मुख्य समाचार
- नवनियुक्त विदेश सचिव सुब्रहमण्यम जयशंकर ने कार्यभार संभाला। उन्होंने सुश्री सुजाता सिंह का स्थान लिया।
- जम्मू-कश्मीर में मंगलवार को मुठभेड़ में शहीद हुए युद्ध सेवा पदक से सम्मानित कर्नल एम एन राय को भावभीनी श्रद्धांजलि।
- खेल मंत्रालय ने अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक पाने वाले खिलाडियों की पुरस्कार राशि बढ़ाई। विशेष पुरस्कारों की संशोधित योजना।
- क्यूबा ने अमरीका से ग्वान्तानामो को वापस करने की मांग की।
- ऑस्ट्रेलियाई ओपन के फाइनल में सेरेना विलियम्स का मुकाबला मारिया शारापोवा से।
-----------
विदेश सचिव के पद पर नवनियुक्त श्री सुब्रहमण्यम जयशंकर ने आज कार्यभार संभाल लिया है। उन्होंने सुजाता सिंह का स्थान लिया है, जिन्हें सरकार ने कल देर रात इस पद से हटा दिया था। श्री जयशंकर की नियुक्ति का फैसला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने लिया।
पदभार संभालने के बाद श्री जयशंकर ने अपने नये पद को बेहद जिम्मेदारी भरा बताया।
मुझे जो यह जिम्मेदारी दी गई है, मैं उससे बहुत ही गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं और मैं आगे भी आप सभी की सेवा करता रहूंगा।
साउथ ब्लॉक कार्यालय में उनके पदभार ग्रहण करने के समय सुश्री सुजाता सिंह वहां उपस्थित नहीं थीं। 1977 बैच के भारतीय विदेश सेवा के अधिकारी श्री जयशंकर का कार्यकाल दो वर्ष का होगा। इस नियुक्ति से पहले वे अमरीका में भारत के राजदूत थे। श्री जयशंकर भारत-अमरीका परमाणु समझौते के लिए वार्ता करने वाले भारतीय दल के मुख्य सदस्य थे।
श्री जयशंकर ने सितम्बर में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अमरीका यात्रा और अमरीका के राष्ट्रपति बराक ओबामा की हाल की भारत यात्रा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वे चीन, सिंगापुर और चेक गणराज्य में भी राजदूत रहे।
सुश्री सुजाता सिंह तीसरी महिला विदेश सचिव थीं। उनकी नियुक्ति अगस्त 2013 में की गई थी और उनकी सेवा के अभी लगभग सात माह बाकी थे।
-----------
विदेश सचिव सुजाता सिंह को अचानक पद से हटाने पर कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने आकाशवाणी से कहा है कि सरकार को इसका कारण और उद्देश्य बताना चाहिए।
सुजाता सिंह जी की यकायक उनके टेनियोर के बीच सरकार से हटा देना, सरकार की मंशा और उनके कार्य पर प्रश्न चिन्ह खड़ा करता है। अच्छा होगा कि विदेश मंत्री और देश के प्रधानमंत्री पूरी यथास्थिति को देशवासियों को रखे।
दूसरी तरफ, आकाशवाणी से बातचीत में भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता नलिन कोहली ने कहा कि यह सरकार पर है कि वह किसी नौकरशाह को कौन सी जिम्मेदारी देती है।
मुझे समझ नहीं आ रहा कि कांग्रेस पार्टी क्यों यह विषय उठा रही है। ये तो सरकार का अधिकार है कि किसी भी अफसर को जो भी दायित्व देना चाहे वो देंगे या किसी नये व्यक्ति को दायित्व देना चाहते हैं, और ये लगातार कई दशकों से चलता आया है। ये तो नॉर्मल सरकारी प्रक्रिया है। लेकिन कांग्रेस पार्टी हर चीज का राजनीतिकरण करना पसंद कर रही है।
