मुख्य समाचार
- राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने बर्द्धमान बम विस्फोट मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया। इनमें आतंकियों की भर्ती करने वाला भी शामिल।
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एनसीसी कैडेटों से स्वच्छ भारत अभियान के जरिए स्वच्छता का संदेश फैलाने को कहा।
- सेना ने वीरता पुरस्कार से सम्मानित जम्मू कश्मीर में मुठभेड़ में शहीद हुए कर्नल मुनीद्रनाथ राय को श्रद्धांजलि अर्पित की। उत्तरप्रदेश सरकार ने उनके परिवार के लिए तीस लाख रूपये की अनु्ग्रह राशि की घोषणा की।
- दोपहर बाद के कारोबार में सेंसेक्स में उतार चढ़ाव।
- और टेनिस में, ऑस्ट्रेलियन ओपन में सानिया मिर्जा अपनी जोड़ीदार के साथ मिक्स्ड डबल्स के सेमीफाइनल में पहुंची।
...........
राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने पिछले वर्ष अक्तूबर में पश्चिम बंगाल में बर्धमान में हुए बम विस्फोट मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसी के पुलिस अधीक्षक बिक्रम सिंह खरते ने आकाशवाणी को बताया कि इन्हें मुर्शिदाबाद, बीरभूमि और नाडिया जिलों से कल रात गिरफ्तार किया गया। इन्हें आज अदालत में पेश किया जा रहा है।
जांच एजेंसी ने इस सिलसिले में इस महीने के शुरू में प्रतिबंधित जमात उल मुजाहिद्दीन बांग्लादेश के रीज़ॉल करीम को भी गिरफ्तार किया था। समझा जाता है कि उसने विभिन्न स्थानों पर विस्फोटकों की सप्लाई कराई थी। रीजॉल संगठन के लिए आतंकियों की भर्ती भी करता था। उसे झारखण्ड से गिरफ्तार किया गया था। राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने इस पर पांच लाख रुपये का ईनाम घोषित किया था।
...........
प्रधानमंत्री ने कहा है कि गणतंत्र दिवस परेड में नेशनल कैडेट कोर -एन सी सी में लड़कियों की अधिक भागीदारी उत्साहवर्द्धक है। इस वर्ष के एन सी सी गणतंत्र दिवस शिविर के समापन परेड के अवसर पर कैडेटों को सम्बोधित करते हुए श्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि एन सी सी में शामिल होना हर कैडेट के लिए गर्व की बात है। प्रधानमंत्री ने इसे मिनी इंडिया बताते हुए कहा कि भारत की विविधतापूर्ण संस्कृति इसकी ताकत है और यह देश के लोगों को प्रेरित करती है।
ये जो राष्ट्र रक्षा की अनुभूति होती है, उसके साथ जो एकात्मता का भाव आता है, हमारी जिन्दगी की एक बहुत बड़ी ताकत बन जाता है। मुझे विश्वास है आपके माध्यम से पूरे राष्ट्र की युवा शक्ति इस बात की अनुभूति करे, गौरव करे, एहसास करे कि हम किस उंचाईयों को पार कर सकते हैं।
श्री मोदी ने कहा कि एन सी सी के साथ जुड़ने की उनकी बहुत सी प्रिय यादें हैं। उन्होंने कहा कि एन सी सी ने उन्हें बहुत कुछ सिखाया है। प्रधानमंत्री ने कैडेटों से कहा कि वे स्वच्छ भारत अभियान के जरिए स्वच्छता का संदेश फैलाएं।
एक तरफ तो हम स्वच्छता के लिए जरूर काम करें, लेकिन साथ साथ जिस स्कूल में हों, कॉलेज में हों, गांव में हों, परिवार में हों, समाज में हों हर पल स्वच्छता एक स्वभाव कैसे बने, हम स्वच्छता के सम्बन्ध में कितने जागरूक हों, गलती से भी गन्दगी न करें। आप देखिये भारत, जिसके पास इतनी महान विरासत है, अगर उसमें एक बार स्वच्छता जुड़ जायेगी तो पूरे विश्व में भारत की तरफ देखने का नजरिया बदल जायेगा।
इस अवसर पर सेना के तीनों अंगों के कैडेटों ने प्रधानमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर पेश किया, इसके बाद विभिन्न राज्यों की टुकडि़यों ने मार्च पास्ट किया।
...........
