष जांच दल पिछले चौबीस घंटों में उनसे तीसरी बार पूछताछ करेगा। विशेष जांच दल ने कल शशि थरूर और उनके सहयोगियों से पूछताछ की थी। पुलिस ने सुनन्दा पुष्कर के विसरा सैम्पल जांच के लिए एफ बी आई की प्रयोगशाला में अमरीका भेज दिए हैं। सुनन्दा पिछले साल जनवरी में दिल्ली के एक होटल में रहस्यपूर्ण स्थिति में मृत पायी गयी थी।
............
नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री पीयुष गोयल ने कहा है कि भारत की वर्ष 2030 तक ग्रिड पावर और रूफटॉप बिजली के जरिये एक लाख मेगावाट सौर ऊर्जा उत्पादन की योजना है। नई दिल्ली में आज श्री गोयल ने कहा कि 15 फरवरी से नई दिल्ली में तीन दिवसीय नवीकरणीय ऊर्जा वैश्विक निवेशक सम्मेलन और प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इसका उद्घाटन करेंगे। हमारे संवाददाता ने बताया है कि सम्मेलन में 45 देशों से दो हजार पांच सौ प्रतिनिधियों और प्रदर्शकों के भाग लेने की संभावना है।
..........
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ को ऑस्ट्रेलिया में होने वाले आईसीसी क्रिकेट विश्वकप के लिए शुभकामनाएं दी हैं। श्री मोदी ने ट्वीट कर कहा कि उन्होंने श्री शरीफ और अन्य सार्क देशों के राष्ट्राध्यक्षों को शुभकामनाएं दी है, जिनकी टीमें विश्वकप में हिस्सा ले रही हैं। श्री मोदी ने अफगानिस्तान के राष्ट्रपति अशरफ गनी, बंगलादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना और श्रीलंका के राष्ट्रपति मैत्रीपाल सिरिसेना से बातचीत की। प्रधानमंत्री ने कहा कि पांच सार्क देश इस विश्वकप में खेल रहे हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि विश्वकप खेल भावना के साथ होगा। श्री मोदी ने कहा कि क्रिकेट इस क्षेत्र के लोगों को आपस में जोड़ता है और सद्भावना को बढ़ावा देता है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि सार्क देशों के खिलाड़ी बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करेंगे। प्रधानमंत्री ने कहा कि वे सार्क देशों के बीच संबंधों को मजबूत बनाने के लिए जल्द ही नये विदेश सचिव डॉ0 सुब्रह्मण्यम जयशंकर को सार्क देशों की यात्रा पर भेजेंगे।
...........
क्राइस्टचर्च और मेलबर्न में कल आई सी सी क्रिकेट विश्वकप का रंगारंग उद्घाटन समारोह हुआ। कल क्राइस्टचर्च में भारतीय समय के अनुसार तड़के साढ़े तीन बजे न्यूजीलैंड का मुकाबला श्रीलंका से होगा। पूल ए के दूसरे मैच में मेलबर्न में सवेरे नौ बजे ऑस्ट्रेलिया का सामना इंग्लैंड से होगा। पूल बी में रविवार को भारत का मुकाबला पाकिस्तान से होगा।
गुरूवार को ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में आईसीसी के रंगारंग कार्यक्रमों की प्रस्तुति के साथ वर्ल्ड कप 2015 का आगाज़ हो गया है। क्रिकेट के इस महाकुंभ की शुरूआत कल होगी। इस दौरान कुल 14 टीमें एक दूसरे के सामने होंगी और 49 मैचों के बाद 29 मार्च को क्रिकेट का बादशाह को विजेता टीम की ट्रॉफी मिलेगी।
वर्ल्ड कप में टीम इंडिया का पहला मैच पाकिस्तान के साथ रविवार को है। इस रोचक मुकाबले पर पूरी दुनिया की नजर रहेगी। वन डे वर्ल्ड कप के इतिहास में भारत और पाकिस्तान का पांच बार आमना-सामना हुआ है। 1992, 1996, 1999, 2003 और 2011 को हुए इन पांचों मुकाबलों में पाकिस्तान को ही हार का सामना करना पड़ा था।
रविवार को होने वाले मैच के लिए टीम इंडिया को कई प्रशंसकों की शुभकामनाएं मिल रही हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी टीम इंडिया के सभी खिलाडि़यों को वर्ल्ड कप के लिए शुभकामनाएं दी हैं। अपने ट्वीट में श्री मोदी ने लिखा है- 'खेलो दिल से वर्ल्ड कप लाओ फिर से'। -समाचार कक्ष से मैं मनीषा खन्ना।
.............
