मुख्य समाचार
- अमरीका के राष्ट्रपति बराक ओबामा ने कहा- भारत और अमरीका के सम्बन्ध शताब्दी में अभूतपूर्व भागीदारी की मिसाल हो सकते हैं। भारत को धार्मिक साम्प्रदायिकता के प्रति सजग रहने के लिए आगाह किया।
- श्री ओबामा भारत की तीन दिन की यात्रा के समापन के बाद सऊदी अरब रवाना।
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और राष्ट्रपति बराक ओबामा आकाशवाणी से मन की बात कार्यक्रम में देश को संयुक्त रूप से संबोधित करेंगे।
- सी बी आई ने कोयला खण्ड आवंटन घोटाला मामले में जांच की प्रगति रिपोर्ट दिल्ली की एक अदालत में पेश की।
- जाने-माने कार्टूनिस्ट आर. के. लक्ष्मण का पुणे में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार।
- अमरीका के उत्तर-पूर्वी तट पर बर्फीले तूफान के कारण न्यूयार्क और पांच अन्य राज्यों में आपात स्थिति की घोषणा। छह हजार से अधिक उड़ानें रद्द।
- राफेल नडाल ऑस्ट्रेलियाई ओपन टेनिस से बाहर। क्वार्टर फाइनल में चैक गणराज्य के टॉमस बर्डिच से हारे।
...........
अमरीकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने कहा है कि उनका देश भारत का बेहतरीन भागीदार हो सकता है और हमारे आपसी सम्बन्ध शताब्दी में अभूतपूर्व भागीदारियों में से एक हो सकते हैं। उन्होंने आगाह किया कि दोनों देशों को साम्प्रदायिक आधार पर विभाजित किये जाने की कोशिशों के प्रति सजग बने रहना चाहिए।
दोनों देशों को सांप्रदायिक आधार पर विभाजित किये जाने के प्रति सजग रहना होगा। अगर भारत में धार्मिक आधार पर मतभेद नहीं हो तो वो कामयाब होगा। जैसे फिल्म अभिनेता शाहरूख खान, मिल्खा सिंह, मैरीकॉम और हाल में शांति नोबेल पुरस्कार से सम्मानित कैलाश सत्यार्थी रहे हैं।
तीन दिन के दौरे के समापन से पहले नई दिल्ली में सिरीफोर्ट सभागार में आज टाउन हॉल में स्वच्छ ऊर्जा की जरूरतें पूरी करने के लिए भारत के महत्वाकांक्षी लक्ष्यों का स्वागत किया। अमरीकी राष्ट्रपति ने कहा कि भारत जैसे देशों को जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए स्वच्छ ईंधन अपनाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि उनका देश संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारत को स्थायी सदस्य बनाने का समर्थन करेगा।
मुझे विश्वास है कि अगर हम वास्तविक वैश्विक भागीदार बनते हैं तो दोनों देशों को विश्व के लिए अधिक योगदान देना जरूरी होगा। अमरीका, संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारत को स्थाई सदस्य बनाने का समर्थन करेगा।
भारत को युवाओं का राष्ट्र बताते हुए उन्होंने कहा कि बेहतर भविष्य के लिए युवाओं को सशक्त बनाना जरूरी है। अमरीकी राष्ट्रपति ने गरीबी दूर करने के भारत के प्रयासों की प्रशंसा की और कहा कि हाल के वर्षों में भारत ने अन्य देशों के मुकाबले अधिक लोगों को गरीबी के चंगुल से बाहर निकाला है।
धार्मिक सहिष्णुता की वकालत करते हुए उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने धर्म के पालन का अधिकार है।
राष्ट्रपति ओबामा अब से कुछ देर पहले सउदी अरब रवाना हो गए हैं। वहां वे शाह अब्दुल्ला के उत्तराधिकारी शाह सलमान से मुलाकात करेंगे। शाह अब्दुल्ला का हाल ही में निधन हो गया था। इसके बाद राष्ट्रपति ओबामा ने अपना आगरा दौरा रद्द किया था।
-----------
