समाचार संध्‍या :- 11/02/2015

मुख्य समाचार :-          
  • पटना उच्‍च न्‍यायालय ने नीतीश कुमार के जनता दल यूनाइटेड विधायक दल का नेता चुने जाने पर रोक लगाई। नीतीश कुमार, समर्थक विधायकों के साथ राष्‍ट्रपति से मिले। 
  • आम आदमी पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने कामकाज शुरू किया, केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात कर दिल्‍ली को पूर्ण राज्‍य का दर्जा देने का प्रस्‍ताव किया।
  • आयकर विभाग ने आम आदमी पार्टी को दो करोड़ रूपये के चंदे पर स्‍पष्‍टीकरण देने के लिए नोटिस दिया। पार्टी ने कहा-वह जांच में सहयोग करेगी।
  • सेंसेक्‍स 178 अंक बढ़कर 28 हजार 534 पर बंद।
  • राष्‍ट्रीय खेलों में-सेना ने पुरूष हॉकी का और पंजाब ने महिला हॉकी का खिताब जीता।
------------------------------
पटना उच्‍च न्‍यायालय ने श्री नीतीश कुमार के जनता दल यूनाइटेड विधायक दल का नेता चुने जाने पर रोक लगा दी है। न्‍यायालय ने बिहार विधानसभा अध्‍यक्ष उदय नारायण चौधरी की उस अधिसूचना के अमल पर भी रोक लगा दी है जिसमें श्री नीतीश कुमार को राज्‍य विधानसभा में विधायक दल के नेता के रूप में चुने जाने को मान्‍यता दी गई थी। बिहार के मुख्‍यमंत्री जीतनराम मांझी के समर्थक और विधायक राजेश्‍वर राज ने नी‍तीश कुमार के जनता दल यूनाइटेड के विधायक दल के नेता चुने जाने के खिलाफ जनहित याचिका दाखिल की थी।
------------------------------
इस बीच, जनता दल यूनाइटेड ने राष्‍ट्रपति प्रणब मुखर्जी से बिहार के राज्‍यपाल केसरीनाथ त्रिपाठी को राज्‍य के मौजूदा गतिरोध का जल्‍दी समाधान करने को कहने का आग्रह किया है। समाजवादी पार्टी अध्‍यक्ष मुलायम सिंह यादव के नेतृत्‍व में जे डी यू, आर जे डी, कांग्रेस, सी पी आई के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज शाम राष्‍ट्रपति से मुलाकात की और उन्‍हें एक सौ तीस विधायकों के समर्थन वाला एक ज्ञापन सौंपा। बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में जे डी यू नेता नीतीश कुमार ने कहा कि राष्‍ट्रपति ने स्थिति पर गौर करने का आश्‍वासन दिया है। श्री नीतीश कुमार ने कहा कि उन्‍हें बिहार में पूर्ण बहुमत प्राप्‍त है और सरकार के गठन में अनावश्‍यक देरी उचित नहीं होगी। उन्‍होंने कहा कि इस देरी के कारण राज्‍य में माहौल खराब होता जा रहा है और इससे विधायकों की खरीद-फरोख्‍त को बढ़ावा मिल रहा है। उन्‍होंने यह भी  कहा कि सदन में शक्ति परीक्षण के लिए बीस तारीख को शुरू होने वाले आगामी बजट सत्र की प्रतीक्षा करना उचित नहीं होगा। इस काम के लिए विधानसभा का एक विशेष सत्र तत्‍काल बुलाया जाना चाहिए।
हम लोगों का प्रेयर यही था कि इस मामले में बिहार में सरकार गठन के मार्ग को प्रशस्‍त करने में विलंब नहीं होना चाहिए। हम लोगों ने यह भी कहा है कि वर्तमान जो वहां कि सरकार है, उसको अवसर देना चाहते हैं। सदन में अपना बहुमत साबित करने का वो अवसर दें लेकिन यह कम से कम समय मिलना चाहिए, ताकि कोई नि‍र्णय तत्‍काल हो सके।
