मुख्य समाचार
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश में लड़कों की तुलना में लड़कियों की कम संख्या पर चिंता व्यक्त की, लोगों से बेटी बचाने और उसे शिक्षित करने का किया आह्वान।
- उच्चतम न्यायालय का कोयला खंड नीलामी प्रक्रिया में हस्तक्षेप से इंकार।
- दिल्ली, हरियाणा और तेलंगाना में स्वाइन फ्लू के लगभग 70 नये मामले सामने आए।
- पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी कबाइली इलाके में सेना के दो हवाई हमलों में कम से कम 76 आतंकवादी मारे गये।
- ऑस्ट्रेलियाई ओपन टेनिस प्रतियोगिता के सेमी फाइनल में जगह बनाने के लिए आज नोवाक जोकोविच और सेरेना विलियम्स के मुकाबले।
-----------------
प्रधानमंत्री ने लोगों से कहा है कि वे एक सामाजिक तथा सांस्कृतिक कर्तव्य और मानवीय जिम्मेदारी के रूप में बेटी बचाएं, बेटी पढ़ाएं। आकाशवाणी से मन की बात कार्यक्रम में अमरीकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के साथ संयुक्त रूप से अपने संबोधन में उन्होंने देश में लड़कों के मुकाबले लड़कियों की घटती संख्या पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने इसका कारण लड़कियों की अपेक्षा लड़कों को तरजीह देना बताया। श्री मोदी ने कहा कि श्री ओबामा अपनी दोनों बेटियों का जिस तरह पालन-पोषण कर रहे हैं,यह प्रेरणा देने वाला है।
हमारे देश में भी कई जगहों पर जब हमे कई लोगों से मिलना होता है तो परिवार में उनको कोई बेटा नहीं होता है सिर्फ बेटियां होती हैं और इतने गौरव से बेटियों को बड़ी करती हैं इतना गौरव देते हैं वो ही सबसे बडी प्रेरणा है। मैं समझता हूं कि यह प्रेरणा ही हमारी ताकत है और तो मैं कहना चाहूंगा कि बेटी बचाना, बेटी पढ़ाना यह हमारा सामाजिक कर्तव्य है, सांस्कृतिक कर्तव्य है, मानवीय जिम्मेवारी है इसको हमे निभाना चाहिए।
श्री ओबामा से यह पूछे जाने पर कि राष्ट्रपति के रूप में उनका कार्यकाल खत्म होने के बाद क्या वे और मिशेल ओबामा भारत आएंगे और मोटापे तथा मधुमेह के कारण पैदा हुई स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों से निपटने के लिए काम करेंगे? श्री ओबामा ने कहा कि वे भारत में और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर इन मुद्दों पर काम करना चाहेंगे।
The Prime Minister and I have discussed for example how we can do a better job in dealing with issues like endemic and making sure that we have good alert systems so that if a disease like Ebola or a deadly flu virus or Polio appears that it is detected quickly and then treated quickly.
एक सवाल के जवाब में श्री मोदी ने कहा कि उन्होंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि वे इतने बड़े मकाम पर पहुंचेंगे, लेकिन वे हमेशा देश की सेवा करना चाहते थे। उन्होंने लोगों से कहा कि वे कुछ बनने का नहीं, बल्कि कुछ करने का सपना देखें।
मैं बहुत लम्बे अरसे से सबको ये कहता आया हूं कि कुछ भी बनने के सपने कभी मत देखो। अगर सपने देखने है तो कुछ करने के देखो। जब कुछ करते है तो संतोष भी मिलता है और नया करने की प्रेरणा भी मिलती है। मैंने जीवन में कभी कुछ भी बनने का सपना देखा नहीं था आज भी कुछ बनने के सपने दिमाग में है ही नहीं लेकिन कुछ करने के जरूर हैं और भारत माता की सेवा करना सवा सौ करोड देशवासियों की सेवा करना इससे बड़ा सपना क्या हो सकता है।
-----------------
अमरीका के राष्ट्रपति बराक ओबामा के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का रेडियो कार्यक्रम मन की बातशीघ्र ही ई-बुक के रूप में उपलब्ध होगा। सूचना और प्रसारण सचिव बिमल जुल्का ने कल नई दिल्ली में यह जानकारी दी।
-----------------
भारत और अमरीका ने इलाहाबाद, अजमेर और विशाखापत्तनम को संयुक्त रूप से स्मार्ट शहरों के तौर पर विकसित करने के लिए एक कार्यबल गठित करने का फैसला किया है। कार्यबल तीन महीने के अंदर इसकी रूपरेखा तैयार करेगा। नयी दिल्ली में कल शहरी विकास मंत्री एम वेंकैया नायडू और अमरीका की वाणिज्य मंत्री पेनी प्रित्ज़कर के बीच बैठक में यह फैसला किया गया।
