मुख्य समाचार
- राष्ट्रपति ने राज्यपालों से संविधान का पूरी तरह पालन करने को कहा। कहा- संविधान के अनुसार नहीं चलने से देश का लोकतांत्रिक तानाबाना कमजोर होगा।
- आम आदमी पार्टी प्रमुख अरविन्द केजरीवाल ने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा देने और अनधिकृत कालोनियों के मुद्दे पर केन्द्र से सहयोग मांगा। श्री केजरीवाल आज राष्ट्रपति और गृहमंत्री से भी मुलाकात करेंगे।
- आयकर विभाग ने आम आदमी पार्टी को दो करोड़ रूपये के चन्दे पर स्पष्टीकरण देने के लिए नोटिस भेजा। पार्टी ने नोटिस का स्वागत किया। कहा- जांच में पूरा सहयोग करेंगे।
- झारखण्ड में झारखण्ड विकास मोर्चा के छह विधायक भाजपा में शामिल।
- सेन्सेक्स में तीसरे पहर के कारोबार में लगभग एक सौ पचास अंक का उछाल।
- सरकार ने खेलों को बढावा देने के लिए राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार योजना में संशोधन किया।
-----------
राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने राज्यपालों और उपराज्यपालों से कहा है कि वे यह सुनिश्चित करें कि राज्य और केन्द्रशासित प्रदेशों में संविधान की मर्यादा का पूरी तरह पालन किया जाए। नई दिल्ली में आज राज्यपालों के 46वें सम्मलेन में उन्होंने कहा कि संविधान के प्रावधानों तथा सिद्धांतों के अनुरूप नहीं चलने से देश का लोकतांत्रिक तानाबाना कमजोर हो जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि शांति और साम्प्रदायिक सदभाव सुनिश्चित किया जाना चाहिए। ब्यौरा हमारे संवाददाता से
सम्मेलन को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने कहा है भारत के पास युवाओं की बहुत बड़ी संख्या है जिनका उपयोग विकास की शक्तशिाली इंजन के रूप में किया जाना चाहिए। अन्यथा सामाजिक तनाव पैदा हो सकता है। उन्होंने कहा कि कौशल विकास मेक इन इंडिया को सफल बनाने के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। ग्रामीण क्षेत्रों में शौचालयों की कमी का जिक्र करते हुए राष्ट्रपति ने राज्य तथा केंद्रशासित प्रदेशों से गांव तथा वार्डो तक स्वच्छ भारत मिशन पहुंचाने के लिए प्रशासनिक तंत्र बनाने पर बल दिया। इस दो दिवसीय सम्मेलन में 21 राज्यपाल और दो उपराज्यपाल भाग ले रहे हैु। प्रधानमंत्री अन्य केंद्रीय मंत्री तथा नीति आयोग के के उपाध्यक्ष ने भी इस सम्मेलन में शिरक्त की। इसमें आंतरिक और बाहरी सुरक्षा वित्तीय समावेश और रोजगार सृजन पर भी विचार-विमर्श होगा। आकाशवाणी समाचार के लिए मैं संत बहादुर के साथ दिल्ली से मैं अनुपम मिश्र।
-------
आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने आज केन्द्रीय शहरी विकास मंत्री वेंकैया नायडू से मुलाकात कर दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा देने और अनधिकृत कालोनियों के मुद्दे पर उनसे सहयोग मांगा। बाद में आम आदमी पार्टी नेता मनीष सिसोदिया ने बताया कि श्री केजरीवाल ने दिल्ली के विकास से जुड़े मुद्दों पर केन्द्र से सहायता का अनुरोध किया।
चार बड़े इसूज हमने उनसे रीकवेस्ट किया है कि हमें जहां जहां सहयोग की जरूरत पड़ने वाली है हमें तुरंत एक तो गांव देहात के जमीनों के मुद्दे है, दूसरा अनओथोराइजड कॉलोनिज के मुद्दे पर तीसरा हमने इसने रीकवेस्ट किया है कि दिल्ली में स्कूल, कॉलेज, हॉस्पिटल और पार्किंग इन सबके लिए बहुत जमीनों की जरूरत है। चौथा हमने उनसे रीकवेस्ट किया है कि फुल स्टेट हुड के मद्दे पर भी हमें कॉरपोरशन की जरूरत पड़ेगी।