श्री नीतीश कुमार ने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह जे डी यू का विभाजन करना और बिहार में राष्‍ट्रपति शासन लागू कराना चाहती है।
आर जे डी अध्‍यक्ष लालू प्रसाद ने कहा कि उनके पास पूर्ण बहुमत है और वे उम्‍मीद कर रहे हैं कि राज्‍यपाल मौजूदा राजनीतिक संकट के बारे में जल्‍दी ही कोई फैसला करेंगे।
राष्‍ट्रपति जी के यहां हम लोग आए पूरे कागज के साथ, सबूत के साथ और फिजिकल। विलंब नहीं होना चाहिए, अगल बहुमत नहीं है तो नीतीश नेता नहीं होंगे।
राज्‍य में जे डी यू नेता नीतीश कुमार और मुख्‍यमत्री जीतन राम मांझी के बीच मुख्‍यमंत्री पद को लेकर टकराव है। श्री नीतीश कुमार विधायकों के बहुमत के समर्थन का दावा कर रहे हैं।
------------------------------
उधर, भारतीय जनता पार्टी ने कहा है कि बिहार में वह किसका समर्थन करेगी, इसका फैसला विधानसभा में बहुमत सिद्ध किए जाने के समय होगा। पार्टी प्रवक्‍ता शाहनवाज हुसैन  ने जनता दल यूनाइटेड के इन आरोपों का भी खंडन किया कि मौजूदा राजनीतिक संकट के पीछे भाजपा का हाथ है।
भारतीय जनता पार्टी का कोई लेना-देना नहीं है। उनके दल में जो कुछ हो रहा है। उसके लिए नीतीश कुमार जी महत्‍वकांक्षा जिम्‍मेदार है न कि बीजेपी जिम्‍मेदार है। वो अपने अलग-अलग दावे कर रहे हैं और जी‍तन राम मांझी भी अपना अलग दावा कर रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी, जब वो जीतन राम मांझी को बहुमत साबित करने को कहा जाएगा तो नि‍र्णय सदन के पटल पर ही लेगी।
------------------------------
दिल्ली के मनोनीत मुख्‍यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आज गृहमंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की और दिल्‍ली को पूर्ण राज्‍य का दर्जा देने में केन्‍द्र का सहयोग मांगा। बैठक के बाद श्री केजरीवाल के सहयोगी मनीष सिसोदिया ने कहा कि केन्‍द्र में स्थिर सरकार है और दिल्‍ली में भी बहुमत की सरकार बनने जा रही है, इसीलिए साथ मिलकर काम करने का यह बेहतर समय है।
शपथग्रहण समारोह का हमने निमंत्रण दिया था उनको, उसके साथ-साथ हमने उनसे रिकवेस्‍ट किया कि हम चाहेंगे कि दिल्‍ली सरकार पूरी तरह से  होम मिनिस्‍टरी के साथ में और होम मिनिस्‍टरी दिल्‍ली सरकार के साथ में कंस्‍ट्रक्‍टि‍व कॉपोरेशन के साथ काम करें। दोनों ही पार्टियां अगर दिल्‍ली को पूर्ण राज्‍य का दर्जा देने पर एक मत रही हैं तो अब से बढि़या मौका नहीं होगा। इस मौके का फायदा उठाते हुए दिल्‍ली को पूर्ण राज्‍य का दर्जा देने में वो सहयोग करें।
इससे पहले, श्री केजरीवाल ने आज केन्‍द्रीय शहरी विकास मंत्री वेंकैया नायडू से मुलाकात कर दिल्‍ली को पूर्ण राज्‍य का दर्जा देने और अनधिकृत कालोनियों के मुद्दे पर उनसे सहयोग मांगा।
------------------------------