-----------
युद्ध सेवा पदक से सम्मानित कर्नल मुनीन्द्र नाथ राय को आज भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। जम्मू कश्मीर के पुलवामा जिले के त्राल इलाके में हिजबुल मुजाहिद्दीन के आतंकवादियों के साथ मंगलवार को मुठभेड़ में कर्नल राय शहीद हो गये थे। दिल्ली छावनी में पुष्प चक्र अर्पित करने के बाद पूर्ण राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया।
सेना प्रमुख जनरल दलबीर सिंह सुहाग ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उनकी पत्नी और बच्चों से मुलाकात की। उन्होंने कर्नल राय को साहसी अधिकारी बताते हुए कहा कि उन्होंने अनुकरणीय नेतृत्व का प्रदर्शन किया।
कर्नल राय को पिछले वर्ष मुठभेड़ में एक आतंकवादी को मौत के घाट उतारने के लिए गणतंत्र दिवस पर युद्धसेवा पदक से सम्मानित किया गया था। भारतीय सेना ने कमांडिंग ऑफिसर को कल श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वे बहादुर सैनिक थे, जिन्होंने सीमा की रक्षा करते हुए प्राण न्यौछावर कर दिये।
-----------
सुरक्षा बलों ने जम्मू-कश्मीर में किश्तवाड़ और साम्बा जिलों में बड़ी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक बरामद किए हैं। रक्षा सूत्रों ने बताया कि सेना और पुलिस ने कल किश्तवाड़ के सरथाल इलाके में संयुक्त रूप से कार्रवाई की थी और प्रतिबंधित आतंकी गुट हिजबुल मुजाहिद्दीन के एक ठिकाने को नष्ट कर दिया था। उनके ठिकाने से ए०के 56 राइफल, अंडर बैरल ग्रेनेड लांचर और हथगोले मिले हैं। साम्बा जिले में मिले हथियार 1971 के युद्ध से पहले के हैं।
-----------
खेल मंत्रालय ने अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक पाने वाले खिलाडि़यों और उनके प्रशिक्षकों की पुरस्कार राशि बढ़ा दी है। एक आधिकारिक विज्ञप्ति में बताया गया है कि मंत्रालय ने विशेष पुरस्कार योजना में संशोधन किया है। ग्रीष्म और शीतकालीन ओलम्पिक खेलों के स्वर्ण पदक विजेताओं को अब पचास लाख की जगह पिचहत्तर लाख रूपये दिये जाएंगे। रजत पदक विजेताओं को पचास लाख और कांस्य पदक विजेताओं को तीस लाख रूपये का पुरस्कार दिया जाएगा। एशियाई खेलों और राष्ट्रमण्डल खेलों के स्वर्ण पदक विजेताओं की पुरस्कार राशि बीस लाख से बढ़ाकर तीस लाख रूपये कर दी गई है। रजत पदक विजेताओं को बीस लाख रूपये और कांस्य पदक विजेताओं को दस लाख रूपये दिेये जाएंगे।
विश्व प्रतियोगिताओं, एशियाई प्रतियोगिताओं और राष्ट्रमण्डल प्रतियोगिताओं के लिए तीन अलग अलग श्रेणियां बनाई गई हैं। प्रतियोगिता चार वर्ष में एक बार होगी, दो वर्ष में एक बार होगी या हर वर्ष होगी। इस आधार पर इन श्रेणियों में पुरस्कार राशि दी जाएगी।
-----------
आस्ट्रेलियाई ओपन टेनिस के महिलाओं के सिंगल्स का फाइनल विश्व की पहले नम्बर की खिलाड़ी सेरेना विलियम्स और दूसरे नम्बर की खिलाड़ी मारिया शारापोवा के बीच खेला जायेगा। दूसरे सेमीफाइनल में सेरेना ने अपने ही देश की Madison Keys को 7-6, 6-2 से हराया। पहले सेमीफाइनल में आज सुबह मारिया शारापोवा ने रुस की Ekaterina Makarova को 6-3, 6-2 से हराया था।