-----------------
दिल्ली छावनी परेड ग्रांउड में आज प्रधानमंत्री की एनसीसी रैली का आकाशवाणी से सीधा प्रसारण किया जाएगा। इसे राजधानी और अतिरिक्त मीटरों पर दिन में ग्यारह बजकर 55 मिनट से सुना जा सकता है।
-----------------
उच्चतम न्यायालय ने कोयला खंडों की नीलामी प्रक्रिया में हस्तक्षेप करने से इंकार किया है और सरकार को कोयला खदान अध्यादेश के अनुसार आगे की कार्रवाई की अनुमति दे दी है। न्यायमूर्ति जे चेलमेश्वर और न्यायमूर्ति रोहिंटन एफ नरीमन की पीठ ने कलकत्ता उच्च न्यायालय का वह आदेश भी खारिज कर दिया जिसके तहत सरकार को निर्देश दिया गया था कि वह नीलामी के नोटिस में इस बात का उल्लेख करे कि पश्चिम बंगाल में अर्धग्राम कोयला खदान से जुड़ा विवाद न्यायालय के विचाराधीन है। न्यायालय ने एटार्नी जनरल मुकुल रोहतगी का यह बयान भी दर्ज किया कि सरकार ने मौजूदा नीति के तहत उन लाइसेंसधारकों या पट्टाधारकों की किसी खदान का अधिग्रहण या उसकी नीलामी न करने का निर्णय लिया, जिनके आवंटन न्यायालय ने रद्द कर दिये हैं।
-----------------
दिल्ली में कल स्वाइन फ्लू के 26 नये मामले सामने आए। इस तरह अब तक इस बीमारी के मामलों की संख्या बढ़कर 285 हो गयी है। दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य अधिकारी आर एन दास ने आकाशवाणी को बताया कि स्वाइन फ्लू के इलाज के लिए 18 नामित अस्पतालों में दवाओं का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और इससे निपटने के लिए सभी इंतजाम किए गए हैं।
-----------------
हरियाणा में अब तक स्वाइन फ्लू के 41 मामले सामने आए हैं। इनमें से सात लोगों के मरने की खबर है। स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव रामनिवास ने कल चंडीगढ में सभी जिलों के चिकित्सा अधिकारियों के साथ वीडियो कान्फ्रेंसिंग में यह जानकारी दी।
-----------------
उधर, राजस्थान में पिछले 27 दिनों में स्वाइन फ्लू से 27 लोगों की मौत हो गई है। 383 मरीजों की जांच में 113 लोगों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि की गई है। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने नमूनों को इकट्ठा करने और उनकी जांच के लिए अनेक कदम उठाए हैं।
--------------
तेलंगाना में पिछले 24 घंटों में स्वाइन फ्लू से तीन लोगों की मौत हो गई है। इसके साथ राज्य में एच-1 एन-1 वायरस से मरने वालों की संख्या 25 पहुंच गई है।
-----------------
छत्तीसगढ़ में कड़ी सुरक्षा के बीच पंचायत चुनाव के पहले चरण का मतदान हो रहा है। पहले चरण में जिला पंचायत सदस्य, जनपद पंचायत सदस्य, सरपंच और पंच के 42 हजार से अधिक पदों के लिए वोट डाले जा रहे हैं। हमारे संवाददाता ने बताया है कि इस चुनाव से एक लाख 22 हजार 384 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होगा।
माओवादियों के चुनाव के बहिष्कार के आह्वान के बीच शांतिपूर्ण मतदान के लिए छत्तीसगढ़ में नक्सल प्रभावित क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। अति संवेदनशील मतदान केन्द्रों तक निर्वाचन अधिकारियों को हेलीकॉप्टर से पहुंचाया जा रहा है। बस्तर क्षेत्र के भीतरी भागों में गश्त बढ़ा दी गई है। महिला मतदाताओं में विशेष रूप से उत्साह देखा जा रहा है। विकल्प शुक्ला के साथ नई दिल्ली से मैं वीरेन्द्र कौशिक।
-----------------
निर्वाचन आयोग ने आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल को कांग्रेस और भाजपा से पैसा लेने लेकिन आम आदमी पार्टी को वोट देने के उनके बयान पर चेतावनी दी है। आयोग ने श्री केजरीवाल के बयान को आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन बताते हुए उनसे भविष्य में इस प्रकार की बातें न करने को कहा है। आयोग ने कहा है कि अगर वे फिर ऐसा करते हैं तो उसे उनके खिलाफ कार्रवाई करने के लिए बाध्य होना पड़ेगा।
-----------------