श्री केजरीवाल ने आज राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी से भी मुलाकात की। यह एक शिष्टाचार भेंट थी। बैठक केदौरान श्री मुखर्जी ने संविधान की प्रति और अपनी लिखी पुस्‍तक 'थोट्स एंड रिफलेक्‍शन्‍स'  श्री केजरीवालको भेंट की।
------------------------------
आम आदमी पार्टी की प्रवक्‍ता आतिशी मारलेना ने कहा है कि दिल्‍ली में उनकी सरकार महिलाओं की सुरक्षा के लिए डी टी सी की हर बस में मार्शल उपलब्‍ध कराएगी। आकाशवाणी से बातचीत में उन्‍होंने कहा कि महिलाओं से संबंधित मामलों से निपटने के लिए दिल्‍ली में पचास फास्‍ट ट्रैक अदालतें भी खोली जाएंगी।
हम डीटीसी की हर बस में एक मार्शल बिठायेंगे जिसका काम वहां पर यही होगा कि महिलाओं के साथ कोई भी छेड़छाड़ नहीं हो, क्‍योंकि हमने दिल्‍ली में फ्री वाई-फाई का वायदा किया है उस महिला की लोकेशन वाई-फाई और जीपीएस के माध्‍यम से दिल्‍ली पुलिस तक पहुंच जाए। इसके अलावा दिल्‍ली में 50 नए फार्स्‍ट ट्रैक कोर्ट बनाएंगे और महिलाओं के साथ होने वाले किसी भी अपराध को फार्स्‍ट ट्रैक किया जाएगा।
आतिशी मारलेना के साथ हुई बातचीत को अंग्रेजी के समाचार बुलेटिन के तुरंत बाद नौ बजकर 15 मिनट से हमारे न्‍यूज ऐनेलि‍सिस कार्यक्रम में सुना जा सकता है।
------------------------------
आयकर विभाग ने पार्टी को मिले दो करोड़ रूपये से अधिक की राशि के चंदे पर आम आदमी पार्टी से स्‍पष्‍टीकरण मांगा है। आवाम संगठन ने आम आदमी पार्टी पर पिछले वर्ष संदिग्‍ध कंपनियों से दो करोड़ रूपये से अधिक की राशि चैक के जरिये चंदे के रूप में लेने का आरोप लगाया है। आयकर विभाग ने पार्टी से सोमवार तक जवाब देने को कहा है। आयकर विभाग ने कांग्रेस पार्टी को भी नोटिस जारी किया है। उससे भी दस लाख रूपये के कथित चंदे का स्रोत बताने को कहा गया है।
आयकर विभाग के नोटिस पर आम आदमी पार्टी की प्रवक्‍ता आतिशी मारलेना ने कहा कि पार्टी इस मामले पर आयकर विभाग के साथ सहयोग करेगी। उन्‍होंने कहा कि सभी पार्टियों के राजनीतिक चंदे की विशेष जांच दल से जांच होनी चाहिए।
------------------------------
उधर, आम आदमी पार्टी के संस्‍थापक सदस्‍य शांतिभूषण ने आज आरोप लगाया कि पार्टी ने दिल्‍ली विधानसभा चुनाव में टिकट देने के लिए पैसे लिए और शराब बांटी। श्री शांतिभूषण ने संवाददाताओं से कहा कि आम आदमी पार्टी के नव निर्वाचित कई विधायक स्‍वच्‍छ छवि वाले नहीं हैं और अरविंद केजरीवाल भी उनको पार्टी में शामिल करने पर पछता रहे होंगे।
------------------------------
भारतीय जनता पार्टी की नेता किरण बेदी ने दिल्‍ली विधानसभा चुनाव के दौरान अपनी पराजय के लिए जामा मस्जिद के शाही इमाम के फतवे को जिम्‍मेदार ठहराया है। उन्‍होंने इस बारे में निर्वाचन आयोग से जांच कराने की मांग करते हुए कहा है कि चुनाव से ठीक पहले क्‍या इस प्रकार के फतवे लोकतांत्रिक प्रक्रिया के लिए बुरे नहीं होते। आम आदमी पार्टी ने इस प्रस्‍ताव को अस्‍वीकार कर दिया था।
------------------------------
