मुख्य समाचार
- जनता दल यूनाइटेड ने नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में नई सरकार बनाने का दावा पेश किया। राष्ट्रीय जनता दल, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी और कांग्रेस ने जेडीयू को समर्थन दिया। मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी आज शाम प्रधानमंत्री नरेaन्द्र मोदी से मिलेंगे।
- प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में नीति आयोग की नई दिल्ली में पहली बैठक हुई। मुख्यमंत्रियों और उपराज्यपालों के साथ महत्वपूर्ण योजनाओं और बुनियादी ढांचा परियोजनाओं पर विचार।
- भारतीय जनता पार्टी को दिल्ली विधानसभा चुनाव में जीत की उम्मीद।
- क्रिकेट वर्ल्ड कप के पहले अभ्यास मैंच में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 372 रन का लक्ष्य दिया।
.................................
बिहार में जनता दल युनाइटेड ने श्री नितीश कुमार के नेतृत्व में सरकार बनाने का दावा पेश किया है। हमारे संवाददाता ने बताया कि पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ट नारायण सिंह ने राज्यपाल को समर्थन का पत्र सौंपा।
नीतिश कुमार की अगुवाई में बिहार में सरकार बनाने की गतिविधि तेज हो गई है। राजद, कांग्रेस, सीपीआई और दो निर्दलीय उम्मीदवारों ने जेडीयू को समर्थन देने की घोषणा की है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह ने इन दलों का समर्थन पत्र आज राज्यपाल को सौंप दिया। पार्टी ने राज्यपाल को शरद यादव का वह पत्र भी सौंपा जिसमें कहा गया है कि जीतनराम मांझी को विधायक दल के नेता पद से हटा दिया गया है और उनकी जगह नीतिश कुमार नेता निर्वाचित किए गए है। इसलिए श्री मांझी के किसी अनुरोध को न माना जाए। आकाशवाणी समाचार के लिए पटना से मैं कृष्ण कुमार लाल।
इस बीच जनता दल युनाइटेड के प्रवक्ता के0 सी0 त्यागी ने कहा है कि भाजपा के बड़े नेताओं के हस्तक्षेप के कारण राज्य में राजनीतिक गतिरोध की स्थिति बनी है। संवाददाताओं से बातचीत में उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता नहीं चाहते कि श्री नितीश कुमार मुख्यमंत्री बनें। उन्होंने कहा कि श्री शरद यादव राज्यपाल को जल्द 130 विधायकों की सूची सौंपेंगे।
कल गर्वनर महोदय पटना में होंगे। श्री शरद यादव 130 विधायकों का पत्र लेकर उनसे मिलेंगे और हमें उम्मीद है कि श्री नीतिश कुमार जी को जल्दी ही मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई जाएगी।
श्री त्यागी ने यह भी आरोप लगाया कि श्री मांझी ने भाजपा के साथ हाथ मिला लिया है और विधानसभा भंग करने की उनकी मांग इसी का सबूत है।
इस बीच श्री मांझी आज शाम नई दिल्ली में प्रधानमंत्री से मुलाकात कर रहे हैं। वे राज्य की राजनीतिक स्थिति पर चर्चा करेंगे।
.................................
नीति आयोग की शासी परषिद की पहली बैठक नई दिल्ली में हुई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इसकी अध्यक्षता की। उन्होंने आम बजट 2015-16, महत्वपूर्ण योजनाओं और अर्थव्यवस्था को उच्च विकास के रास्ते पर लाने के लिए रेल तथा सड़कों जैसी बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के बारे में मुख्यमंत्रियों और उपराज्यपालों के विचार जाने। बैठक में केन्द्र तथा राज्यों और नीति आयोग तथा अन्य सम्बद्ध पक्षों के बीच दक्ष प्रक्रिया और संवाद की सुचारु प्रक्रिया स्थापित करने के लिए सुझाव दिये गये ताकि राष्ट्रीय विकास के लिए सरकार के विभिन्न स्तरों के बीच सहयोग सुनिश्चित किया जा सके। राज्यों से अनुरोध किया गया था कि वे स्वच्छ भारत अभियान और मेक इन इंडिया जैसी सरकार की नवीन पहल की सफलता के बारे में सुझाव दें। इस बैठक में वित्तमंत्री अरूण जेटली, गृहमंत्री राजनाथ सिंह, रेल मंत्री सुरेश प्रभु, सड़क परिवहन तथा राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और कृषि मंत्री राधा मोहन सिंह ने भी भाग लिया।
.................................
