मुख्य समाचार :-
- उत्तर प्रदेश के दो विधायक लाभ के पद पर रहने के कारण विधानसभा की सदस्यता के अयोग्य घोषित।
- सरकार को कोल इंडिया की दस प्रति शत हिस्सेदारी की बिक्री से 22 हजार करोड रूपये से अधिक मिलने की उम्मीद। प्रति शेयर का आधार मूल्य 358 रूपये तय।
- पूर्व विदेश सचिव सुजाता सिंह ने कहा- उन्होंने समय से पूर्व सेवानिवृत्ति की इच्छा प्रकट की थी।
- जम्मू कश्मीर में मंगलवार को मुठभेड में शहीद कर्नल एम एन राय को अश्रुपूर्ण विदाई।
- भारत, अगले साल होने वाले टी-टवेन्टी क्रिकेट विश्व कप की मेजबानी करेगा।
- एंडी मरे आस्ट्रेलियाई ओपन टेनिस के फाइनल में।
------------
उत्तर प्रदेश में राज्यपाल राम नाइक ने आज लोकायुक्त की सिफारिश पर दो विधायकों, भाजपा के बजरंग बहादुर सिंह और बहुजन समाज पार्टी के उमा शंकर सिंह को विधानसभा की सदस्यता अयोग्य घोषित कर दिया है। यह आदेश तत्काल प्रभावी हो गया है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि दोनों पर विधायक के रूप में वेतन लेने के साथ-साथ लाभ के पद पर भी रहने का आरोप था।
दोनों ही विधायकों पर अनुचित लाभ लेने के आरोप को सही पाए जाने पर राज्य के लोकायुक्त जस्टिस एन.के. मेहरोत्रा ने उन्हें योग्य घोषित करने की राज्यपाल से सिफारिश की थी। राज्यपाल ने इसका संज्ञान लेते हुए कि विधायक उमा शंकर सिंह, और विधायक बजरंग बहादुर सिंह दोनों ने ही विधायक चुन लिए जाने के बावजूद सरकारी कामों के लिए कांटेक्टर का काम किया था। निर्वाचन आयोग से मामले में रिपोर्ट मांगी थी और रिपोर्ट मिलने के बाद विधिक सलाह भी ली थी। आखिरकार राज्यपाल इस नतीजे पर पहुंचे की दोनों ही विधायकों ने अपने अमयार्दित कृत्यों से लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 की धारा का अस्पष्ट उल्लंघन किया है और इसलिए दोनेां ही विधानसभा की सदस्य बने रहने के योग्य नहीं रह गये हैं। मिराजुद्दीन आकाशवाणी समाचार, लखनऊ।
उमा शंकर सिंह बलिया जिले में रसड़ा और बजरंग बहादुर सिंह महाराजगंज जिले में फरेण्डा से निर्वाचित हुए थे।
------------
पूर्व विदेश सचिव सुजाता सिंह ने आज दावा किया कि उन्होंने समय से पहले सेवानिवृत्ति की मांग की थी। अपने कार्यकाल से सात महीने पहले कल देर रात विदेश सचिव पद से हटाई गई सुजाता सिंह ने अपने साथियों को भेजे ईमेल में यह बात कही है। उन्होंने कहा है कि व्यक्ति विशेष संस्थाओं की स्थापना करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं लेकिन कोई भी व्यक्ति संस्थाओं से बडा नहीं है।
------------
इससे पहले श्री सुब्रमण्यम जयशंकर ने आज विदेश सचिव का कार्यभार संभाल लिया है। उनकी नियुक्ति का फैसला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में मंत्रिमंडलीय नियुक्ति समिति ने लिया।
पदभार संभालने के बाद श्री जयशंकर ने अपने नए पद को बेहद जिम्मेदारी भरा बताया। उनका कार्यकाल दो वर्ष का होगा। वे 1977 बैच के भारतीय विदेश सेवा के अधिकारी हैं। विदेश सचिव नियुक्त किये जाने से पहले वे अमरीका में भारत के राजदूत थे। श्री जयशंकर भारत-अमरीका परमाणु समझौते के लिए वार्ता करने वाले भारतीय दल के मुख्य सदस्य थे।
------------
