मुख्य समाचार:-
- पूर्व केन्द्रीय मंत्री और कांग्रेस नेता जयन्ती नटराजन ने पार्टी छोड़ी; राहुल गांधी पर हस्तक्षेप के आरोप ; कांग्रेस ने कहा- जयंती नटराजन के आरोप झूठे।
- जयन्ती नटराजन के आरोपों के बाद वित्त मंत्री अरूण जेटली ने यूपीए शासन के दौरान पर्यावरण संबंधी परियोजनाओं की समीक्षा की मांग की।
- प्रधानमंत्री ने सूचना प्रौद्योगिकी विशेषज्ञों से मोबाइल गवर्नेंस के लिए तकनीक में सुधार को कहा।
- सीबीआई की शारदा चिटफंड घोटाला मामले में कथित रूप से शामिल तृणमूल कांग्रेस नेता मुकुल राय से पूछताछ।
- सेन्सेक्स में तीसरे पहर के कारोबार में तीन सौ पचास से अधिक अंक की गिरावट।
- कृतज्ञ राष्ट्र की राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 67वीं पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि।
- पर्थ में एक दिवसीय क्रिकेट मैच में भारत ने इंग्लैंड के सामने 201 रन का लक्ष्य रखा।
- लिएंडर पेस और मार्टिना हिंगिस की जोड़ी ऑस्ट्रेलियाई ओपन टेनिस के मिक्सड डबल्स के फाइनल में।
-----------------------
वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व केन्द्रीय मंत्री जयंती नटराजन ने आज पार्टी से त्यागपत्र दे दिया है। चेन्नई में एक संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने अपने इस्तीफे की घोषणा की। उन्होंने कहा कि वे पार्टी के न्यासी पद से भी त्यागपत्र दे रही हैं।
मैं कांग्रेस के सदस्य के रूप में अपने इस्तीफे की घोषणा करती हूँ। तमिलनाडु कांग्रेस समिति के ट्रस्टी के रूप में भी अपना इस्तीफा देती हॅू। क्योंकि अब पार्टी में ये पदभार संभालना नैतिक रूप से उचित नहीं है।
पार्टी में अपने अनुभव को दुखद और अपमानजनक बताते हुए उन्होंने कहा कि जब उन्हें पद से इस्तीफा देने के लिए कहा तो उनके सम्मान को ठेस पहुंची। उन्होंने इस बात का स्वागत किया।
श्रीमती जयंती नटराजन ने कहा कि उन्होंने एक जिम्मेदार मंत्री के रूप में काम किया है और उनका परिवार स्वतंत्रता पूर्व से कांग्रेस पार्टी से सम्बद्ध रहा है। उन्होंने कहा कि उन्हें कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी या उपाध्यक्ष राहुल गांधी के सामने स्पष्टीकरण का एक भी मौका नहीं दिया गया।
श्रीमती जयंती नटराजन ने कहा कि अजय माकन ने उनकी मर्जी के खिलाफ उन्हें श्री नरेन्द्र मोदी के जासूसी मामले को मीडिया में उछालने के लिए फुसलाया गया था, और वे पार्टी की प्रवक्ता नहीं थीं।
मैंने ये पार्टी से कहा था कि हमें श्री मोदी पर नीतियों को लेकर आरोप लगाने चाहिए। लेकिन मेरी इच्छाओं के विरूद्ध और पार्टी हाईकमान के आदेशों के अनुसार मुझे श्री मोदी को स्नूपगेट मामले में घेरने के लिए लगाया गया।
एक मंत्री के रूप में उन्होंने जिन फाइलों पर काम किया था उनकी सीबीआई जांच का स्वागत करते हुए उन्होंने कहा कि यह उनके लिए उन मुद्दों पर अपनी स्थिति स्पष्ट करने का एक मौका होगा। श्रीमती नटराजन ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी अन्य दल में शामिल होना नहीं है बल्कि सिर्फ यह स्पष्ट करना है कि पार्टी में उनके साथ क्या किया गया।
-----------------------
कांग्रेस ने श्रीमती जयंती नटराजन द्वारा पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर लगाये गये आरोपों को झूठा करार दिया है। आरोपों को आधारहीन बताते हुए पार्टी प्रवक्ता पी.सी.चाको ने कहा कि अगर वे व्यक्तिगत कारणों से पार्टी से इस्तीफा देना चाहती थी, तो वो इसके लिए स्वतंत्र थी।
