मुख्य समाचार :-
- दिल्ली में श्री अरविंद केजरीवाल एक साल के राष्ट्रपति शासन के बाद कल मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
- कर्नाटक में होसुर के निकट रेल दुर्घटना में नौ लोगों की मौत।
- प्रधानमंत्री ने क्रिकेट डिप्लोमेसी शुरू की, सार्क के चार देशों के नेताओं से बातचीत की। विदेश सचिव सार्क देशों की यात्रा पर जाएंगे।
- पाकिस्तान में शुक्रवार की नमाज के दौरान एक मस्जिद पर हमला, 19 लोगों की मौत।
- पाकिस्तान ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारत की स्थायी सदस्यता का विरोध क्रिकेट विश्व कप कल से। शुरूआती मैचों में श्रीलंका का मुकाबला न्यूजीलैंड से और ऑस्ट्रेलिया का इंग्लैंड से।
-------------------
दिल्ली में श्री अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी सरकार के शपथ ग्रहण समारोह की पूरी तैयारी कर ली गई है। उपराज्यपाल नजीबजंग कल रामलीला मैदान में श्री केजरीवाल और उनके मंत्रिपरिषद के सदस्यों को शपथ दिलवाएंगे। पार्टी सूत्रों के अनुसार नये मंत्रिमंडल में मनीष सिसोदिया उपमुख्यमंत्री होंगे और चार नये चेहरों को शामिल किया जायेगा। आम आदमी पार्टी के विधायक सत्येन्द्र जैन, जितेन्द्र तोमर, कपिल मिश्रा, संदीप कुमार और असीम अहमद खान मंत्रिमंडल में शामिल हो सकते हैं। पार्टी नेता राखी बिडला, सौरभ भारद्वाज, सोमनाथ भारती, गिरीश सोनी जो पहले मंत्रिमंडल में थे उन्हें नई सरकार में जगह नहीं मिलने की संभावना है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि शपथ ग्रहण समारोह में भारी संख्या में लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।
यह महज एक संयोग मात्र ही है कि अरविंद केजरीवाल ने पिछले साल जिस दिन मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया था ठीक उसी दिन वो एक बार फिर इस पद की शपथ लेने जा रहे हैं। शपथ ग्रहण समारोह भी उसी रामलीला मैदान में हो रहा है जहां से उन्होंने भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन की शुरूआत की थी जिसके बाद वो राजनीति में आये। हालांकि इस बार परिस्थिति पिछली बार से अलग हैं श्री केजरीवाल की पहली सरकार कांग्रेस के समर्थन पर टिकी थी पर अब उनके पास 70 सदस्यीय विधानसभा 67 विधायकों का समर्थन है इस प्रचंड बहुमत ने अपने साथ जनता की उम्मीदों का बड़ा बोझ आम आदमी पार्टी पर डाल दिया है। इस बीच पार्टी ने मुफ्त वाई-फाई, महिला सुरक्षा और भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन जैसे वायदों को पूरा करने की दिशा में चर्चा शुरू कर दी है। नई दिल्ली से संतबहादुर के साथ आकाशवाणी के लिए मैं दिवाकर।
इससे पहले आज दिन में केन्द्रीय मंत्रिमंडल ने दिल्ली में नई सरकार के गठन के लिए राष्ट्रपति शासन हटाने की अनुशंसा की।
-------------------
बिहार के मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने कहा है कि विधानसभा में विश्वासमत से पहले वे पद नहीं छोड़ेंगे। पटना में आज श्री मांझी ने दोहराया कि वे विश्वासमत हासिल कर लेंगे। उन्होंने खरीद फरोख्त के आरोपों का खंडन किया। जनता दल यूनाइटेड के नेता नीतीश कुमार के साथ मतभेद के कारणों के बारे में श्री मांझी ने कहा कि वे नीतीश कुमार के हाथों की कठपुतली नहीं बनना चाहते थे इसलिए नीतीश कुमार ने उन्हें अपना निशाना बनाया।