झारखंड विकास मोर्चा के 6 विधायक आज नई दिल्‍ली में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। इस अवसर पर झारखंड के मुख्‍यमंत्री रघुवरदास और पार्टी के प्रदेश अध्‍यक्ष रविन्‍द्र राय सहित कई वरिष्‍ठ पार्टी नेता उपस्थित थे।
झारखंड विकास मोर्चा ने इन छह बागी विधायकों में से चार को दो दिन पहले ही पार्टी से निष्‍कासित कर दिया था। इस बीच, झारखंड विकास मोर्चा प्रमुख बाबूलाल मरांडी ने इन विधायकों को पार्टी में शामिल करने के लिए भाजपा के केन्‍द्रीय नेतृत्‍व की आलोचना की है।
------------------------------
राष्‍ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने कहा है कि संवैधानिक सिद्धान्‍तों और प्रावधानों से अलग हटना देश के लोकतांत्रिक तानेबाने को कमजोर करेगा। आज नई दिल्‍ली में राज्‍यपालों के 46 वें सम्‍मेलन का उदघाटन करते हुए श्री मुखर्जी ने कहा कि शांति और साम्‍प्रदायिक सदभाव हर हाल में सुनिश्चित किया जाना चाहिए। 
अंतर्राष्‍ट्रीय संबंधों पर राष्‍ट्रपति ने कहा कि भारत सभी देशों के साथ शांतिपूर्ण संबंध बनाये रखने में विश्‍वास रखता है। उन्‍होंने कहा कि किसी भी विवाद का सदभावनापूर्ण तरीके से समाधान किया जाना चाहिए। 
दो दिन के इस सम्‍मेलन में 21 राज्‍यपाल और दो उपराज्‍यपाल हिस्‍सा ले रहे हैं।
------------------------------
विदेश मंत्री सुषमा स्‍वराज ने कहा है कि वसुधैव कुटुम्‍बकम और सर्वधर्म समभाव की सदियों पुरानी अवधारणाएं भारतीय संस्‍कृति और सभ्‍यता का अंग हैं। उनकी यह टिप्‍पणी अमरीकी राष्‍ट्रपति बराक ओबामा के उस बयान के संदर्भ में आयी है जिसमें उन्‍होंने कहा था कि धार्मिक टकराव के कारण भारत में असहिष्‍णुता की ऐसी घटनाएं हुई हैं जिनसे महात्‍मा गांधी भी आहत होते। नई दिल्‍ली में आज अंतर्राष्‍ट्रीय भारतीय अप्रवासी और सांस्‍क़ृतिक विरासत सम्‍मेलन का उदघाटन करते हुए श्रीमती स्‍वराज ने कहा कि इन विचारों और आदर्शों पर चलकर ही भारत दुनिया की सबसे पुरानी जीवित सभ्‍यता बन सका है, जिसका इतिहास पांच हजार साल पुराना है।
------------------------------
उच्‍चतम न्‍यायालय ने दिल्‍ली उच्‍च न्‍यायालय का वह फैसला बरकरार रखा है, जिसके अनुसार नियंत्रक और महालेखा परीक्षक के रूप में पूर्व रक्षा सचिव शशिकांत शर्मा की नियुक्ति रदद करने वाली याचिका खारिज कर दी गई थी। शीर्ष न्‍यायालय ने कहा कि वह संवैधानिक प्रक्रिया में दखल नहीं दे सकता।
------------------------------
आर्थिक जगत की खबरें
बॉम्‍बे स्‍टाक एक्‍सचेंज में लगातार दूसरे सत्र में आज तेजी बनी रही और कारोबार के अंत में सेंसेक्‍स 178 अंक बढ़कर 28 हजार 534 पर बंद हुआ। उधर, नेशनल स्‍टाक एक्‍सचेंज का निफ्टी 62 अंक बढ़कर आठ हजार 627 पर पहुंच गया। एक डालर की तुलना में रूपया छह पैसे कम होकर 62 रूपये 25 पैसे पर आ गया। और न्‍यूयार्क मर्केंटाइल एक्‍सचेंज में कच्‍चे तेल की कीमत 52 सेंट बढ़कर  50 डालर 54 सेंट प्रति बैरल हो गई।