सड़क परिवहन और राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने आज नई दिल्ली में राष्ट्रीय राजमार्ग और बुनियादी ढांचा विकास निगम लिमिटेड का प्रतीक चिन्ह जारी किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि निर्माण की गुणवत्ता में सुधार करने, क्षमता निर्माण और निर्माण की लागत में कमी लाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि कंपनी का मुख्य उद्देश्य पूर्वोत्तर क्षेत्रों, पर्वतीय और सीमा इलाकों में बुनियादी ढांचे का विकास करना है।
विशेष रूप से जो नॉर्थईस्ट हैं, वहां जिस प्रकार से रोड नेटवर्क का काम विकसित होना चाहिए, उतना नहीं हुआ और इसलिए उसे फोकस करके एक कॉरपोरेशन का निर्माण नॉर्थईस्ट के लिए करना चाहिए, इसलिए एन एच आई डी सी एल का कार्य की शुरूआत हुई है और नॉर्थईस्ट के साथ साथ जो पहाड़ी क्षेत्र हैं, जैसे उत्तराखंड में हम लोग 11 हजार करोड़ का नया नेशनल हाई-वे की एलाइन्मेंट हमने निश्चित की है। फिर हिमाचल और जम्मू कश्मीर में भी हम लोग काम कर रहे हैं।
प्रतीक चिन्ह का चयन एक प्रतियोगिता के जरिये किया गया। इसमें सड़क, पुलों, सुरंगों और अन्य बुनियादी ढांचे के निर्माण में कंपनी की भागीदारी को दर्शाया गया है।
...........
सेना ने आज जम्मू-कश्मीर में पुलवामा जिले के त्राल इलाके में आतंकवादियों के साथ संघर्ष मे शहीद कर्नल मुनीद्र नाथ राय एम एन राय को श्रद्धांजलि दी गई। सेना की बादामी बाग छावनी में 15 वीं कोर के जनरल ऑफिसर कमान्डिंग लेफ्टिनेंट जनरल सुब्रत शाह ने पुष्पचक्र अर्पित किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के बलिदान से आतंकवादियों के खिलाफ संघर्ष को मजबूती मिलती है।
हमारे श्रीनगर संवाददाता ने बताया कि 42 राष्ट्रीय राइफल्स के कमान्डिंग ऑफिसर कर्नल राय और जम्मू-कश्मीर पुलिस के विशेष कार्रवाई दल के हेड कांस्टेबल संजीव कुमार सिंह पुलवामा जिले के त्राल में कल आतंकवादियों के साथ हुई मुठभेड़ में शहीद हो गए। इस मुठभेड़ में दो आतंकवादी भी मारे गए।
...........
उत्तर प्रदेश सरकार ने सेना के शहीद अधिकारी कर्नल मुनीन्द्र नाथ राय के परिजनों को तीस लाख रूपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। प्रधान सूचना सचिव नवनीत सहगल ने यह जानकारी दी। कर्नल राय को गणतंत्र दिवस पर वीरता पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। कर्नल राय गाजीपुर जिले के निवासी थे। जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में हिजबुल मुजाहिद्दीन आतंकवादियों के साथ मंगलवार को हुई मुठभेड़ में कर्नल राय और एक पुलिसकर्मी शहीद हो गया था।
कर्नल राय को पिछले वर्ष दक्षिण कश्मीर में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में उनकी भूमिका के लिए युद्ध सेवा पदक भी प्रदान किया गया था।
...........
राजस्थान के राज्यपाल कल्याण सिंह ने हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल का कार्यभार भी संभाल लिया है।हिमाचल प्रदेश के मुख्य न्यायाधीश मंसूर अहमद मीर ने उन्हें आज शिमला में राजभवन में पद की शपथ दिलायी। श्री कल्याण सिंह को सुश्री उर्मिला सिंह के स्थान पर राज्यपाल बनाया गया है। उनका कार्यकाल इस महीने की 25 तारीख को पूरा हो गया था।
...........