माननीय नीतीश कुमार जी कहते हैं कि हमने भारी गलती की, उन्होंने गलती नहीं की समझिए महागलती उन्होंने की और महागलती इसलिए की है कि जीतन माझी जो एक महादलित परिवार का लड़का है जो 34 साल का राजनीतिक जीवन व्यतीत कर चुका है। उनको यह समझने में गलती कर गए कि हमारे हाथ का कठपुतला बनेगा ये समझने में उन्होंने गलती कर दी।
श्री नीतीश कुमार ने कल आरोप लगाया था कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बिहार में विधायकों की खरीद फरोख्त को बढ़ावा दे रहे हैं।
-------------------
हमारे संवाददाता ने खबर दी है कि विधायकों की खरीद-फरोख्त को लेकर एक-दूसरे के ऊपर आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं।
जनता दल यूनाइटेड ने मुख्यमंत्री जीतन राम माझी और भाजपा पर विधायकों को तोड़ने का आरोप लगाया है। नीतीश कुमार ने इस बात पर आपत्ति व्यक्त की है कि माझी सरकार को जानबूझकर बहुमत साबित करने के लिए 20 फरवरी का समय दिया गया है ताकि वे अधिक से अधिक विधायकों को लुभा सकें। दूसरी ओर मुख्यमंत्री ने इस आरोप को खारिज करते हुए कहा है कि लाखों रुपये खर्च कर नीतीश कुमार विधायकों को दिल्ली ले गए। इस बीच भाजपा के वरिष्ठ नेता सुशील कुमार मोदी ने नीतीश कुमार पर भाजपा विधायकों को दो-दो करोड़ रुपये का प्रलोभन दिये जाने का आरोप लगाया है। आकाशवाणी समाचार के लिए पटना से कृष्ण कुमार लाल।
-------------------
जनता दल युनाइटेड ने 20 फरवरी से शुरू होने वाली बिहार विधानसभा में विपक्ष में बैठने का निर्णय किया है। विधानसभा में दल के नेता विजय कुमार चौधरी ने पटना में कहा कि उन्होंने अध्यक्ष से विपक्षी बैंचो में अलग सीटें आवंटित करने का अनुरोध किया है।
-------------------
बंगलौर सिटी-एर्णाकुलम इंटरसिटी एक्सप्रेस रेलगाड़ी के आज सवेरे पटरी से उतर जाने से 9 लोग मारे गए हैं और 19 घायल हुए हैं। बंगलौर सिटी-सलेम खण्ड पर आनेकल रोड और होसुर के बीच गाड़ी के नौ डिब्बे पटरी से उतर गए।
रेल मंत्री सुरेश प्रभु ने मारे गए लोगों के प्रति शोक व्यक्त किया है। उन्होंने प्रत्येक मृतक के परिवार को दो लाख रुपये और गम्भीर रूप से घायलों को 50-50 हजार रुपये देने की घोषणा की है। अन्य घायलों को 20-20 हजार रुपये दिए जाएंगे। सहायता और जानकारी के लिए बेंगलूरू में हेल्प लाईन भी शुरू की गई है नम्बर है- 0 9 4 8 0 9 0 5 9 9, 0 8 0 2 2 3 7 1 1 6 6, और 0 97 3 1 6 6 6 7 5 1
दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए रेलवे सुरक्षा दक्षिणी सर्किल के आयुक्त के नेतृत्व में जांच के आदेश दिए गए हैं।
-------------------
उच्चतम न्यायालय ने आज सामाजिक कार्यकर्ता तिस्ता सीतलवाड और उनके पति की गिरफ्तारी पर और छह दिन के लिए रोक लगा दी है। मामले की सुनवाई अब 19 फरवरी को होगी। सीतलावाड पर 2002 के दंगो में तबाह हुई अहमदाबाद की गुलबर्ग सोसाइटी में संग्रहालय के लिए इकठ्ठे कोष के कथित गबन का मामला चल रहा है। न्यायमूर्ति एस जे मुखोपाध्याय और एन वी रमना की पीठ ने इस मुकदमे से जुडे सभी पक्षों को गुजरात उच्च न्यायालय के फैसले और अन्य अतिरिक्त दस्तावेज सौंपने का आदेश दिया।
-------------------
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दिल्ली पुलिस आयुक्त बी एस बस्सी से एक स्कूल में तोड़फोड़ की घटना की तेजी से जांच करने और यह सुनिश्चित करने को कहा है कि अपराधी कानून के दायरे में लाए जाएं। श्री मोदी ने दक्षिण दिल्ली के होली चाइल्ड ऑगजिलियम स्कूल में आज हुए कथित तोड़फोड़ की घटना के मद्देनजर पुलिस आयुक्त को बुलाया और शहर में बढ़ते अपराध पर गंभीर चिंता और पीड़ा प्रकट की।