बैठक के बाद श्री नायडू ने बताया कि उन्होंने श्री केजरीवाल को आश्वासन दिया कि केन्द्र सरकार दिल्ली में विकास के लिए पूरा सहयोग देगी और टीम इंडिया के रूप में काम करेगी।
मैंने उनसे कहा जब भी कोई समस्या हो वे हमारे पास आ सकते है और बात कर सकते है। हमारे अधिकारी दिल्ली प्रशासन के लोगों की मदद के लिए हमेशा तैयार है।
श्री केजरीवाल दिल्ली से जुड़े मुद्दों पर विचार के लिए आज शाम गृहमंत्री राजनाथ सिंह से भी मुलाकात करेंगे। बाद में वे राष्ट्रपति से भी मिलेंगे। वे कल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से भी मिल सकते हैं और उन्हें शनिवार को शपथ ग्रहण समारोह के लिए आमंत्रण दे सकते हैं।
-------
श्री अरविंद केजरीवाल ने लोगों को शनिवार को रामलीला मैदान में शपथ ग्रहण समारोह के लिए आमंत्रित किया है। निजी एफएम रेडियो पर विज्ञापन के जरिये श्री केजरीवाल ने लोगों से समारोह स्थल पहुंचने की अपील की है। विज्ञापन संदेश में उन्होंने कहा कि यह उनका कर्तव्य है कि लोगों को उनके अधिकार दें, दिल्ली को बेहतर बनाएं और आम आदमी के जीवन में खुशियां लाएं।
-------
आयकर विभाग ने पार्टी को मिले दो करोड़ रूपये से अधिक की राशि के चंदे पर आम आदमी पार्टी से स्पष्टीकरण मांगा है। आवाम संगठन ने आम आदमी पार्टी पर पिछले वर्ष संदिग्ध कंपनियों से दो करोड़ रूपये से अधिक की राशि चैक के जरिये चंदे के रूप में लेने का आरोप लगाया है। आयकर विभाग ने पार्टी से सोमवार तक जवाब देने को कहा है। आयकर विभाग ने कांग्रेस पार्टी को भी नोटिस जारी किया है। उससे भी दस लाख रूपये के कथित चंदे का स्रोत बताने को कहा गया है।
आयकर विभाग के नोटिस पर आम आदमी पार्टी की प्रवक्ता आतिशी मारलेना ने कहा कि पार्टी इस मामले पर आयकर विभाग के साथ सहयोग करेगी। उन्होंने कहा कि सभी पार्टियों के राजनीतिक चंदे की विशेष जांच दल से जांच होनी चाहिए।
कांग्रेस प्रवक्ता पी सी चाको ने कहा कि राजनीति और कानून को मिलाना नहीं चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि आयकर विभाग को नोटिस भेजने का अधिकार है।
-------
झारखंड विधानसभा में झारखंड विकास मोर्चा के 8 में से 6 विधायक भाजपा में शामिल हो गए हैं। ये विधायक आज रांची में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं-मुख्यमंत्री रघुवर दास और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष रविन्द्र राय की उपस्थिति में भाजपा में शामिल हुए। हमारे संवाददाता ने बताया है कि झारखंड विकास मोर्चा के इन बागी विधायकों ने इससे पहले विधानसभा अध्यक्ष से अनुरोध किया था कि इन्हें सदन में सत्ताधारी भाजपा गठबंधन के विधायकों के साथ सीटें दी जाएं क्योंकि उन्होंने भाजपा में शा मिल होने का निर्णय लिया है। झारखंड विकास मोर्चा ने दो दिन पहले इन छह विधायकों में से चार को पार्टी से निकाल दिया था।
-------
जनता दल युनाइटेड के नेता नितीश कुमार आज शाम दिल्ली में राष्ट्रपति के सामने अपने समर्थक 130 विधायकों को पेश करेंगे। इन विधायकों में जनता दल युनाइटेड, राष्ट्रीय जनता दल, कांग्रेस और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के तथा निर्दलीय विधायक शामिल हैं। श्री नितीश कुमार ने बिहार के राज्यपाल केसरीनाथ त्रिपाठी के सामने नई सरकार बनाने का दावा पेश किया है। उनका कहना है कि वे पार्टी विधायकों के नये नेता हैं। पार्टी ने मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी को विधायक दल के नेता पद से हटा दिया है। दूसरी ओर मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी का कहना है कि उन्हें सदन में विधायकों के बहुमत का समर्थन है और वे सदन में शक्ति परीक्षण के लिए तैयार हैं।
