मुख्य समाचार:
- नीतीश कुमार सत्तारूढ जेडीयू विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद बिहार में नई सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे, उधर मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी ने पद से हटने से इंकार किया।
- दिल्ली विधानसभा चुनाव में कल रिकॉर्ड 67 प्रतिशत से अधिक मतदान। भाजपा नेतृत्व ने चुनाव के बाद एक्जिट पोल के नतीजों में आम आदमी पार्टी को स्पष्ट बहुमत मिलने के अनुमान का जायजा लिया।
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज नीति आयोग की शासी परिषद की पहली बैठक की अध्यक्षता करेंगे।
- रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा कि उनका देश किसी अन्य देश के साथ युद्ध नहीं चाहता।
- आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप प्रतियोगिता के पहले अभ्यास मैच में आज एडिलेड में भारत का मुकाबला मेजबान आस्ट्रेलिया से। ईशांत शर्मा घुटने की चोट के कारण नहीं खेल पायेंगे।
-----
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जनता दल युनाइटेड विधायक दल के नेता चुने जाने के बाद अब राज्य में नई सरकार के गठन का दावा करेंगे। हमारे संवाददाता ने बताया है कि वर्तमान मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी ने पद छोड़ने से इन्कार कर दिया है।
नीतिश कुमार ने दावा किया है कि उन्हे एक सौ तीस विधायकों का समर्थन प्राप्त है इसलिए वह सरकार बनाने का दावा ठोकेंगे। उन्होंने कहा है कि जरूरत पड़ी तो वह राज्यपाल के सामने विधायकों का परेड कराने को भी तैयार हैं। दूसरी ओर मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने कहा है कि वह सदन में बहुमत साबित कर देंगे। श्री मांझी ने बताया कि शरद यादव द्वारा बुलाई गई बैठक अवैध है और इस बैठक में लिया गया निर्णय वैधानिक नहीं हो सकता। इस बीच कृषि मंत्री ने कहा है कि सरकार चलाने के लिए भाजपा का भी सहयोग लिया जाएगा। आकाशवाणी समाचार के लिए, पटना से, मैं कृष्ण कुमार लाल।
इस बीच, श्री जीतनराम मांझी आज नीति आयोग की बैठक में शामिल होने के लिए कल नई दिल्ली पहुंचे। उन्होंने कहा कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बैठक में शामिल होंगे जिसमें प्रधानमंत्री मुख्यमंत्रियों और उपराज्यपालों की राय लेंगे। श्री मांझी ने प्रधानमंत्री से आज मिलने का समय मांगा है और वे जवाब की प्रतीक्षा कर रहे हैं।
इधर, नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने निवास स्थान पर कल शाम भाजपा के शीर्ष नेताओं के साथ बिहार की स्थिति का जायजा लिया। बैठक के बाद सुशील मोदी ने कहा कि भाजपा स्थिति पर पैनी नजर रखे हुए है।
-----
केन्द्रीय मंत्री रामविलास पासवान ने बिहार में जेडीयू विधायक दल की बैठक को असंवैधानिक बताया है। श्री पासवान ने कहा कि मौजूदा स्थिति में ये बेहतर विकल्प हैं कि राष्ट्रपति शासन लगाया जाए या विधानसभा के शीघ्र चुनाव कराए जाएं।
-----
दिल्ली विधानसभा चुनाव में कल रिकॉर्ड 67 प्रतिशत से अधिक वोट पड़े। मतदान कुल मिलाकर शांतिपूर्ण रहा। दिल्ली के मुख्य चुनाव अधिकारी चन्द्र भूषण कुमार ने बताया कि यह चुनाव मतदान के लिहाज से अप्रत्याशित रहा, क्योंकि इसमें करीब 11 लाख नए मतदाताओं ने वोट डाले।
मुख्य चुनाव अधिकारी ने बताया कि उत्तर पूर्व जिले में सबसे अधिक उनहत्तर दशमलव आठ-सात प्रतिशत जबकि नई दिल्ली सीट पर सबसे कम 64 दशमलव शून्य-छह प्रतिशत वोट पड़े।
70 सदस्यों वाली विधानसभा के लिए कुल 673 उम्मीदवार चुनाव मैदान हैं। वोटों की गिनती मंगलवार को होगी।
इस बीच सभी एक्जिट पोल ने इस चुनाव में आम आदमी पार्टी को बहुमत मिलने का अनुमान व्यक्त किया है। एक एक्जिट पोल के नतीजों के अनुसार आम आदमी पार्टी को 53 सीटें मिलेंगी। विभिन्न एक्जिट पोल के नतीजों के अनुसार भारतीय जनता पार्टी दूसरे स्थान पर रहेगी और कांग्रेस तीसरे स्थान पर जायेगी। सभी सर्वेक्षण के अनुसार कांग्रेस को पांच से कम सीटें मिलने के आसार हैं।