पुलिस ने बताया कि प्रिंसिपल के कार्यालय में तोड़फोड की गई है और आठ हजार रूपये गायब हैं। इस संबंध में वसंत विहार थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस आयुक्त ने बताया कि ये चोरी का मामला है।
स्कूल के अंदर में एक डोनेशन बॉक्स है चर्च से काफी दूरी पर है उसमें चोरी हुई है यह चोरी का वाक्या है इसमें हमें शक है कि कोई इंसाडर का काम है जिसे मालूम था कि कहां पर सीसीटीवी कैमरा भी लगे हुए हैं, जो अभी तक की हमारी तफ्तीश है उससे हमें यह लगता है कि यह बिल्कुल भी डेसीग्रेशन का मामला नहीं है यह एक चोरी की वारदात है।
-------------------
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ऑस्ट्रेलिया में होने वाले आईसीसी क्रिकेट विश्वकप के लिए पाकिस्तान सहित उन अन्य सार्क देशों के राष्ट्राध्यक्षों को शुभकामनाएं दी है, जिनकी टीमें विश्वकप में हिस्सा ले रही हैं। श्री मोदी ने आज पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ, अफगानिस्तान के राष्ट्रपति अशरफ गनी, बंगलादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना और श्रीलंका के राष्ट्रपति मैत्रीपाला सिरिसेना से बातचीत की।
प्रधानमंत्री ने कहा कि पांच सार्क देश इस विश्वकप में खेल रहे हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि सार्क देशों के खिलाड़ी बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि जल्द ही विदेश सचिव सार्क देशों का दौरा करेंगे।
आकाशवाणी से बातचीत में सार्क के पूर्व महासचिव डॉ. शीलकांत शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री का यह कदम लोगों को पास लाने की मुहिम का एक हिस्सा है।
क्रिकेट जो है वो भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश, श्रीलंका और नेपाल इन सबके लिए भी बहुत पॉपुलर चीज है। ऐसे मौके पर टीमें पार्टिसिपेट कर रही हैं तो उसके लिए बधाई देना बहुत अच्छा मूव है इसको ओच्छी तरह से नहीं देखना चाहिए हमें समझना चाहिए कि ये प्रधानमंत्री की कोशिश है लोगों से जुड़ने की उसका एक परिचायक है यह और ये उनकी बराबर कोशिश रही है कि जो मौका मिले जुड़ जाए लोगों से।
-------------------
पाकिस्तान में पेशावर की एक शिया मस्जिद में आज आतंकवादियों के हमले में कम से कम 19 लोग मारे गये और कई घायल हो गये। बीबीसी की खबर के अनुसार हयाताबाद जिले की एक मस्जिद में पुलिस और तीन बंदुकधारियों के बीच गोलीबारी हुई। आतंकवादियों ने हथगोले फेंके और जुमे की नमाज के लिए एकत्रित लोगों पर गोलियां चलाईं। बाद में अधिकारियों ने बताया कि एक आतंकवादी ने खुद को उड़ा लिया, एक अन्य गोलीबारी में मारा गया, जबकि एक को गिरफ्तार कर लिया गया। पाकिस्तानी तालिबान ने कहा है कि उसके लड़ाकों ने यह हमला किया।
-------------------
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने अमरीका के राष्ट्रपति बराक ओबामा से कहा है कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परषिद में भारत की स्थायी सदस्यता उसे मंजूर नहीं है। श्री शरीफ ने श्री ओबामा से टेलीफोन पर बातचीत में कहा कि भारत कश्मीर के बारे में संयुक्त राष्ट्र द्वारा पास किए गए सभी प्रस्तावों पर अमल न करने के कारण संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद का स्थायी सदस्य नहीं बन सकता।