-------
तमिलनाडु के श्रीरंगम विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए प्रचार आज शाम समाप्त हो जायेगा। मतदान शुक्रवार को होगा। यह सीट पूर्व मुख्यमंत्री जयललिता के इस्तीफा देने से खाली हुई है। उन्हें बेंगलूरू की विशेष अदालत ने सम्पत्ति से अधिक आय के मामले में दोषी ठहराया था।
-------
दिल्ली उच्च न्यायालय ने पूर्व केन्द्रीय मंत्री शशि थरूर की पत्नी सुनंदा पुष्कर की मौत की जांच सीबीआई से कराने से संबंधित दायर जनहित याचिका पर सुनवाई से इंकार कर दिया है। सुनंदा पिछले वर्ष जनवरी में दक्षिण दिल्ली के एक होटल में रहस्यमय परिस्थितियों में मृत पाई गईं थी।
एम्स की अंतिम रिपोर्ट में कहा गया था कि सुनंदा की मौत जहर की वजह से हुई। इस आधार पर दिल्ली पुलिस ने इस संबंध में हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने श्री शशि थरूर और सुनंदा के पुत्र शिव मेनन से इस संबंध में पूछताछ की है। श्री थरूर से कल फिर पूछताछ की जायेगी।
-------
भाजपा के सहयोगी दल शिवसेना ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के परिणामों पर अपने पत्र सामना में प्रधानमंत्री मोदी की आलोचना करते हुए कहा है कि यह मोदी की हार नहीं, तो किसकी हार है। पार्टी ने संपादकीय में टिप्पणी की है कि दिल्ली की जनता ने झाड़ू से भाजपा को साफ कर दिया है।
श्री उद्धव ठाकरे ने सामाजिक कार्यकर्ता अण्णा हजारे के बयान का समर्थन किया। श्री हजारे ने दिल्ली चुनाव परिणामों को मोदी की हार बताया था।
-------
महाराष्ट्र में स्वाइन फ्लू से इस वर्ष अब तक चालीस लोगों की मौत हो गई है। मुम्बई में इससे छह लोगों की मौत हुई।
हमारी संवाददाता ने बताया है कि सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग ने पूरे राज्य में अलर्ट जारी किया है।
महाराष्ट्र राज्य में एच-1एन-1 की गिरफ्त बढ़ती जा रही है। स्वाइन फ्लू की वजह से इस साल राज्य में 40 जानें जा चुकी है। राज्य स्वास्थ्य विभाग द्वारा दिए गए आंकड़ो के अनुसार स्वाइन फ्लू के कुल मिलाकर 205 मरीज है। इस बीमारी की बढ़ती तादाद के मद्देनजर मुंबई की 40 सरकारी अस्पतालों में दो वेंटीलेटर एच-1 एन-1 के मरीजों के लिए रखे गए है। इसके अलावा टेमी फ्लू का पुखता स्टॉक हासिल कर लिया है। महानगर पालिका ने स्वाइन फ्लू से जुड़ी जानकारी के लिए एक हेल्थ लाइन भी कायम की है। लुबना युसूफमूसा, आकाशवाणी समाचार,मुंबई।
-------
तेलंगाना और आंध्रप्रदेश में लोगों में जागरूकता बढ़ने तथा दिन के तापमान में बढ़ोतरी के बावजूद स्वाइन फ्लू के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। तेलंगाना में पिछले48 घंटों में करीब 80 लोगों में एच वन एन वन वायरस की पुष्टि हुई है। जनवरी से इस बीमारी के मरीजों की संख्या नौ सौ से ज्यादा हो गई है। इनमें से 42 की मृत्यु भी हो चुकी है।
आंध्रप्रदेश के अनंतपुर में स्वाइन फ्लू से कल एक महिला की मौत हो गई। दो और लोगों में वायरस की पुष्टि हुई है।
-------