उत्तरप्रदेश सरकार ने राज्य के प्राथमिक स्कूलों में एक किलोवॉट के सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने का फैसला किया है। इसके अलावा सभी स्कूलों में सबमर्सिबल पम्प भी लगाये जाएंगे, जो कि सौर पैनलों से ऊर्जा लेंगे। प्रधान सचिव जिवेश नंदन ने बताया कि स्कूलों के शौचालय में पानी की व्यवस्था की जाएगी। हमारे संवाददाता ने बताया है कि स्कूलों में पेयजल के लिए आरो सिस्टम लगाया जाएगा।
योजना की शुरूआत पांच जिलों के पचास प्राथमिकी स्कूलों से की जा रही है और इसके अन्तर्गत केवल उन्हीं स्कूलों को चुना जायेगा जहां की छात्र संख्या कम से कम सौ होगी। इसका क्रियान्वयन उत्तरप्रदेश के अपरम्परागत ऊर्जा स्रोत विभाग की एजेन्सी यू पी नेडा करेगी, जो इसकी स्थापना के साथ साथ पांच साल तक इसके अनुरक्षण की गारन्टी भी देगी। इस योजना के माध्यम से सरकार की मंशा यह है कि सौर ऊर्जा से स्कूलों में रोशनी, पंखे और साफ पानी की सतत उपलब्धता तो रहे ही, साथ ही राज्य की विद्युत सप्लाई से स्कूलों की निर्भरता को कम किया जा सके। मिराजुद्दीन आकाशवाणी समाचार लखनऊ।
...........
मध्यप्रदेश में मंत्रिमण्डल ने एनालॉग सेमिकन्डक्टर फेब्रिकेशन निवेश नीति 2015 को मंजूरी दे दी है। हमारे संवाददाता ने खबर दी है कि मध्यप्रदेश यह नीति बनाने वाला देश का पहला राज्य है।
नीति के तहत न्यूनतम तीन हजार करोड़ रूपये का निवेश करने वाली इकाई को निशुल्क जमीन और भवन निर्माण की 75 प्रतिशत लागत का भुगतान किया जायेगा। ऐसी इकाइयों को अबाधित जल और बिजली आपूर्ति जैसी सुविधाएं दी जायेंगी। इस क्षेत्र में उद्योगों की स्थापना होने से इलेक्ट्रोनिक सिस्टम डिज़ाइनिंग एंड मैन्युफैक्चरिंग सैक्टर में तेजी से विकास होगा। पांच हजार करोड़ रूपये के निवेश वाली एक इकाई की स्थापना से लगभग एक हजार कुशल व्यक्तियों को सीधे और दस हजार को परोक्ष रूप से रोजगार मिलेगा। शारिक नूर आकाशवाणी समाचार भोपाल।
...........
छत्तीसगढ़ में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पंचायत चुनाव के पहले चरण के लिए वोट डाले जा रहे हैं। हमारे संवाददाता ने खबर दी है कि शांतिपूर्ण मतदान के लिए चालीस हजार से ज्यादा सुरक्षाकर्मी तैनात किये गये हैं। बस्तर जिले के विभिन्न इलाकों में माओवादियों ने छह मतदान केन्द्रों पर हमला कर चुनाव सामग्री लूट ली। अन्य क्षेत्रों में शांतिपूर्वक मतदान जारी है। बस्तर के जनजातीय इलाकों के दूरदराज के क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।
...........
अमरीकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने कल रियाद में सउदी अरब के नए सुल्तान सलमान से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने इस्लामिक स्टेट के आतंकवादियों के विरूध संघर्ष, ईरान के परमाणु कार्यक्रम और ऊर्जा सहित विभिन्न मामलों पर विचारविमर्श किया। श्री ओबामा किंग अब्दुल्ला के निधन पर शोक जताने के लिये रियाद गये हैं। उन्होंने अशांत अरब क्षेत्र में सुरक्षा सहयोग पर बातचीत की। दोनों पक्षों ने तेल बाजार की स्थिरता पर भी चर्चा की। हालांकि तेल की कीमतों में कटौती करने के मुद्दे पर कोई बातचीत नहीं हुयी। श्री ओबामा की यह यात्रा ऐसे वक्त हो रही है जब अमेरिका इराक और सीरिया में जड़ें जमा चुके इस्लामिक स्टेट के आतंकवादियों के सफाए के लिए संघर्षरत हैं।
...........
पूर्वी अमेरिका में आये बर्फीले तूफान के कारण बोस्टन, मैनहट्टन, न्यू इंग्लैंड और कई अन्य क्षेत्रों में जनजीवन और यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। हजारों उड़ानें रद्द करनी पड़ी हैं। बर्फीले तूफान से सबसे ज्यादा प्रभावित होने वाले हवाई अड्डों में न्यूयार्क, बोस्टन और फिलाडेल्फिया है। एक रिपोर्ट के अनुसार बोस्टन के समीप मैसाचुसेटस् में रहने वाले अधिकांश लोग भोजन, शरण और पानी के संकट का सामना कर रहे हैं। न्यूयार्क में भी सामान्य कामकाज पर असर पड़ा है।
...........
जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने इस्लामिक स्टेट की ताजा मांग को बेहद घृणित बताया है। आई एस आतंकवादियों ने धमकी दी है कि अगर अम्मान ने आत्मघाती हमलावर को नहीं छोड़ा तो जापान और जार्डन के बंधकों को मार दिया जाएगा। प्रधानमंत्री ने सभी मंत्रियों को केंजी गोतो की शीघ्र रिहाई के लिए मिलकर काम करने का निर्देश दिया है। उन्होंने इससे पहले अपने मंत्रियों से कहा था कि सरकार ने ,इस गंभीर संकट की स्थिति में, जार्डन सरकार से गोतो की शीघ्र मुक्ति के लिए सहयोग करने को कहा गया है और रणनीति में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है।
...........
बम्बई शेयर बाजार में आज उतार-चढ़ाव जारी है। अब से कुछ देर पहले यह --118------अंक की गिरावट के साथ -29------हजार--450-------पर था। शुरूआती कारोबार में यह 58 अंक से अधिक की गिरावट के साथ 29 हजार 512 पर आ गया था।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी अब से थोड़ी देर पहले ---27------अंक घटकर --8-----हजार---882-----पर आ गया। सुबह यह आठ हजार 900 पर खुला था।
अन्तरबैंक विदेशी मुद्राबाजार में आज डॉलर के मुकाबले रूपया दस पैसे कमजोर हुआ। एक डॉलर 61 रूपये 51 पैसे का बोला गया।
...........
सानिया मिर्जा और ब्राजील के ब्रूनो सोरेस की जोड़ी ऑस्ट्रेलियन ओपन के सेमीफाइनल में पहुंच गई है। सानिया-सोरेस ने केसी डेलेक्वा और जॉन पियर्स को क्वार्टर फाइनल में छह-दो, छह-दो से हराया। सानिया और सोरेस की जोड़ी ने पिछली बार अमरीकी ओपन के मिक्स्ड डबल्स का खिताब जीता था।
महिला सिंग्ल्स में सेरेना विलियम्स डोमिनिका सिबलूकोआ को 6-2, 6-2 से हराकर सेमीफाइनल में पहुंच गई हैं। उनका मुकाबला मेडिसन कीज़ से होगा। कीज़ ने क्वार्टर फाइनल में वीनस विलियम्स को हराया था।
...........
दिल्ली उच्च न्यायालय ने ग्रीनपीस कार्यकर्ता प्रिया पिल्लई की याचिका पर केन्द्र से जवाब मांगा है। सुश्री प्रिया ने लंदन जाते समय उन्हें दिल्ली हवाईअड्डे पर विमान से उतारने के मामले में याचिका दायर की थी। अदालत ने इस मामले में गुप्तचर ब्यूरो और आव्रजन निदेशालय को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। सुश्री पिल्लई ने अपनी याचिका में कहा है कि उनके साथ किया गया व्यवहार गैर कानूनी है और अभिव्यक्ति की आजादी तथा व्यक्तिगत स्वतंत्रता के मौलिक अधिकार का उल्लंघन है।
सुश्री पिल्लई इस महीने की ग्यारह तारीख को लंदन जा रही थी, जहां उन्हें मध्य प्रदेश में महन में मानवाधिकारों के कथित उल्लंघन के बारे में ब्रिटिश सांसदों के सामने अपनी प्रस्तुति पेश करनी थी।
...........
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के शीर्ष निकाय - अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद बोर्ड की बैठक इस समय दुबई मुख्यालय में चल रही है। बैठक की अध्यक्षता अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद - आईसीसी के चेयरमैन एन श्रीनिवासन कर रहे हैं। आईसीसी के अध्यक्ष मुस्तफा कमाल, मुख्य कार्यकारी डेवी रिचर्डसन , बोर्ड के दस पूर्णकालिक सदस्य और बीसीसीआई सचिव संजय पटेल तथा आईसीसी क्रिकेट समिति के प्रमुख अनिल कुम्बले बैठक में मौजूद हैं।
...........
माइक्रोसॉफ्ट कंपनी के संस्थापक, बिल गेट्स ने ग़रीब देशों में बच्चों के टीकाकरण के लिए एक अरब 55 करोड़ डॉलर का दान करने की घोषणा की है। यह धनराशि वैश्विक टीकाकरण और प्रतिरक्षण संगठन को दी जाएगी। ग़ौरतलब है कि बिल गेट्स की कंपनी पिछले 15 वर्षों में वैश्विक टीकाकरण और प्रतिरक्षण गठबंधन को 4 अरब डॉलर दान कर चुकी है।
...........