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अमरीका के राष्ट्रपति बराक ओबामा आकाशवाणी से मन की बातकार्यक्रम में देश को संयुक्त रूप से संबोधित करेंगे। यह कार्यक्रम आज रात आठ बजे से आकाशवाणी के सभी चैनलों पर प्रसारित किया जाएगा। दोनों नेताओं का यह प्रसारण वेबसाइट पर भी उपलब्ध रहेगा। क्षेत्रीय चैनल मन की बात कार्यक्रम का प्रसारण कल सवेरे नौ बजे से करेंगे।
----------
वित्तमंत्री अरूण जेटली ने कहा है कि भारत को और अधिक विदेशी निवेश पाने के लिए निवेश के अनुकूल कर ढांचा बनाने की जरूरत है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और श्री बराक ओबामा की कल शाम भारत-अमरीकी व्यवसायियों के साथ हुई बैठक का उल्लेख करते हुए वित्तमंत्री ने कहा कि सरकार इस दिशा में काम कर रही है। बैठक में कर के मुद्दे पर भी चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि वैश्विक घटक भारत के पक्ष में हैं और सरकार इस अवसर को गंवा नहीं सकती।
नई दिल्ली में वह अंतर्राष्ट्रीय सीमा शुल्क दिवस के अवसर पर केन्द्रीय उत्पाद और सीमा शुल्क बोर्ड के अधिकारियों को संबोधित कर रहे थे।
वित्तमंत्री ने कहा कि पिछले कुछ वर्षो में निर्माण उद्योग में वृद्धि दर की कमी की वजह से राजस्व कम हुआ है, लेकिन अब इसमें सुधार हो रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले दो तीन वर्षो के दौरान भारतीय अर्थव्यवस्था कठिन चुनौतियों का सामना कर रही थी, लेकिन अब वृद्धि दर में बढोतरी हो रही है और सरकार राजस्व घाटे के लक्ष्य को पूरा करने की स्थिति में है।
---------
केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो-सीबीआई ने आज नई दिल्ली में कोयला खण्ड आवंटन घोटाला मामले में जांच की प्रगति रिपोर्ट विशेष अदालत में पेश की। घोटाले में कथित रूप से पूर्व कोयला सचिव पी सी पारेख, उद्योगपति कुमारमंगलम बिड़ला और अन्य शामिल हैं। यह मामला हिन्डाल्को इण्डस्ट्रीज को 2005 में ओडिशा में तलबीरा -दो के कोयला खण्ड के आवंटन से संबंधित है। एजेंसी ने एक सीलबंद लिफाफे में अदालत को रिपोर्ट देते हुए इसे आगे की जांच पूरी होने से पहले न खोलने का अनुरोध किया है।
अदालत ने एजेंसी को पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और प्रधानमंत्री कार्यालय के कुछ वरिष्ठ अधिकारियों से पूछताछ का निर्देश दिया था।
----------
जाने-माने कार्टूनिस्ट आर. के. लक्ष्मण का अंतिम संस्कार आज दोपहर राजकीय सम्मान के साथ वैकुंठ शवदाह गृह में कर दिया गया। इससे पहले उनका पार्थिव शरीर पुणे के सिंबोसिस इंस्टीट्यूट मेंकॉमन मैन की प्रतिमा के पास आज सुबह दस बजे से रखा गया था। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीज अंतिम संस्कार में शामिल हुए और उन्होंने घोषणा की कि राज्य सरकार आर के लक्ष्मण के सम्मान में एक स्मारक बनाएंगी। हमारे संवाददाता ने बताया कि आर के लक्ष्मण का कल पुणे में देहांत हो गया था।
मैसूर में शिक्षक के घर जन्मे आर.के लक्ष्मण ने कोई औपचारिक शिक्षा नहीं ली थी। लेकिन कॉलेज के जमाने से ही वे स्थानीय अखबारों के लिए तथा अपने बंधु आर.के. नारायण की कथाओं के लिए चित्र बनाते रहे। 1946 में वे मुंबई आए और फ्री प्रेस जरनल में उन्होंने व्यंग्य चित्रकार के रूप में काम शुरू किया। 1947 में वे टाइम्स ऑफ इंडिया में दाखिल हुए। और वहीं पर 1957 में उनके कॉमन मैन ने जन्म लिया। यही कॉमन मैन भारतीय आम जनता का प्रतीक बन गया। आर.के. भूषण को पद्म भूषण, पद्म विभूषण, मेगा सायसाय जैसे अनेक सम्मानों से नवाजा गया। भारतीय आम आदमी को अपनी एक पहचान देना वाला एक साथी हमारे बीच नहीं रहा। नीतिन केलकर, एआईआर न्यूज के लिए पुणे।