बम्बई शेयर बाजार के तीसरे पहर के कारोबार में सेन्सेक्स में एक सौ पचास अंक से अधिक का उछाल आया है। शुरूआती कारोबार में यह 134 की बढ़त के साथ28 हजार 490 पर आ गया । बजट को लेकर उम्मीदों के बीच निवेशकों की लिवाली से बाजार में बढ़ोतरी का रुख है। अब से कुछ देर पहले सेन्सेक्स 178अंक की वृद्धि के साथ 28 हजार 532 पर था।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 47 अंक की वृद्धि के साथ एक बार फिर आठ हजार छह सौ के स्तर को पार कर गया। अब से कुछ देर पहले यह 60 अंक बढ़कर 8 हजार 625 पर आ गया।
अन्तरबैंक विदेशी मुद्राबाजार में आज डॉलर के मुकाबले रूपया ग्यारह पैसे कमजोर हुआ। एक डॉलर 62 रूपये 30 पैसे का बोला गया।
-------
सरकार ने देश में खेलों के विकास के लिए राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार योजना में संशोधन किया है। एक आधिकारिक विज्ञप्ति में बताया गया है कि संशोधित योजना में चार श्रेणियों में पुरस्कार दिये जायेंगे। ये श्रेणियां हैं - युवा प्रतिभाओं की पहचान और विकास, कारपोरेट सामाजिक दायित्व के जरिये खेलों को प्रोत्साहन,खिलाड़ियों को रोजगार और खेलों के लिए कल्याण योजनाएं तथा विकास के लिए खेल। खेलों के विकास और प्रोत्साहन में खेल प्रोत्साहन बोर्ड और कारपोरेट जगत की भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए यह योजना 2009 में शुरू की गई थी।
-------
न्यूजीलैंड के लिन्कन में आईसीसी क्रिकेट विश्व कप के अभ्यास मैच में जिम्बाब्वे ने श्रीलंका को सात विकेट से हरा दिया है।
क्राइस्टचर्च में एक अन्य अभ्यास मैच में न्यूजीलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को एक सौ34 रन से हरा दिया। विश्व कप शनिवार से शुरू हो रहा है। पूल ए के शुरूआती मैच में न्यूजीलैंड का मुकाबला श्रीलंका से और ऑस्ट्रेलिया का मुकाबला इंग्लैंड से होगा। पूल बी में रविवार को भारत का मुकाबला पाकिस्तान से होगा।
-------
भारत और नेपाल के बीच खुली सीमा पर सुरक्षा के मुद्दे पर विचार के लिए संयुक्त सचिव स्तर की दो दिन की वार्ता कल शुरू हुई। बैठक में सीमा पर तस्करी, जाली मुद्रा और अवैध हथियारों के मुद्दों सहित सीमा प्रबंधन पर बातचीत हो रही है।
-------
बंगलादेश के पूर्वी इलाके के नौआखली और फेनी इलाकों में कल रात पैट्रोल बम हमलों में नौ बस यात्री और दो ट्रक ड्राईवर जल गये। यह घटना बंगलादेश नेशनलिस्ट पार्टी के नेतृत्व में बीस पार्टियों के गठबंधन के सरकार विरोधी प्रदर्शनों के दौरान हुई । विपक्ष 6 जनवरी से रास्ता रोको आंदोलन चला रहा था जिसके अन्तर्गत रविवार से इस आंदोलन को 120 घंटे के लिये और बढ़ा दिया गया। सरकार का कहना है कि वो तब तक विपक्ष से बातचीत नही करेगी जब तक वो हिंसा और आगजनी बंद नही करता।
-------
यूक्रेन में आज शान्ति वार्ता शुरु होने से पहले देश के पूर्वी भाग में सेना और रुस समर्थक अलगाववादियों के बीच अधिक से अधिक जमीन पर कब्जा करने को लेकर लड़ाई तेज हो गयी है। फ्रान्स और जर्मन नेता इस शान्ति वार्ता की मध्यस्थता कर रहे हैं।
क्रामत्रोस्क (Kramatorsk) के सैन्य ठिकाने और रिहायशी इलाके में कल राकेट हमलों में चार सैनिक और कम से कम आठ नागरिक मारे गये। सरकारी अधिकारियों ने बताया कि ये राकेट विद्रोहियों के कब्जे वाले इलाके से दागे गये थे लेकिन विद्रोहियों ने इस हमले के इनकार किया है।
-------
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्य तिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित की। श्री मोदी ने ट्वीट किया कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय और मानवीय एकता से संबंधित आदर्श देशवासियों के लिए आज भी प्रासंगिक हैं।
-------