कोलकाता अगले दो महीनों में देश का पहला पूरी तरह वाई-फाई युक्त मेट्रो शहर बन जायेगा। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कोलकाता में कल एक कार्यक्रम में इसकी घोषणा की। उन्होंने कहा कि रिलायंस जीयो कंपनी शहर के सभी एक सौ 45 नगरपालिका वार्डों में यह सेवा उपलब्ध करायेगी। उन्होंने कहा कि शहर के पार्क स्ट्रीट इलाके को अगले पन्द्रह दिनों में वाई-फाई से जोड दिया जायेगा, शहर के शेष हिस्सों को चरणबद्ध तरीके से दो महीनों में यह सेवा उपलब्ध कराई जायेगी।
-----------------
उत्तर प्रदेश में बड़े प्रशासनिक फेर-बदल में राज्य सरकार ने मेरठ के एसएसपी सहित 94 आईपीएस अधिकारियों का तबादला कर दिया है। पीएसी के कई अधिकारियों का भी तबादला किया गया है।
-----------------
पाकिस्तान में कल पाकिस्तानी सेना द्वारा अशांत उत्तर-पश्चिम कबाइली क्षेत्र में किए दो हवाई हमलों में एक तालिबान कमांडर सहित कम-से-कम 76 आतंकवादी मारे गए। सुरक्षाबलों ने अफगान सीमा के पास आतंकवादियों के नियंत्रण वाले उत्तरी वजीरिस्तान में दत्ता खेल क्षेत्र को निशाना बनाया। पिछले वर्ष दिसम्बर में पेशावर में तालिबान आतंकवादियों द्वारा डेढ़ सौ बच्चों की हत्या के बाद सेना ने कार्रवाई तेज की है।
-----------------
आस्ट्रेलियाई ओपन टेनिस प्रतियोगिता के पुरूष सिंगल्स में कल थॉमस बर्डिच और एंडी मरे सेमीफाइनल में पहुंच गये हैं। सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए आज विश्व के नम्बर एक खिलाड़ी नोवाक जोकोविक का मुकाबला मिलोस रानोइक से होगा।
महिला सिंग्ल्स में कल मारिया शारापोवा और इकातेरिना माकारोवा सेमीफाइनल में पहुंच गई। सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए आज सेरेना विलियम्स का सामना डोमिनिका सिबुलकोवा तथा वीनस विलियम्स का मुकाबला मेडिसन कीज़ से है।
मिक्स्ड डबल्स के क्वार्टर फाइनल में सानिया मिर्जा और लिएंडर पेस की जोड़ी भी आज सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए खेलेगी।
-----------------
महाराष्ट्र सरकार ने कहा है कि नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र के लिए उसकी समेकित नीति का मसौदा अगले 15 दिनों में सार्वजनिक कर दिया जायेगा। इस नीति का उद्देश्य राज्य के कार्बन फुट प्रिंट में कमी लाना और नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र को बढ़ावा देना है।
-----------------
समाचार पत्रों की सुर्खियों से
अमरीकी राष्ट्रपति बराक ओबामा का तीन दिन का भारत दौरा कल सम्पन्न होने को दैनिक ट्रिब्यूनने सुर्खी दी है- जयहिंद के साथ ओबामा ने ली विदाई। दैनिक जागरण लिखता है- नमस्ते से शुरू जयहिंद से खत्म कर दिल जीत गए ओबामा। दिल्ली के सीरीफोर्ट ऑडिटोरियम में ओबामा के संबोधन में भारत को सबसे अच्छा साझेदार बताने और देश के विकास में सहयोग करने की इच्छा हिन्दुस्तानमें है। दैनिक जागरण सहित अधिकतर ने उनके इस बयान को छापा है कि धार्मिक सद्भाव कायम रखते हुए ही देश बनेगा सुपर पावर। हिन्दुस्तान ने लि खा है कि ओबामा ने देश के विकास में सहयोग करने की इच्छा जताई और धर्म के आधार पर न बंटने की नसीहत भी दी। अमर उजाला की यह खबर ध्यान खींचती है कि 12 वर्षीय एक लड़की पायल जिसने बाल विवाह के खिलाफ आवाज उठाई थी उसे मिशेल ओबामा ने अपनी अंगूठी भेंट दी।
राजस्थान पत्रिका ने उनके इस बयान को छापा है कि बंटेगा नहीं तो बढ़ेगा भारत। राष्ट्रीय सहारा ने लिखा है- मन की बात कह छा गए मोदी- ओबामा।
देशबंधु की खबर है अगस्त क्रांति मार्ग पर ओबामा ने तैयार की क्रांति की जमीन। युवाओं को छू गया ओबामा का संदेश।
गणतंत्र दिवस के एक दिन बाद ही कश्मीर में सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ में एक कर्नल के शहीद होने पर दैनिक ट्रिब्यून ने लिखा है-वीरता पुरस्कार मिलने के अगले दिन कर्नल शहीद। दैनिक जागरण लिखता है- जांबाजी का मेडल लेकर शाहदत को गले लगाया।
अमर उजाला की खबर है- एटमी करार : भारत अमरीका में बढ़ती नजदीकी से तिलमिलाया पाकिस्तान।
घरेलू शेयर बाजार में रिकॉर्ड तोड़ तेजी लगभग सभी अखबारों में है।
दिल्ली में आगामी विधानसभा चुनाव पर जनसत्ता ने लिखा है- गलियों और सड़कों पर जोर पकड़ रहा है चुनाव प्रचार।