केन्द्रीय मंत्रिमण्डल ने दिल्ली में नई सरकार के गठन के लिए राष्ट्रपति शासन हटाने की अनुशंसा की है। विधानसभा चुनावों के बाद दिल्ली में राष्ट्रपति शासन हटाने को मंजूरी देने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में मंत्रिमण्डल की बैठक हुई। दिल्ली में तत्कालीन मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल के इस्तीफे के बाद पिछले वर्ष फरवरी में राष्ट्रपति शासन लगाया गया था। उधर, आम आदमी पार्टी सरकार के कल होने वाले शपथग्रहण समारोह की तैयारियां पूरे जोरों पर हैं। उपराज्यपाल नजीब जंग रामलीला मैदान में श्री केजरीवाल और उनके मंत्रिमण्डल को शपथ दिलाएंगे।
..........
बम्बई शेयर बाजार में आज लगातार चौथे कारोबारी सत्र में उछाल का रूख है। अब से कुछ देर पहले सेन्सेक्स 246 अंक की वृद्धि के साथ 29 हजार 51 पर था। शुरूआती कारोबार में यह 110 अंक की वृद्धि के साथ 28 हजार 915 पर खुला। विश्व के बाजारों में वृद्धि के रूख से शेयर बाजार में तेजी आई। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 82 अंक बढ़कर 8 हजार 793 पर था। अन्तरबैंक विदेशी मुद्राबाजार में आज डॉलर के मुकाबले रूपया 21 पैसे मजबूत हुआ। एक डॉलर 62 रूपये 10 पैसे का बोला गया।
...........
प्रसार भारती के अध्यक्ष डॉ0 ए सूर्यप्रकाश ने कहा है कि जल्दी ही दूरदर्शन और आकाशवाणी में बदलाव किया जाएगा। भोपाल में आकाशवाणी और दूरदर्शन के अधिकारियों से उन्होंने कहा कि आकाशवाणी और दूरदर्शन के कार्यक्रमों में बदलाव समय की जरूरत है। डॉ0 सूर्यप्रकाश ने कहा कि दूरदर्शन और आकाशवाणी लोक सेवा प्रसारक के रूप में बहुत अच्छा काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आकाशवाणी से प्रसारित समाचार देश में सर्वाधिक लोकप्रिय और विश्वसनीय हैं।
............
गुजरात में पिछले 24 घंटे में स्वाइन फ्लू से आठ और लोगों के मरने से मृतकों की संख्या 116 हो गई है। हमारे अहमदाबाद संवाददाता ने बताया है कि राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने स्वाइन फ्लू के मामलों का समय रहते पता लगाने के लिए विस्तृत स्तर पर लोगों के सर्वेक्षण का काम शुरू किया है।
आज राजकोट में दो और मरीजों की स्वाइन फ्लू से मृत्यु हो गई। गुजरात सरकार ने राज्य में एच1एन1 वायरस के परीक्षण के लिए तीन नई प्रयोगशाला स्थापित करने का निर्णय किया है। इस वक्त राज्य में पांच प्रयोगशाला कार्यरत हैं। अब राज्य सरकार ने अपना ध्यान स्वाइन फ्लू के मरीजों का उपचार करने वाले स्वास्थ्य और पैरामेडिकल कर्मचारियों को विशेषज्ञता प्रशिक्षण देने पर केंद्रित किया है। योगेश पांड्या, आकाशवाणी समाचार, अहमदाबाद।
...........