-----------
निर्वाचन आयोग ने राजनीतिक दलों की जनसभाओं और रैलियों के साथ साथ अब उनके संवाददाता सम्मेलनों की भी निगरानी शुरू कर दी है। आयोग के प्रतिनिधि संवाददाता सम्मेलनों में मौजूद रहेंगे ताकि आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन का पता चल सके।
-----------
इस बीच, चुनाव का प्रचार जोरों पर है। 70 सदस्यों की दिल्ली विधानसभा के लिए सात फरवरी को वोट डाले जाएंगे और मतगणना दस फरवरी को होगी।
-----------
14वें वित्त आयोग की सिफारिशों के आधार पर वित्त वर्ष 2015-16 में ओडि़शा को अधिक केन्द्रीय सहायता मिलने की आशा है। राज्य सरकार को केन्द्रीय करों, केन्द्रीय सहायता और केन्द्र द्वारा समर्थित योजनाओं के लिए अतिरिक्त छह हजार करोड़ रूपये दिए जाएंगे। 14वें वित्त आयोग ने चालू वित्त वर्ष के 42 प्रतिशत के मुकाबले राज्यों को 50 प्रतिशत केन्द्रीय राजस्व देने की सिफारिश की है। ओडि़शा को वार्षिक बजट की 48 प्रतिशत धनराशि केन्द्र से प्राप्त होती है।
-----------
वित्त राज्यमंत्री जयन्त सिन्हा ने आज कहा कि भारत को सरल और पारदर्शी कर ढांचे की जरूरत है, जिससे विदेशी और भारतीय निवेशकों में आत्मविश्वास लाने में मदद मिलेगी। वोडाफोन कर मामले में मंत्रिमण्डल के निर्णय के संबंध में उन्होंने कहा कि मंत्रिमण्डल के मामलों का सामान्यीकरण नहीं करना चाहिए, क्योंकि हर मामले में अलग तरीके से निर्णय लिया जाता है।
राजकोषीय घाटे के लक्ष्य के मुद्दे पर श्री सिन्हा ने कहा कि सरकार विवेकपूर्ण वित्तीय नीतियां अपना रही है और आशा व्यक्त की कि मौजूदा वित्त वर्ष में सकल घरेलू उत्पाद के चार दशमलव एक प्रतिशत के लक्ष्य को पूरा कर लिया जाएगा।
वित्त मंत्री ने पहले ही स्पष्ट कह दिया है कि हम विवेवपूर्ण वित्तीय नीति पर चल रहे हैं और हमें पूरा विश्वास है कि हम इस वर्ष का अपना लक्ष्य पूरा कर लेंगे। तो मुझे नहीं लगता कि इस मुद्दे को लेकर हमारे सामने कोई चुनौती है।
-----------
श्री सिन्हा ने यह भी कहा कि आगामी वर्षो में पेंशन की जिम्मेदारी को पूरा करने में राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। वे आज नई दिल्ली में केन्द्र सरकार में एनपीएस के कार्यान्वयन पर आयोजित एक समारोह में बोल रहे थे।
-----------
केन्द्रीय शहरी विकास और संसदीय कार्य मंत्री एम वेंकैया नायडु ने कहा कि एक दो दिन में राज्य और केन्द्र सरकार के विभागों से बातचीत के बाद स्मार्ट सिटीज पर परियोजनाओं को कार्यान्वित किया जाएगा। चेन्नई में स्मार्ट सिटीज पर आयोजित सम्मेलन में उन्होंने कहा कि शहरों के चयन में स्थानीय और शहरी निकायों से भी परामर्श किया जाएगा।
-----------
क्यूबा ने अमरीका से मांग की है कि उसके साथ संबंध सामान्य बनाने से पहले वो ग्वान्तानामो वे सैन्य अड्डे को क्यूबा को वापिस करे। राष्ट्रपति राउल कास्त्रो ने एक भाषण में अमरीका द्वारा लगाये गये व्यापारिक प्रतिबंधों और क्यूबा का नाम आतंकवादी सूची से हटाने की भी मांग की।