सरकार ने कोल इंडिया लिमिटेड- सी आई एल में अपने दस प्रतिशत शयरों की न्यूनतम कीमत प्रति शेयर तीन सौ 58 रूपए तय किया है। ब्रिकी कल शुरू होगी। शेयरों की ब्रिकी से खजाने को लगभग 22 हजार छह सौ करोड़ रूपए मिलने की आशा है। सरकार सार्वजनिक पेशकश के लिए 31 करोड़ 58 लाख शेयर यानि लगभग पांच प्रतिशत बेच रही है। इसके अलावा सरकार ने ब्रिकी या नीलामी के जरिए और पांच प्रतिशत शेयर बेचने का विकल्प खुला रखा है। सी आई एल ने बीस प्रतिशत शेयर खुदरा निवेशकों के लिए सुरक्षित रखा है और उन्हें कीमत में पांच प्रतिशत की छूट भी मिलेगी।
हमारे संवाददाता ने खबर दी है कि सी आई एल के शेयरों की ब्रिकी अब तक के शेयरों की सबसे बड़ी ब्रिकी होगी।
------------
कर्नल मुनीन्द्र नाथ राय का आज दिल्ली छावनी में पूर्ण राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। जम्मू कश्मीर के पुलवामा जिले के त्राल इलाके में हिजबुल मुजाहिद्दीन के आतंकवादियों के साथ मंगलवार को मुठभेड़ में कर्नल राय शहीद हो गये थे। सेना प्रमुख जनरल दलबीर सिंह सुहाग ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उनकी पत्नी और बच्चों से मुलाकात की। उन्होंने कर्नल राय को साहसी अधिकारी बताते हुए कहा कि उन्होंने अनुकरणीय नेतृत्व का प्रदर्शन किया। कर्नल राय को पिछले वर्ष मुठभेड़ में एक आतंकवादी को मौत के घाट उतारने के लिए गणतंत्र दिवस पर युद्धसेवा पदक से सम्मानित किया गया था।
------------
कांग्रेस अध्यक्ष ने कर्नल राय की शहादत पर शोक व्यक्त किया है। शहीद की पत्नी को लिखे पत्र में श्रीमती सोनिया गांधी ने कहा कि श्री राय देशभक्त थे जिन्होंने निर्भय और समर्पण के जरिए सैनिकों को देश के लिए कुर्बान होने के लिए प्रेरित किया।
------------
दिल्ली विधानसभा चुनाव प्रचार के लिये केवल एक सप्ताह रह गया है और राजनीतिक दल मतदाताओं को लुभाने की कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। तीनों प्रमुख पार्टियों, भारतीय जनता पार्टी, आम आदमी पार्टी और कांग्रेस ने चुनावी रैलियों के लिए दिग्गज नेताओं को मैदान में उतार दिया है। सभी पार्टियां पानी, बिजली, अनधिकृत कालोनियों और झुग्गीझोपडि़यों में बुनियादी सुविधाओं की आपूर्ति, भ्रष्टाचार मुक्त और पारदर्शी शासन देने जैसे बड़े मुददे उठा रही हैं।
इस बीच भारतीय जनता पार्टी ने घोषणा पत्र जारी करने की बजाय दृष्टिपत्र जारी करने का निर्णय लिया है। हमारे संवाददाता ने खबर दी है कि पार्टी ने केन्द्रीय मंत्रियों और वरिष्ठ नेताओं को चुनाव अभियान में लगाया है।
केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूढी ने आरोप लगाया कि आप नेता अरविन्द केजरीवाल चुनाव प्रचार में झूड का सहारा ले रहे हैं। केजरीवाल से पांच सवाल करते हुए श्री रूढी ने पूछा कि अपने वायदे के अनुसार आप नेता ने तत्कालीन मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के खिलाफ कॉमनवेल्थ घोटाले सहित अन्य मामलों में उनकी कथित मिली भगत पर एफआईआर दर्ज क्यों नहीं कराया।
वहीं आप नेता योगेन्द्र यादव ने कहा है कि भाजपा के सवाल पार्टी के अंदर घबराहट की स्थिति को दिखाता है। श्री यादव ने कहा है कि इन सवालों में कुछ नया नहीं है।