----------
कृषि मंत्री राधामोहन सिंह ने कहा कि उनका मंत्रालय मसालों के उत्पादन और निर्यात से संबंधित समस्याओं को निपटाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारी संवाददाता ने बताया है कृषिमंत्री ने आज नई दिल्ली में मसालों के उत्पादन और निर्यात पर आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन को संबोधित किया।
----------
कृषिमंत्री ने कृषि आय के बढ़ाने के तरीकों की जरूरत पर भी बल दिया। उन्होंने ये भी कहा कि सुपारी एवं मसाला विकास निेदेशालय और मसाला बोर्ड एक नोडल एजेंसी के रूप में काम करते हैं जो कि मसालों के निर्यात और विकास के क्षेत्र में कार्य करते हुए देश को अग्रणी बनाने में मदद कर रहा है। श्री सिंह ने सम्मेलन में आने वाले सुझावों को लागू करने के लिए कृषि मंत्रालय की तरफ से हर प्रकार का सहयोग देने का भी आश्वासन भी दिया। आकाशवाणी समाचार के लिए दिल्ली से मैं स्निग्धा रितेश।
-------------
सीमा सुरक्षा बल के महानिदेशक डी के पाठक ने कहा है कि जम्मू कश्मीर में सीमा पार से लगातार संघर्षविराम का उल्लंघन हो रहा है। उन्होंने कहा कि इस महीने में अब तक 12 से अधिक बार संघर्षविराम का उल्लंघन किया गया है। हालांकि उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से इस मुद्दे पर बातचीत की कोई पहल नहीं की गई है।
पंजाब के अटारी में कल उन्होंने दावा किया कि राज्य में मादक पदार्थों की लत से प्रभावित लोगों की बहुत बड़ी संख्या है। श्री पाठक ने पाकिस्तान सीमा पर सुरक्षाबलों की तैयारी की समीक्षा के लिए कल इस इलाके का दौरा किया था।
----------
बेंगलूरू नगर के पुलिस आयुक्त एम0 एन0 रेड्डी ने कहा है कि संदिग्ध बोडो उग्रवादी संजू बोर्दोलोई उर्फ सिबिगिरी को कल गिरफ्तार कर लिया गया । वह पिछले दिसम्बर में असम में सांतिपुर गांव में छह जनजातीय लोगों की हत्या में शामिल था। समझा जाता है कि बोर्दोलोई नेशनल डेमोक्रेटिक फ्रन्ट ऑफ बोडोलैण्ड सोंगबो गुट का संगठन सचिव था। पूछताछ के दौरान उसने अपराध कबूल किया। उसे केन्द्रीय अपराध शाखा ने बेंगलूरू में इलेक्ट्रोनिक सिटी से गिरफ्तार किया।
----------
भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस ने आज निर्वाचन आयोग में आम आदमी पार्टी संयोजक अरविन्द केजरीवाल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। भाजपा नेता सतीश उपाध्याय एक प्रतिनिधिमण्डल के साथ आयोग से मिले और आचार संहिता के बार बार उल्लंघन का आरोप लगाया।
कांग्रेस की नेता किरण वालिया ने भी आयोग में शिकायत की है कि श्री केजरीवाल ने अपने नामांकन पत्र में आवास का पता गलत दिया है। उन्होंने ये भी आरोप लगाया कि श्री केजरीवाल ने दिल्ली से उम्मीदवार बनने के लिए ऐसा किया है।
----------
पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय ने विवादित फिल्म मैसेंजर ऑफ गॉड प्रदर्शित करने पर रोक लगाने की याचिका पर सुनवाई आज अगले महीने की चार तारीख तक स्थगित कर दी। इस फिल्म में डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम ने अभिनय किया है।
मोहाली स्थित कलगीधर सेवक जत्था की याचिका आज न्यायमूर्ति एस0 के0 मित्तल और न्यायमूर्ति दीपक सिब्बल की खंडपीठ के सामने सुनवाई के लिए पेश की गई।