पिछले महीने ही दोनों देशों ने संबंध सामान्य बनाने और राजनयिक संबंध कायम करने की घोषणा की थी जो कि 1961 में टूट गये थे।
-----------
श्रीलंका सरकार ने कहा है कि अल्पसंख्यकों की सुरक्षा और उनके भविष्य की चिंता राजनीतिक इच्छाशक्ति से जुड़ी है। कोलम्बो में श्रीलंका के मंत्रिमंडल के प्रवक्ता राजीथा सेनारत्ने ने तमिल बहुल इलाकों में रह रहे लोगों में विश्वास बहाली के लिए नई सरकार के कदमों की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि तमिल लोगों से पूर्ववर्ती सरकार द्वारा वाणिज्यिक कारणों से ली गई जमीन को शीघ्र ही उनके मालिकों को वापस कर दिया जायेगा।
-----------
श्रीलंका की मुख्य न्यायाधीश शीरानी भंडारनायके ने आज स्वैच्छा से सेवानिवृति ले ली। सुश्री भंडारनायके पर महिन्दा राजपक्से सरकार ने दो साल पहले विवादास्पद महाभियोग लगाया था। जिसके बाद कल ही उनकी सेवाएं बहाल की गई थीं। राष्ट्रपति मैत्रीपाला ने कहा कि उनका महाभियोग स्वयं अवैध हो जाता है क्योंकि संसद समय पर उचित कार्यवाही करने में असमर्थ रही।
-----------
पाकिस्तान के बलूचिस्तान के पिशिन जिले में गैस के रिसाव से दम घुटने से ग्यारह लोगों की मौत हो गयी है। अधिकारियों ने बताया कि सभी मृतक एक ही परिवार की महिलायें और बच्चे हैं जिन्होने सोने से पहले गैस जेनेरेटर ऑन कर दिया था। शवों को पोस्टमार्टम के लिये पिशिन के सिविल अस्पताल भेज दिया गया है।
-----------
जापान सरकार इस्लामिक स्टेट द्वारा सीरिया में बंधक बनाये गये जापानी बंधक के आडियो मैसेज के बारे में पुष्टि कर रही है। इसमें इस धमकी को दोहराया गया है कि यदि इराकी आत्मघाती हमलावर को रिहा नही किया गया तो जोर्डन के पायलट को मौत के घाट उतार दिया जायेगा। यह पायलट भी इस्लामिक स्टेट के कब्जे में है।
जापानी प्रधानमंत्री शिन्जो आबे के प्रवक्ता ने कहा कि यूटयूब पर पोस्ट की गयी इस रिकार्डिंग का विश्लेषण किया जा रहा है।
-----------
एक अमरीकी विश्लेषक ने कहा है कि हाल की सेटेलाईट तस्वीरों से पता चलता है कि उत्तर कोरिया जल्दी ही अपना परमाणु संयंत्र फिर से शुरु करने जा रहा है। विशेषज्ञ ने कहा कि पांच मेगावाट का योंगब्योन स्थित यह संयंत्र जब पूरी तरह से काम करने लगेगा तो वह एक साल में 6 किलोग्राम प्लूटोनियम का उत्पादन कर सकेगा जो एक परमाणु बम बनाने के लिये काफी है।
-----------
अमरीका में लॉस अलामोस (Los Alamos) नेशनल लेबोरेटरी के एक पूर्व वैज्ञानिक पेड्रो लियोनोर्डो को पांच साल की सजा सुनाई गयी है। उन्हें परमाणु बम बनाने की जानकारी वेनेजुएला को देने की कोशिश करने का दोषी पाया गया है। यह जानकारी उन्होने एफ बी आई के एक अंडरकवर एजेन्ट को 2013 में दी थी, जिसे वो वेनेजुएला का एक अधिकारी समझ रहा था।
-----------