योगेन्द्र यादव पांच नहीं आप 50 साल सवाल पूछिए आ जाइए न मंच पे किरण बेदी जी हो अरविन्द केजरीवाल हो जितने सवाल पूछने हैं उतने पूछे जितने जवाब चाहिए उतने हो सारे देश की जनता देख लें। वहीं दूसरी ओर कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने आज एक रैली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर चुनावी वायदे नहीं पूरे करने का आरोप लगाया। श्री गांधी ने कहा कि भाजपा ने विदेश से काला धन वापस लाने का वायदा किया था लेकिन अब तक एक भी पैसा वापस नहीं आया।
15 लाख रूपये हरके व्यक्ति के मैं बैंक एकाउंट में डालूंगा। काला धन करोड़ों रूपये हिन्दुस्तान के बाहर पड़े हुए हैं। उसको मैं उठाकर यहां वापिस लाऊंगा। 15 लाख रूपये आपको मिले।
श्री गांधी के आरोप पर भाजपा प्रवक्ता नलीन कोहली ने कहा कि कांग्रेस उपाध्यक्ष भ्रमित हैं और उनकी पार्टी के नेता भी विभिन्न मुद्दों पर उनके विचारों को समझ नहीं पा रहे हैं। नई दिल्ली से संत बहादुर के साथ मैं दिवाकर।
------------
दिल्ली में अब तक विभिन्न राजनीतिक दलों के खिलाफ चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन के 142 मामले दर्ज किए गए हैं। सबसे अधिक 60 मामले आम आदमी पार्टी के खिलाफ दर्ज हुए हैं, जबकि भाजपा के खिलाफ 31, कांग्रेस के खिलाफ 27, बसपा के खिलाफ 12 और आरजेडी तथा अकाली दल के खिलाफ एक-एक मामले दर्ज हुए हैं। इसके अलावा सार्वजनिक संपत्तियों से अब तक 17 सौ से ज्यादा होडिंग्स भी हटाये गये हैं और इसके लिए 132 प्राथमिकी भी दर्ज की गई है।
------------
उत्तर प्रदेश में उन्नाव पुलिस लाईन क्षेत्र से आज 50 से अधिक कंकाल बरामद किए गए हैं। सूत्रों के अनुसार कंकाल के अवशेष सर्वेन्ट क्वार्टरों के सामने एक कमरे में एक बोरे में रखा हुआ था। आज शाम लखनऊ में कानून और व्यवस्था के पुलिस महानिरीक्षक ए सतीश गणेश ने बताया कि उन्नाव की पुलिस लाईन के एक कमरे से कई कंकाल मिले हैं और इस बारे में जिले के पुलिस अधीक्षक से रिपोर्ट मांगी गई है।
------------
केन्द्रीय कौशल विकास और उद्यमिता राज्यमंत्री राजीव प्रताप रूडी ने कहा है कि केन्द्र सरकार के 24 मंत्रालय कौशल विकास के काम में लगे हुए हैं। उन्होंने बताया कि इसके सरकार लगभग 70 योजनाओं पर सात हजार करोड़ रूपए खर्च कर रही है। आकाशवाणी के साथ एक विशेष भेट में श्री रूडी ने कहा कि वे इस बात पर जोर देगें कि परम्परागत कौशल का प्रशिक्षण्ा प्रारंभ से ही दिया जाए।
यह साक्षात्कार आकाशवाणी के कंट्रीवाइड कार्यक्रम में आज रात साढे नौ बजे से एफ एम गोल्ड चैनल और अतिरिक्त मीटरों पर सुना जा सकता है।
------------
गणतंत्र दिवस समारोह का समापन कार्यक्रम बीटिंग रिट्रीट आज राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के विजय चौक में संपन्न हो गया। राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने राष्ट्रीय ध्वज की सलामी ली।
समारोह में उप राष्ट्रपति मोहम्मद हामिद अंसारी, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, प्रधान न्यायाधीश एच एल दत्तु, कई केन्द्रीय मंत्री और पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। और ब्यौरा हमारे संवाददाता से:-