देश में अप्रैल-2010 से हुए कुल प्रत्यक्ष विदेशी निवेश का 49 प्रतिशत निवेश महाराष्ट्र और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में हुआ है। वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय के आंकड़ो के अनुसार, सबसे अधिक 70 अरब 41 करोड़ डॉलर का विदेशी निवेश महाराष्ट्र में हुआ है। इस अवधि के दौरान राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में 45 अरब 77 करोड़ डॉलर का प्रत्यक्ष विदेशी निवेश हुआ, जो देश में हुए कुल प्रत्यक्ष विदेशी निवेश का 19 प्रतिशत है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में उत्तरप्रदेश और हरियाणा के कुछ इलाके भी शामिल हैं। इस अवधि के दौरान देश में कुल 236 अरब 46 करोड़ डॉलर का विदेशी निवेश हुआ।
..................................
भारतीय जनता पार्टी की नेता निर्मला सीतारमण ने आशा व्यक्त की है कि दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे उनकी पार्टी के पक्ष में जायेंगे। भाजपा की मुख्यमंत्री पद की उम्मीदवार किरण बेदी के साथ बैठक के बाद उन्होंने कहा कि यह कहना जल्दबाजी होगी कि कौन सी पार्टी जीतेगी इसलिए नतीजों का इंतजार करना चाहिए।
अभी 10 तारीख का चुनाव का परिणाम के लिए हम सब इंतजार कर रहे है। हमें उम्मीद है कि हम जीतेंगे। इससे ज्यादा अभी बोलने का आवश्यकता नहीं है। हर एक्जिट पोल हो, ओपीनियन पोल हो उनका अपना स्थान है। अगर फाइनल डेट जब वोटर के रिस्पोंस मिलेगा हम उसके लिए इंतजार करेंगे।
चुनाव में हार या जीत दोनों की जिम्मेदारी अपने पर लेने के श्रीमती किरण बेदी के बयान पर श्रीमती सीतारमण ने कहा कि यह उनका व्यक्तिगत बयान है और ऐसा करने का उन्हें अधिकार है, क्योंकि वे पार्टी की मुख्यमंत्री पद की उम्मीदवार हैं।
विभिन्न एग्जिट पोल में अनुमान व्यक्त किया गया है कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी को बहुमत मिलेगा और वह सरकार बनायेगी।
.................................
पंजाब चुनाव आयोग ने राज्य के दो विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में मतदाता फोटो पहचान पत्रों को आधार कार्ड के साथ जोडने की एक पायलट परियोजना शुरू की है। इस परियोजना को चुनाव आयोग के दिशा निर्देशों पर शुरू किया गया है।
पंजाब के मुख्य चुनाव अधिकारी वी के सिंह ने बताया कि इससे मौजूदा मतदाता सूचियों से जाली मतदाता पहचान पत्र धारकों को अलग किया जा सकेगा।
.................................
महाराष्ट्र आतंकवादरोधी दस्ते-एटीएस ने मध्य प्रदेश पुलिस के साथ एक संयुक्त अभियान में मध्य प्रदेश से बम बनाने की सामग्री का जखीरा बरामद किया है और दो लोगों को गिरफ्तार किया है। मुंबई में जारी एटीएस की विज्ञप्ति में इस बात की पुष्टि की गई। गिरफ्तार व्यक्तियों के खिलाफ छिंदवाड़ा पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है।
.................................
राष्ट्रीय हरित ट्रायब्यूनल ने असम के काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान में पशुओं के घूमने की जगह के पास सड़क के किनारे दुकानों और खाने-पीने की जगहों पर प्रतिबंध लगा दिया है। यह प्रतिबंध वहां के राजमार्ग पर वाहनों के चलने की वजह से पशु-पक्षियों के हताहत होने की घटनाए बढने की वजह से लगाया गया है। ट्रायब्यूनल ने असम सरकार को 12 मार्च को होने वाली अगली सुनवाई पर 2013 और 2014 में पशुओं के मारे जाने के रिकॉर्ड पेश करने का निर्देश दिया है।
ट्रायब्यूनल का निर्देश एक याचिका की सुनवाई के दौरान आया जिसमें एक पर्यावरणविद् ने राजमार्ग को विस्त़ृत करने का विरोध किया है। याचिका में दावा किया गया है कि एन एच-37 के लगातार अनियमित इस्तेमाल की वजह से जंगली जानवर भारी संख्या में सडक दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं।
.................................