यूपीए सरकार के कार्यकाल के दौरान विपक्ष ने भी कभी ऐसा आरोप नहीं लगाया था कि पार्टी उपाध्यक्ष या अध्यक्ष कार्यालय द्वारा सरकार के कामकाज में हस्तक्षेप किया गया। ये आधारहीन आरोप है। यदि कोई निजी कारणों से पार्टी से इस्तीफा देना चाहता है, तो वो ऐसा करने के लिए स्वतंत्र है, लेकिन इस तरह के आरोप लगाना अनुचित है।
भाजपा नेता और केन्द्रीय मंत्री अरूण जेटली ने नई दिल्ली में कहा कि सुश्री नटराजन के रहस्योदघाटन से यह स्पष्ट है कि कांग्रेस परपीड़क अर्थव्यवस्था चला रही थी।
देश का जो विकास रूका, पिछले दिनों में, प्रोजेक्ट्स का विलम्ब होना उसमें प्रमुख माना जाता है। ये देश की अर्थव्यवस्था के साथ खिलवाड़ थी। यूपीए द्वारा संचालित देश में, शासन में, जिसको सेडिस्टिक्स इकनोमिक्स कहा जा सकता है, की तकलीफ देकर लोगों को उसमें आनंद लेना। शासक दल इस प्रकार से देश की अर्थव्यवस्था का संचालन कर रहा था।
श्री जेटली ने यूपीए शासन के दौरान मंजूर और नामंजूर की गई पर्यावरण संबंधी परियोजनाओं की समीक्षा की भी मांग की है।
आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता योगेन्द्र यादव ने कहा कि कांग्रेस के इस दावे की असलियत सामने आ गई है कि सरकारी मामलों में अध्यक्ष सोनिया गांधी और उनके पुत्र राहुल गांधी का कोई हाथ नही होता था।
ये जो दावे किये जाते हैं कि गांधी परिवार की कोई दखल नहीं थी, उसकी हकीकत का पता लगता है। ये जो दावे किये जा रहे हैं कि राहुल गांधी, सोनिया गांधी की तरफ से पर्यावरण के बहुत अच्छे काम हो रहे थे, उसकी हकीकत देश के सामने आती है, समय दीजिए और हकीकत सामने आएगी।
कांग्रेस अध्यक्ष्ा सोनिया गांधी को लिखे पत्र में जयंती नटराजन ने आरोप लगाया था कि पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने उनके कार्यकाल के दौरान पर्यावरण मंत्रालय की परियोजनाओं को मंजूरी देने में हस्तक्षेप किया।
-----------------------
ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारी वेबसाइट डब्ल्यू डब्ल्यू डब्ल्यू डॉट न्यूजऑन ए आई आर डॉट एनआई सी डॉट आई एन पर रजिस्टर कर सकते हैं। हिन्दी भाषा में समाचारों के लिए अपने मोबाइल पर लिखें - एआई आर स्पेस एच और इसे भेज दें - 7 7 3 8 2 9 9 8 9 9 पर। ये सेवा नि:शुल्क है।
-----------------------
केन्द्र सरकार देश में सशक्त रूप से डिजिटल समाज और ज्ञान अर्थव्यवस्था बनाने के लिए डिजिटल भारत के सपने को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है। ई-प्रशासन पर 18वें राष्ट्रीय सम्मेलन को ट्वीटर से दिए अपने संदेश में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि केन्द्र सरकार नागरिकों के हित और उनके जीवन में परिवर्तन लाने के लिए डिजिटल ढ़ांचा बनाने पर सक्रिय रूप से काम कर रही है। उन्होंने ई-प्रशासन को डिजिटल भारत का आवश्यक अंग बताते हुए कहा कि बेहतर प्रशासन के लिए और अधिक तकनीक लाने की जरूरत है। प्रधानमंत्री ने सूचना प्रौद्योगिकी विशेषज्ञों से मोबाइल गवर्नेंस के लिए तकनीक में सुधार को कहा है। प्रधानमंत्री ने सम्मेलन में शामिल लोगों से मोबाइल के जरिए जितनी संभव हो उतनी सेवाएं उपलब्ध कराने के तरीके सुझाने की अपील की।
-----------------------
केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो-सीबीआई ने कोलकाता में शारदा चिटफंड घोटाला मामले में तृणमूल कांग्रेस के महासचिव और पूर्व रेल मंत्री मुकुल राय से पूछताछ शुरू कर दी है। श्री राय आज सुबह सॉल्ट लेक स्थित सीबीआई कार्यालय पहुंचे। एजेंसी ने उन्हें 12 जनवरी को समन भेजा था। सीबीआई सूत्रों के अनुसार श्री राय का बयान दर्ज किया जायेगा और घोटाले में शामिल अन्य आरोपियों के बयानों से इसकी पुष्टि की जाएगी। हालांकि श्री राय ने कहा है कि वे किसी भी अनैतिक काम में शामिल नहीं थे। उन्होंने सभी आरोपों का खंडन किया है।
-----------------------
दिल्ली में सात फरवरी को होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए प्रचार जोर पकड़ रहा है। भारतीय जनता पार्टी, आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शहर के विभिन्न इलाकों में प्रचार कर रहे हैं। हमारे संवाददाता ने बताया है कि
रोड़ शो, नुक्कड़ सभाओं और सामुदायिक बैठकों में ये नेता अपनी पार्टी के कार्यों और दृष्टिकोण का जिक्र कर रहे हैं।
भाजपा के वरिष्ठ नेता अमित शाह, सुषमा स्वराज, स्मृति ईरानी, नवजोत सिंह सिद्धू और मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आज दोपहर बाद शहर के विभिन्न भागों में जनसभाओं को संबोधित करेंगे। आम आदमी पार्टी के अरविन्द केजरीवाल, कुमार विश्वास, मनीष सिसोदिया और गुल पनाग के अलावा कांग्रेस के अजय माकन, अरविन्दर सिंह लवली और हारून युसुफ जैसे नेता भी राजधानी के विधानसभा क्षेत्रों में रोड शो और चुनावी कार्यक्रमों में भाग ले रहे हैं। इस बीच, पूर्व पर्यावरण मंत्री जयंती नटराजन द्वारा कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर यूपीए के कार्यकाल में उनके काम में हस्तक्षेप के आरोप ने भाजपा और आम आदमी पार्टी को कांग्रेस के केन्द्रीय नेतृत्व पर प्रचार के दौरान हमला करने का एक नया मुद्दा दे दिया है। संत बहादुर के साथ नई दिल्ली से आकाशवाणी समाचार के लिए मैं दिवाकर।
-----------------------
सस्ती एयरलाइन्स स्पाइस जेट ने मारन परिवार को प्रतिभूतियां और गैर परिवर्तनीय प्राथमिकता वाले शेयर जारी कर डेढ़ हजार करोड़ रुपये जुटाने की योजना बनाई है। मारन कंपनी के निदेशक मंडल से बाहर निकलेंगे। कल हुई स्पाइट जेट की बोर्ड की बैठक में प्रमोटर ग्रुप मारन परिवार की सम्पूर्ण 58 दशमलव चार-छह प्रतिशत हिस्सेदारी अजय सिंह को बेचने का प्रस्ताव मंजूर किया गया। संकटग्रस्त एयरलाइन को प्रमोटर अजय सिंह से इस महीने की शुरूआत में निवेश का आश्वासन प्राप्त हुआ है।बोर्ड ने मारन, कावेरी कलानिधि और एस.नटराजन के इस्तीफे को भी तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया है।
-----------------------
हरियाणा के हिसार में कल एक निजी अस्पताल में स्वाइन फ्लू से एक महिला की मौत हो गई। इसके साथ ही अब तक राज्य में स्वाइन फ्लू से आठ लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 47 मामले सामने आए हैं।
स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव रामनिवास ने चंडीगढ़ में बताया कि अब तक स्वाइन फ्लू से फरीदाबाद, हिसार और जींद में दो-दो और रोहतक तथा सोनीपत में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है। उन्होंने कहा कि ज्यादातर मामले निजी अस्पतालों से आए हैं। श्री रामनिवास ने बताया कि निजी अस्पतालों को निर्देश दिया गया है कि वे स्वाइन फ्लू और एच-1 एन-1 वायरस से प्रभावित मामलों के संबंध में स्वास्थ्य अधिकारियों को सूचित करें।
हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने बताया कि उपचार के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं और ज्यादातर मामलों में उपचार में देरी की वजह से मृत्यु हुई।
पंजाब में भी अब तक स्वाइन फ्लू के छह मामलों की पुष्टि हुई है। अमृतसर में इससे दो लोगों की मृत्यु हो गई है।
-----------------------
बम्बई शेयर बाजार के तीसरे पहर के कारोबार में सेन्सेक्स में पांच सौ से अधिक अंक की गिरावट आयी। शुरूआती कारोबार में यह 162 अंक से अधिक की बढ़त के साथ 29 हजार 844 की नई ऊ्ंचाई पर खुला लेकिन बाद में इसमें गिरावट आने लगी।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 153 अंक घटकर 8 हजार 796 पर था।
-----------------------
कृतज्ञ राष्ट्र आज 67वें शहीदी दिवस पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है। आज ही के दिन 1948 में महात्मा गांधी की हत्या कर दी गई थी।
राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने आज नई दिल्ली में महात्मा गांधी की समाधि राजघाट पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, रक्षामंत्री मनोहर पर्रिकर और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने भी राष्ट्रपिता को पुष्पांजलि अर्पित की। राजघाट में एक सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया और राष्ट्रपिता के प्रिय भजन बजाए गए।
प्रधानमंत्री ने कहा कि प्रत्येक शहीद का साहस और बहादुरी लोगों को हमेशा प्रोत्साहित करती रहेगी। गांधी स्मृति में एक कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा जिसमें प्रधानमंत्री सहित अन्य गणमान्य लोग हिस्सा लेंगे।
-----------------------
तीन देशों की एक दिवसीय क्रिकेट मैच श्रृंखला में आज पर्थ में इंग्लैंड ने जीत के लिए 201 रन के लक्ष्य रखा है। ताजा समाचार मिलने तक इंग्लैंड ने 18 ओवर में 3 विकेट पर 54 रन बना लिए हैं।
इससे पहले भारतीय पारी 48 दशमलव एक ओवर में केवल 200 रन के स्कोर पर ही सिमट गई। अजिंक्या रहाणे ने 73 रन बनाए जबकि शिखर धवन ने 38 रन का योगदान दिया।
-----------------------
लिएंडर पेस और मार्टिना हिंगिस की जोड़ी ऑस्ट्रेलियाई ओपन टेनिस के मिक्सड डबल्स फाइनल में पहुंच गई हैं। मेलबर्न में आज सेमीफाइनल में दोनों ने पाब्लो क्यूवास और शू वेई शी को 7-5, 6-4 से हराया।
आज ही एक अन्य सेमीफाइनल में सानिया मिर्जा और ब्रूनो सोआरेस का मुकाबला क्रिस्टीना मलादेवोविक और डेनियल नेस्टर की जोड़ी से होगा।
-----------------------
पूर्वी अफगानिस्तान में कल एक शव के अंतिम संस्कार के समय आत्मघाती बम हमले में 16 लोग मारे गये और 39 घायल हो गये। ये घटना पूर्वी लाघमन प्रांत की राजधानी में हुई।
-----------------------
दुबई में परिसम्पत्तियों में निवेश में एक बार फिर से भारतीय शीर्ष पर हैं। दुबई के भूमि विभाग की हाल की रिपोर्ट से पता चलता है कि वर्ष 2014 में भारतीयों ने चार अरब 93 करोड डालर का निवेश किया। इसके बाद ब्रिटेन के निवेशकों ने दो अरब 54 करोड़ डालर और पाकिस्तानियों ने दो अरब छह करोड़ डालर का निवेश किया। दुबई में वर्ष 2014 में कुल 29 अरब 68 करोड़ डालर का निवेश किया गया।