-------------------
आई.सी.सी. क्रिकेट विश्वकप का पहला मैच कल क्राइस्टचर्च में न्यूजीलैड और श्रीलंका के बीच खेला जाएगा। हमारे संवाददाता ने बताया है कि ये मैच भारतीय समयानुसार तड़के साढ़े तीन बजे से शुरू होगा।
पिछले विश्वकप टूर्नामेट के फाइनल मे जगह बनाने वाली श्रीलंका नयी उम्मीदो के साथ दूसरी बार विश्वकप पर कब्जा करने के लिए मैदान पर उतरेगी। विश्वकप से पहले जिंबाब्वे के खिलाफ हुये अभ्यास मैच मे हारने के बावजूद श्रीलंका के हौसले बुलंद नजर आ रहे है। टीम को इस मैच मे सफलता दिलाने के लिये गेदबाजो को अपनी लाइन नहीं खोनी होगी और खुद पर भरोसा रखना होगा। दूसरी ओर श्रींलका ने पिछले कुछ समय के दौरान खेले गये मुकाबलो मे चमत्कारिक अंदाज से वापसी की है। श्रीलंकाई गेदबाज कभी भी कमाल कर सकते है और टीम को जीत दिलाने मे अहम भूमिका निभा सकते है। श्रीलंका ने पिछले चार मुकाबलो मे दो मे जीत दर्ज की है जबकि उसे तीन मे हार का सामना करना पड़ा है। वहीं दूसरी ओर इस बार विश्वकप की मजबूत टीम मानी जा रही न्यूजीलैड ने पिछले पांच एकदिवसीय मुकाबलो मे मात्र एक ही हारा है और चार मे जीत का परचम लहराया है। ऐसे में क्रिकेट महाकुंभ के पहले मुकाबले में दर्शकों को एक रोमांचक मैच की उम्मीद होगी। मुकेश कुमार आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
कल ही मेलबर्न में मेजबान ऑस्ट्रेलिया का सामना इंग्लैंड से होगा।
-------------------
केरल में 35वें राष्ट्रीय खेलों का आज अंतिम दिन है। सेना 91 स्वर्ण, 32 रजत और 35 कांस्य पदक लेकर पदक तालिका में सबसे ऊपर है। एथेलिटिक्स मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन के साथ मेजबान केरल 54 स्वर्ण, 46 रजत और 61 कांस्य पदकों के साथ दूसरे स्थान पर है।
-------------------
लगातार चौथे दिन बढ़त का सिलसिला जारी रखते हुए बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स आज 290अंक बढ़कर 29 हजार के स्तर से ऊपर 29 हजार 95 पर बंद हुआ। सेंसेक्स में चार दिनों के दौरान करीब 870 अंकों की वृद्धि हुई है।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के निफ्टी में भी 94 अंक की बढ़त दर्ज हुई और यह आठ हजार 806 पर रहा।
-------------------
उच्चतम न्यायालय ने चिटफंड घोटाले में सी बी आई से रिजर्व बैंक तथा भारतीय प्रतिभूति और विनियम बोर्ड-सेबी की जांच करने को कहा है। न्यायालय ने कहा कि ये नियामक संस्थायें कई राज्यों में फैले करोड़ों रूपये के चिटफंड घोटाले पर आंख मूंदे नहीं रह सकतीं ।
-------------------
आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग अपने साप्ताहिक कार्यक्रम करंट अफेयर्स के अन्तर्गत आज।यानि 'बजट से सेवा क्षेत्र की अपेक्षायें' पर परिचर्चा प्रसारित करेगा।
इसे रात साढे नौ बजे से राजधानी, एफएम गोल्ड चैनलों और अतिरिक्त फिक्रिवेंसियों पर सुना जा सकेगा।
-------------------
आज विश्व रेडियो दिवस है। प्रत्येक वर्ष 13 फरवरी को यह दिन मनाया जाता है। नई दिल्ली में इस अवसर पर आयोजित समारोह में प्रसार भारती के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जवाहर सरकार ने कहा कि रेडियो सभी तबके के लोगों को साथ लाया है।
-------------------