इस वर्ष आयोजित बीटिंग द रिट्रीट समारोह के दौरान विभिन्न बैंडों द्वारा प्रस्तुत भारतीय धुन आकर्षण के मुख्य केंद्र रहें। वीर भारत, छना बिलौरी, जय जन्म भूमि और अतुल्य भारत जैसे कुछ ऐसे धुन थे जो पहली बार इस समारोह में बजाये गये।
इस समारोह को देखने के लिए विजय चौक पर सैकड़ों की संख्या में लोग मौजूद थे और वे तीनों सेनाओं के बैंड द्वारा प्रदर्शित धुन से मंत्रमुग्ध हो उठे। बीटिंग द रिट्रीट सदियों पुरानी उस सैन्य परंपरा का अंग है जब सूर्यास्त के समय सैनिक अपने-अपने शस्त्रों का त्यागकर युद्ध स्थल से अपने शिविर की ओर लौट जाते थे। समारोह के समापन के बाद राष्ट्रपति भवन सहित पूरा रायसीना हिल्स प्रकाश से जगमगा उठा जिसकी छटा अदभूत रोमांचित करने वाली थी। दिल्ली से आकाशवाणी समाचार के लिए आनंद कुमार।
------------
बाम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स आज एक सौ 23 अंक बढ़कर 29 हजार 682 पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 38 अंक बढ़ा और अब तक के उच्चतम स्तर आठ हजार 952 पर रहा।
------------
अगला ट्वेंटी-20 क्रिकेट विश्व कप अगले वर्ष भारत में आयोजित होगा। इसका फैसला आज दुबई में हुई आई.सी.सी. की बैठक में लिया गया। ट्वेंटी-20 क्रिकेट विश्व कप 2016 में 11 मार्च से तीन अप्रैल तक खेला जाएगा। बोर्ड ने 2019 तक अपने टूर्नामेंटों की तारीखों को भी मंजूरी दे दी ।
------------
पर्थ में त्रिकोणीय एकदिवसीय क्रिकेट श्रृंखला में कल भारत का मुकाबला इंगलैंड से होगा। फाइनल में पहुंचने के लिए भारत को ये मुकाबला जीतना ही होगा। मैच भारतीय समयानुसार सुबह आठ बजकर पचास मिनट से शुरू होगा। मैच का आंखों देखा हाल आकाशवाणी के इंद्रप्रस्थ और एफ.एम. गोल्ड चैनल पर प्रसारित होगा।
------------
ब्रिटेन के एंडी मरे आस्ट्रेलियाई ओपन टेनिस के पुरुष सिंगल्स के फाइनल में पहुंच गए हैं। हमारे संवाददाता ने बताया है कि महिला सिंगल्स का फाइनल अमरीका की सेरेना विलियम्स और रूस की मारिया शारापोवा के बीच खेला जायेगा।
विम्बलडन चैम्पियन और छठी वरीयता प्राप्त ब्रिटेन के एंडी मरे ने चेक गणराज्य के टॉमस बर्डिच को 6-7, 6-0, 6-3, 7-5 से हराया। मरे चौथी बार ऑस्ट्रेलियन ओपन के फाइनल मे पहुंचे है। मरे ने सातवीं वरीयता प्राप्त बर्डिच से पहला सेट हारने के बाद शानदार वापसी करते हुए चेक खिलाड़ी का पहली बार फाइनल मे पहुंचने का सपना भी तोड़ दिया।
उधर, मारिया शारापोवा ने सेमीफाइनल में अपने ही देश की एकातेरिना माकारोवा को 6-3, 6-2 से शिकस्त दी जबकि, सेरेना ने मेडिसन कीस को 7-6, 6-2 से पराजित किया । सेरेना और शारापोवा के बीच हुए 18 में से सेरेना ने 16 मुकाबले जीते हैं । शारापोवा 2004 के बाद सेरेना को कभी भी हरा नहीं पाई हैं । मुकेश कुमार, आकाशवाणी समाचार दिल्ली।
------------
गोरखा नेशनल लिबरेशन फ्रंट के प्रमुख सुभाष घीसिंग का आज नई दिल्ली के एक अस्पताल में लम्बी बीमारी के बाद निधन हो गया। वे 79 वर्ष के थे। वे 1988 से 2008 तक दार्जिलिंग गोरखा पर्बतीय परिषद के अध्यक्ष रहे थे।
------------
प्रख्यात गायक, संगीतकार और गीतकार शेखर सेन को संगीत नाटक अकादमी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उनका कार्यकाल पांच वर्ष का होगा।
------------