गिनी में फैले इबोला वायरस पर नजर रख रहे वैज्ञानिकों ने कहा है कि पिछले साल मार्च में पहला मामला सामने आने के बाद से इसके वायरस ने अपना रुप बदल लिया है। पेरिस स्थित इंस्टीच्यूट पेस्टर (Pester) के वैज्ञानिकों ने इस वायरस से निपटने के प्रयास में खून के सैंकड़ो नमूनों का विश्लेषण किया है लेकिन अब वो इस बात का पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं कि क्या यह वायरस अब और संक्रामक हो गया है और किस तरह से इस बीमारी का निदान किया जाये।
-----------
विश्व बैंक की स्केलिंग द हाइट्स: सोशल इंक्लूजन एंड सस्टेनेबल डेवलेपमेंट नाम की हिमाचल प्रदेश पर आधारित रिपोर्ट आज शिमला में राज्य के सामाजिक न्याय और आधिकारिता मंत्री धनीराम शांडिल ने जारी की। हमारे संवाददाता ने बताया है कि हिमाचल प्रदेश के बारे में विश्व बैंक ने इस प्रकार की रिपोर्ट पहली बार तैयार की है।
रिपोर्ट के अनुसार हिमाचल श्रेष्ठ मानव विकास परिणामों में देशभर में अग्रणी राज्य बनकर उभरा है। गरीबी हटाने, शिक्षा, महिला रोजगार और स्वास्थ्य के क्षेत्र में कारगुजारी अन्य राज्यों की तुलना में काफी अच्छी है। राज्य ने विभिन्न केंद्रीय कार्यक्रमों को लागू करने में प्रगति की है और बुनियादी विकास पर विशेष बल दिया है। राज्य में प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए एक योजना बनाई गई है जिसे केंद्र सरकार ने भी सराहा है। शिशु शर्मा शांतल, आकाशवाणी समाचार, शिमला।
-----------
बम्बई शेयर बाजार में आज गिरावट का रूख है। तीसरे पहर के कारोबार में सेन्सेक्स 90 अंक की गिरावट के साथ 29 हजार 469 पर आ गया। शुरूआती कारोबार में यह 152 अंक से अधिक की गिरावट के साथ 29 हजार 406 पर खुला।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के निफ्टी में भी 53 अंक की गिरावट दर्ज हुई और यह आठ हजार आठ सौ 61 पर खुला। अब से कुछ देर पहले यह 32 अंक की गिरावट के साथ 8 हजार 881 पर था। सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम कोल इंडिया लिमिटेड की हिस्सेदारी बेचने से
पहले आज उसके शेयरों में दो दशमलव आठ प्रतशित की गिरावट आयी।
अन्तरबैंक विदेशी मुद्राबाजार में आज डॉलर के मुकाबले रूपया सात पैसे कमजोर हुआ। एक डॉलर 61 रूपये 48 पैसे का बोला गया।
-----------
17वां भारत रंग महोत्सव पहली से 18 फरवरी तक नई दिल्ली में होगा। इसमें अमरीका, ब्रिटेन,जर्मनी, चीन, फ्रांस, पोलैंड, स्विट्जरलैंड, नार्वे, इजरायल, श्रीलंका, नेपाल, बांग्लादेश हिस्सा ले रहे हैं। महोत्सव के दौरान लगभग एक सौ पचास नाटकों का मंचन किया जायेगा।
-----------
वैज्ञानिकों ने बर्फ के पहाड़ टूटने से होने वाली ध्वनि से यह पता लगाने की एक नयी पद्धति विकसित की है जिसके अनुसार यह पता लगाया जा सकेगा कि विश्व के तापमान में हो रही बढ़ोतरी से कितनी बर्फ का नुकसान हो रहा है। पौलेंड और ब्रिटेन के वैज्ञानिकों ने पाया है कि ग्लेशियर से हिमखंड के टूटकर समुद्र में गिरने से अलग-अलग ध्वनि निकलती है। वैज्ञानिकों के अनुसार ध्वनि के ये संकेत, बर्फ के छोटे टुकड़ो के निर्माण के बारे में जानकारी दे सकते हैं।
-----------