भाजपा नेतृत्व ने चुनाव के बाद एक्जिट पोल के नतीजों में आम आदमी पार्टी को स्पष्ट बहुमत मिलने के अनुमान का जायजा लिया है।
------
नीति आयोग की शासी परिषद की पहली बैठक आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में होगी। प्रधानमंत्री राज्यों के मुख्यमंत्रियों और केंद्र शासित प्रदेशों के उपराज्यपाल से विचार-विमर्श करेंगे। एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है कि केंद्र और राज्यों के बीच संपर्क की सुचारू प्रक्रिया स्थापित करने के लिए इस बैठक में सुझाव मिलने की उम्मीद है। ब्यौरा हमारे संवाददाता से-
पैंसठ साल पुराने योजना आयोग को नीति आयोग में बदलने के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज आयोग की पहली बैठक में अर्थव्यवस्था में तेजी लाने के लिए आगामी बजट और प्रमुख योजनाओं पर सदस्यों से विचार-विमर्श करेंगे। बैठक में रेल और राजमार्गों की योजनाओं सहित बुनियादी ढांचे की तमाम परियोजनाओं पर चर्चा की जा सकती है। राज्यों के बीच सहकारिता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा भी बैठक में चर्चा का प्रमुख विषय रहेगा। स्वच्छता अभियान, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओं, स्मार्ट सिटी और मेक-इन-इंडिया जैसी योजनाओं पर भी राज्यों के सुझाव मांगे गए हैं। इससे पहले शुक्रवार को प्रधानमंत्री और वित्तमंत्री अरुण जेटली ने अर्थशास्त्रियों के साथ बैठक कर अर्थव्यवस्था को फिर से पटरी पर लाने के लिए चर्चा की थी। दिल्ली से संजीव की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मैं शशांक कुमार।
-------
महाराष्ट्र आतंकवादरोधी दस्ते-एटीएस ने मध्य प्रदेश पुलिस के साथ एक संयुक्त अभियान में मध्य प्रदेश से बम बनाने की सामग्री का जखीरा बरामद किया है और दो लोगों को गिरफ्तार किया है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि खुफिया जानकारी पर यह कार्रवाई की गई है।
कुछ ही दिनों पहले महाराष्ट्र ए. टी. एस. के नागपुर यूनिट को यह खबर मिली थी कि मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के पास एक घर में बम बनाने का काफी सामान छिपाकर रखा गया है जो किसी प्रकार की आतंकवाद संबंधि कार्यवाही में इस्तेमाल हो सकता है। यह जानकारी मिलते ही मध्य प्रदेश पुलिस की मदद से एक संयुक्त मिशन के तहत महाराष्ट्र ए टी एस ने कल दो लोगों को गिरफ्तार किया और एक हजार सात सौ अड़सठ डिटोनेटर, छह सौ बारह जेलाटिन स्टिक, आठ सौ चालीस फिट डिटोनेटिंग कॉर्ड तथा एक एक्सप्लोडर आदि सामान जब्त किया। निवेदिता के साथ देवोप्रिया भट्टाचार्या, आकाशवाणी समाचार, मुम्बई।
-------
असम के ग्वालपाड़ा जिले में पुलिस ने असम गण परिषद के तीन नेताओं को उग्रवादियों से संबंध होने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इन नेताओं के प्रतिबंधित संगठन उल्फा के साथ संबंध होने की जांच चल रही है।
-------
रूस के राष्ट्रपति व्लादीमीर पुतिन ने कहा है कि रूस किसी पर भी युद्ध नहीं थोपना चाहता और वह सबके साथ सहयोग करेगा। फ्रांसीसी राष्ट्रपति फ्रांस्वां ओलांद और जर्मनी की चांसलर एंगेला मर्केल के साथ शुक्रवार को यूक्रेन संकट पर चर्चा के बाद पुतिन ने पहली बार बयान दिया है। श्री पुतिन ने कहा कि रूस के विकास को रोकने के लिए कई तरह से प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक ऐसा नेता दुनिया की मौजूदा व्यवस्था को बिगाड़ने की कोशिश कर रहा है जो समझता है कि उसे सबकुछ करने की इजाजत है लेकिन अन्य को नहीं। श्री पुतिन ने कहा कि ऐसी वैश्विक व्यवस्था रूस को कभी रास नहीं आएगी।
------
बगदाद में 12 वर्ष से जारी कर्फ्यू हटाए जाने पर वहां के लोग खुशियां मना रहे हैं। सोशल मीडिया पर लोगों को नाचते हुए दिखाया गया है। स्थानीय समय के अनुसार कल आधी रात से कर्फ्यू के तहत लगे प्रतिबंध समाप्त हो गए। प्रधानमंत्री ने कहा है कि उन्होंने बगदाद में जन-जीवन सामान्य करने के लिए कर्फ्यू हटाने का फैसला लिया है।
------