असम में गोलाघाट जिले में आज सुबह एक सड़क दुर्घटना में 12 लोगों की मृत्यु हो गई। पुलिस अधीक्षक के हवाले से हमारे संवाददाता ने बताया है कि गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को जोरहाट मेडिकल कॉलेज अस्पताल में दाखिल कराया गया है।
गाड़ी में सवार लोग लखीमपुर से डेरगांव अपने घर लौट रहे थे। इस गाड़ी ने बोकाघाट में राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क के किनारे खड़े
एक ट्रक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में घायल एक व्यक्ति के अुनसार तेज गति के कारण यह दुर्घटना घटी है। यह माना जा रहा है कि हादसे के समय जो ड्राइवर गाड़ी चला रहा था उनके पास लाइसेंस भी नहीं है। पुलिस ने कहा है कि इस मामले की जांच की जाएगी। दूसरी और गोलाघाट जिला प्रशासन हादसे में मरने वाले के परिजनों को मुआवजा देगा। मानस प्रतिम शर्मा, आकाशवाणी समाचार, गुवाहाटी।
एक अन्य सड़क दुर्घटना में कोकराझार जिले में गोसाईगांव में दो लोगों की मौत हो गई है।
...................................
आंध्र प्रदेश सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत आवश्यक वस्तुओं के कम तौल और इन वस्तुओं को खुले बाजार में बेचे जाने पर काबू पाने के लिए मई में ई-पास प्रणाली लागू करेगा। ई-पास प्रणाली से दूर-दराज के इलाकों में आवश्यक वस्तुओं को लाए-ले जाने पर नजर रखने पर मदद मिल सकेगी।
...................................
देश में दूरसंचार ग्राहकों की संख्या दिसम्बर, 2014 के अंत तक 97 करोड़ थी, जो एक रिकॉर्ड है। भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण की ताजा रिपोर्ट में कहा गया है कि देश में टेलीफोन ग्राहकों की संख्या नवम्बर, 2014 में 96 करोड़ 42 लाख थी, जो दिसम्बर, 2014 में बढ़कर 97 करोड़ 9 लाख से ज्यादा हो गई।
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि देश में 77 दशमलव पांच आठ प्रतिशत लोगों के पास दूरसंचार सेवा उपलब्ध है। मोबाइल या वायरलेस ग्राहकों की संख्या पिछले वर्ष अक्तूबर में ही 93 करोड़ 53 लाख से ज्यादा हो गई थी, जो एक रिकॉर्ड है।
ब्रॉडबैंड ग्राहक भी मोबाइल ऑपरेटरों के पास ज्यादा हैं, जिनके ग्राहकों की संख्या 6 करोड़ 90 लाख है। पिछले वर्ष नवम्बर में ब्रॉडबैंड ग्राहकों की संख्या 8 करोड़ 20 लाख थी, जो दिसम्बर में चार दशमलव दो आठ प्रतिशत बढ़कर 8 करोड़ 57 लाख हो गई।
........................................
राजस्थान में स्वाइन फ्लू से पिछले दो दिन में 7 लोगों की मौत हो गई है और 150 लोगों में इसके लक्षण पाये गये है। यह इस वर्ष स्वाइन फ्लू के पॉजिटिव मामलों की सर्वाधिक संख्या है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री राजेन्द्र राठौड़ ने बताया कि सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों, जिला अस्पतालों और प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों को पर्याप्त मात्रा में दवायें उपलब्ध कराई गई हैं।
.................................
कर्नाटक में स्वाइन फ्लू से छह लोगों की मौत हो गई है। राज्य के स्वास्थ्य निदेशक डॉक्टर एच.सी. रमेश ने बताया कि स्वाइन फ्लू से बेंगलूरू में चार और रायचूर तथा बीदर जिलों में एक-एक व्यक्ति की मृत्यु हुई है। उन्होंने यह जानकारी भी दी कि राज्य के 95 लोगों में एच-1-एन-1 वायरस पाया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने इससे निपटने के लिए टैमीफ्लू दवा की गोलियां पर्याप्त संख्या में जुटाने के उपाय किये हैं। डॉक्टर रमेश ने बताया कि जिला स्वास्थ्य अधिकारी भी स्थिति पर पैनी नजर रखे हुये हैं।
.................................
डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह ने अपनी फिल्म 'मैसेंजर ऑफ गॉड' के प्रचार के लिए विदेश जाने के लिए हरियाणा में पंचकुला की विशेष सी बी आई अदालत से अनुमति मांगी है। अदालत ने इस पर जवाब के लिए कल सी बी आई को नोटिस जारी किया। डेरा सच्चा सौदा प्रमुख ने इस महीने की 16 तारीख से 25 तारीख तक अमरीका, ब्रिटेन, न्यूजीलैण्ड ऑस्ट्रेलिया और दुबई जाने की अनुमति मांगी है। ब्रिटेन, न्यूजीलैण्ड और ऑस्ट्रेलिया ने फिल्म रिलीज के लिए प्रमाण पत्र दे दिया हैं। डेरा प्रमुख पर हरियाणा में सी बी आई की विशेष अदालत में हत्या और दुष्कर्म सहित कई मामले चल रहे हैं।
.................................
राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने आज कहा कि अंतर्राष्ट्रीय सहयोग और सक्रियता जरूरी है क्योंकि एक देश अपने मित्र तो चुन सकता है लेकिन पडोसियों को नहीं। राष्ट्रपति भवन में मिशन प्रमुखों को संबोधित करते हुए श्री मुखर्जी ने कहा कि अब वह समय नहीं रहा, जब देशों की विदेश नीति का सबसे जरूरी तत्व शक्ति संतुलन हुआ करता था। उन्होंने कहा कि विश्व को एक वैश्विक गांव में बदलने की संगठनात्मक व्यवस्था शुरू हो चुकी है। श्री मुखर्जी ने कहा कि केन्द्रीय मंत्रिमंडल के शपथग्रहण के दिन पहली बार भारत ने सार्क देशों के सभी प्रमुखों को आमंत्रित किया और इस पहल से भारत ने अपने पडोसी देशों को सही संदेश दिया है।
.................................
विदेश मंत्रालय ने कहा है कि असैन्य परमाणु क्ष्ाति देयता अधिनियम-2010 में संशोधन का कोई प्रस्ताव नही है। मंत्रालय के प्रवक्ता सैयद अकबरूद्दीन ने एक ट्वीट में कहा कि भारत-अमरीका के बीच हुए महत्वपूर्ण परमाणु समझौते संबंधी सभी प्रश्नों के जवाब सार्वजनिक रूप से उपलब्ध करा दिये है।
.................................
पाकिस्तानी ट्रक से मादक पदार्थ बरामद होने के कारण ड्राइवर को गिरफ्तार किये जाने के बाद से नियंत्रण रेखा के पास उड़ी में सलामाबाद और मुजफ्फराबाद में चिकोटी के बीच व्यापार कल स्थगित कर दिया गया। पुलिस ने बताया कि शुक्रवार को उड़ी में सलामाबाद के व्यापार सुविधा केन्द्र पर सीमा शुल्क और पुलिस ने सामान्य जांच के दौरान नारंगी से लदे एक ट्रक से मादक पदार्थों के 305 पैकेट बरामद किये। इसके बाद चालक और जिन दो स्थानीय लोगों के लिए यह सामग्री लाई जा रही थी उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
.................................
छह देशों की खाड़ी सहयोग परिषद ने यमन में हौथी विद्रोहियों द्वारा तख्तापलट की निन्दा की है। रियाद से जारी ब्यान में कहा गया है कि इनके सत्ता हथियाने की कोशिश से यमन में स्थिति गंभीर हो गई है और वहां सुरक्षा, स्थिरता, संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता को खतरा पैदा हो गया है।
.................................
उत्तरी मिस्र के सिनाई इलाके में पिछले तीन दिनों में सेना की कार्रवाई में कम से कम 151 आतंकवादी मारे गये है। सरकारी सूत्रों ने राजधानी काहिरा ने बताया कि इनमें से 47 की पहचान खतरनाक तकफीरी नेताओं के रूप में की गई है।
.................................
आई सी सी क्रिकेट वर्ल्ड कप प्रतियोगिता के पहले अभ्यास मैच में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 372 रन का लक्ष्य दिया है। इसके जवाब में भारत ने ताजा समाचार मिलने तक 16 ओवर में 2 विकेट पर 97 रन बना लिए हैं।
इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया।
वर्तमान चैम्पियन भारत वर्ल्ड कप में अपना पहला मैच पाकिस्तान के साथ 15 फरवरी को ऐडिलेड ओवल में खेलेगा।
.................................