------------------------------
अब, केरल में 35 वें राष्ट्रीय खेलों की खबरों के साथ हैं, शशांक कुमार।
आज ग्यारहवें दिन एथिलेटिक्स में ओडिशा की दूती चंद ने नए रिकार्ड के साथ महिलाओं की सौ मीटर फर्राटा दौड़ का खिताब जीता। पुरूष वर्ग में हरियाणा के धर्मवीर ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया। चार सौ मीटर दौड़ में सेना के अरोकीया राजीव और केरल की अनिल्डा थामस पहले स्थान पर रहीं। पुरूषों के डिस्कस थ्रो में सेना के धर्मराज यादव ने स्वर्ण पदक जीता। हॉकी में सेना ने पुरूषों का और पंजाब ने महिलाओं का खिताब अपने नाम किया। फाइनल में सेना ने एकतरफा मैच में ओडिशा को सात - दो से और पंजाब ने हरियाणा को 3-1 से हराया।
पदक तालिका में सेना पहले स्थान पर बरकरार है। हरियाणा दूसरे, महाराष्ट्र तीसरे और केरल चौथे स्थान पर है।
------------------------------
इस बीच, केरल के मुख्यमंत्री ओमन चांडी ने राष्ट्रीय खेलों के खाते की ऑडिट 45 दिनों के भीतर करने का निर्देश दिया है। खेलों के आयोजन में खामियों और भ्रष्टाचार की शिकायतों के बीच मुख्यमंत्री ने आज स्थानीय लेखा परीक्षा कोष विभाग से खेलों के खातों की जांच करने को कहा।
------------------------------
केन्‍द्र ने विभिन्‍न राज्‍यों में स्‍वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों की स्थिति की आज समीक्षा की। स्‍वास्‍थ्‍य सचिव बी पी शर्मा ने मंत्रालय और अन्‍य एजेंसियों के वरिष्‍ठ अधिकारियों की उच्‍च स्‍तरीय बैठक में स्थिति का जायजा लिया। एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है कि इस वर्ष पहली जनवरी से अब तक स्‍वाइन फ्लू के पांच हजार 157 मामले सामने आए हैं और 407 लोगों की जान गई है। सरकार इस बीमारी से निपटने के लिए अतिरिक्‍त दवाइयां और सुरक्षा मास्‍क उपलब्‍ध करा रही है।
------------------------------
राजस्थान पुलिस ने अभियुक्‍त अजीत उर्फ जीतराम चौधरी के बारे में जानकारी देने वाले व्‍यक्ति को एकलाख रुपए इनाम देने की घोषणा की है। अजीतकथित रूप से जयपुर के निकट मोजमाबाद गांव में 9फरवरी को एक 20 वर्षीय जापानी पर्यटक के साथ दुष्‍कर्म का आरोपी है।
------------------------------
पंजाब में मोहाली की अदालत ने आय से अधिक सम्‍पत्ति के 13 साल पुराने मामले में पंजाब के पूर्व कैबिनेट मंत्री और शिरोमणि अकाली दल के नेता सुच्‍चा सिंह लांगाह को तीन साल कैद की सजा सुनाई है और एक करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया है।
------------------------------
आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग, आज अपने साप्ताहिक कार्यक्रम चर्चा का विषय है के अंतर्गत''सामाजिक क्षेत्र को बजट से उम्‍मीदें'' पर परिचर्चा प्रसारित करेगा। इसे रात साढे नौ बजे से आकाशवाणी के एफ एम गोल्ड चैनल, इन्द्रप्रस्थ और अतिरिक्त मीटरों पर सुना जा सकेगा।
------------------------------