तुर्की से गैरकानूनी तरीके से यूरोपीय संघ पहुंचने की कोशिश में तुर्की में नाव डूबने से कम से कम सात लोग डूब गए हैं। छह लोगों को बचाया गया और दो अब भी लापता हैं। तुर्की के म्यूग्ला प्रांत के गवर्नर आमिर सीसेक ने कल सरकारी अनातोलिया समाचार एजेंसी को बताया कि दुर्घटनाग्रस्त नाव में 15 लोग सवार थे। उन्होंने कहा कि नाव का इंजन फेल हो जाने के कारण यह दुर्घटना घटी।
------
नाईजीरिया में बोको हराम की आतंकी घटनाओं को देखते हुए देश के 14वें राष्ट्रपति का चुनाव 6 सप्ताह के लिए स्थगित कर दिया गया है। देश के निर्वाचन आयोग की अध्यक्ष अत्ताहीरू जेगा ने बताया कि जब कर्मियों, मतदाताओं, चुनाव पर्यवेक्षकों और चुनाव सामग्री की सुरक्षा की गारंटी नहीं दी जा सकती तो ऐसे में स्वतंत्र, निष्पक्ष और विश्वसनीय चुनाव की संभावनाओं को बड़ा धक्का लग सकता है।
-------
उत्तर प्रदेश में लखनऊ में स्वाइन फ्लू के पांच और मामलों का पता लगने से कुल मामलों की संख्या छत्तीस हो गई है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एसएनएस यादव ने इस बात की पुष्टि की। 45 वर्ष आयु के तीन पुरुषों और 31 तथा 25 वर्ष आयु की दो महिलाओं में एच1एन1 वायरस की पुष्टि हुई है और इनका इलाज घर में ही चल रहा है।
-------
गुजरात में स्वाइन फ्लू से कल पांच और लोगों की मौत के साथ इस वर्ष एच-1एन-1 वायरस से मरने वालों की कुल संख्या 71 हो गई है। राज्य के चिकित्सा विभाग के अनुसार दो की मौत कच्छ में तथा अमरेली, अहमदाबाद और सूरत में एक-एक की मौत हुई है।
-------
आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप प्रतियोगिता के पहले अभ्यास मैच में आज मेजबान आस्ट्रेलिया का मुकाबला भारत से होगा। इस मैच का कोई आधिकारिक स्तर नहीं है, इसलिए भारत आज के मैच और मंगलवार को अफगानिस्तान के साथ होने वाले अभ्यास मैच में अपने सभी बल्लेबाजों और गेंदबाजों की काबलियत की जांच कर सकेगा। गेंदबाज ईशांत शर्मा घुटने की चोट के कारण नहीं खेल पाएंगे।
-------
आंध्र प्रदेश सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत आवश्यक वस्तुओं के कम तौल और इन वस्तुओं को खुले बाजार में बेचे जाने पर काबू पाने के लिए मई में ई-पास प्रणाली लागू करेगा। हमारे संवाददाता ने बताया है कि ई-पास प्रणाली से दूर-दराज के इलाकों में आवश्यक वस्तुओं को लाने-ले जाने पर नजर रखने में मदद मिल सकेगी।
पूरे राज्य में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत उपभोक्ताओं के कम तौल की बड़ी शिकायत के बीच ई-पास निगरानी शुरु की जाएगी। उपभोक्ताओं को स्वीकृत अनाज की मात्रा बायोमेट्रिक प्रणाली में दर्ज होगी। उपभोक्ता एक ही बार या कई हिस्सों में अनाज ले सकते हैं। अनाज लेने के बाद उन्हें एक पर्ची भी मिलेगी। विजयवाड़ा से हेनरी की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मैं सतपाल।
-------
समाचार पत्रों से:
- दिल्ली विधानसभा चुनाव के मतदान बाद सर्वेक्षण अखबारों की पहली खबर है। राष्ट्रीय सहारा की सुर्खी है- आप की आंधी, दिल्ली की नब्ज टटोल रहा पूरा देश। जनसत्ता की टिप्पणी है- मतदान के बाद अब अटकलों का दौर। जब्त की गई 53 हजार लीटर शराब। दिल्ली में अभूतपूर्व मतदान पर दैनिक भास्कर के शब्द हैं- दिलदार दिल्ली, 67 प्रतिशत वोटिंग।
- बिहार में जनता दल युनाइटेड में मुख्यमंत्री मांझी की बगावत पर हरिभूमि का शीर्षक है - बागी मांझी की डूबी नैया। नीतीश बने विधायक दल के नेता।
- दैनिक भास्कर लिखता है- केन्द्र सरकार नक्सलियों के खिलाफ अपनायेगी कड़ा रूख, सोमवार को बुलाई नक्सल प्रभावित राज्यों के मुख्यमंत्रियों की बैठक। निशाने पर नक्सलियों की अघोषित राजधानी।
- हिमाचल प्रदेश के लाहौल में पर्यावरण बचाने की महिलाओं की अनोखी मुहिम परअमर उजाला लिखता है- पेड़ पर कुल्हाड़ी चलाई तो हुक्का पानी बंद। पांच हजार जुर्माने का भी है प्रावधान।
- अमर उजाला की सुर्खी है- एक लाख खरीदो तो छापेंगे शहीदों पर डाक टिकट। भारत के सपूतों की शहादत के शताब्दी वर्ष में केन्द्र का फरमान।
-----------