----------
अमरीका के उत्तर-पूर्वी तट और पूर्वी कनाडा में बर्फीला तूफान पहुंच गया है। छह हजार से अधिक उड़ानें रद्द कर दी गई हैं और न्यूयॉर्क तथा पांच अन्य राज्यों में आपात स्थिति लागू की गई है। न्यूयॉर्क शहर में सार्वजनिक परिवहन शीघ्र बंद किया जा सकता है। स्कूल बंद कर दिये गये हैं और कई राज्यों में रात में कार यात्रा पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। इस तूफान से लगभग छह करोड़ लोग प्रभावित होंगे।
----------
अर्जेन्टीना की राष्ट्रपति क्रिस्टीना फर्नान्डीज डे क्रिचनर ने देश की खुफिया एजेन्सी बंद करने की योजना की घोषणा की है। टेलीविजन पर भाषण में राष्ट्रपति ने कहा कि वे वर्तमान एजेन्सी के स्थान पर नई एजेन्सी स्थापित करने के विधेयक का प्रारूप तैयार करेंगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान खुफिया एजेन्सी का 1983 से पहले सैनिक शासन के दौरान गठन किया गया था। एक अभियोजनाकर्ता की रहस्यमयी मौत के बाद नई एजेन्सी बनाने की जरूरत महसूस की गई। यह अभियोजनकर्ता 1994 में देश की राजधानी में स्थित यहूदी केन्द्र में हुई बमबारी की छानबीन से जुड़ा था। इस घटना में 85 लोग मारे गये थे।
----------
श्रीलंका के राष्ट्रपति मैत्रीपाला सिरीसेना ने कहा है कि देश के राष्ट्रपति का कार्यकाल छह वर्ष से घटाकर पांच वर्ष किया जायेगा।
पोलोन्नरूवा जिले के अधिकारियों को सम्बोधित करते हुए राष्ट्रपति ने बताया कि संवैधानिक विशेषज्ञों की एक समिति विचार कर रही है कि किस प्रकार कार्यकारी राष्ट्रपति की असीमित शक्तियों को विधायिका में शामिल किया जा सकता है।
राष्ट्रपति मैत्रीपाला के घोषणा-पत्र में व्यापक संवैधानिक सुधारों का वायदा किया गया था। इनमें राष्ट्रपति की शक्तियों में काफी कमी लाना, संसद के प्रभुत्व और न्यायपालिका की स्वतंत्रता बहाल करना तथा चुनाव सुधार करना शामिल हैं। उन्होंने कहा कि चुने जाने पर सौ दिन के भीतर राजनीतिक सुधार की शुरूआत करने का वायदा पूरा किया जायेगा। उन्होंने फिर कहा कि वे दूसरे कार्यकाल के लिए राष्ट्रपति पद का चुनाव नहीं लड़ेंगे।
----------
बम्बई शेयर बाजार के शुरूआती कारोबार में आज सेन्सेक्स 178 अंक के उछाल के साथ 29 हजार 456 की नई ऊंचाई पर खुला। अब से थोड़ी देर पहले यह 108 अंक की बढ़त के साथ 29 हजार 387पर था
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 43 अंक से अधिक की बढ़त के साथ आठ हजार 878 के रिकार्ड स्तर पर पहुंच गया। अब से कुछ देर पहले यह 23 अंक बढ़कर 8 हजार 859 पर था।
----------
विश्व के नम्बर-तीन खिलाड़ी राफेल नडाल ऑस्ट्रेलियाई ओपन टेनिस टूर्नामेंट में सातवीं वरीयता प्राप्त टॉमस बर्डिच से अप्रत्याशित रूप से हार गये हैं। पुरूषों के सिंगल्स मुकाबले में चेक गणराज्य के टॉमस बर्डिच ने स्पेन के राफेल नडाल को लगातार सेट में 6-2, 6-0, 7-6 से हराकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। एक अन्य र्क्वाटर फाइनल मुकाबले में आज ब्रिटेन के एंडी मर्रे का मुकाबला गैर वरीयता प्राप्त ऑस्ट्रेलिया के निक किरगियस से होगा।
महिला सिंगल्स मुकाबले में रूस की मारिया शारापोवा सेमीफाइनल में पहुंच गई हैं।
----------
संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की मून ने कहा कि भारत उन्हें घर जैसा लगता है और उन्हें दिल्ली में अपने पुराने घर का फोन नम्बर आज भी याद है। उन्होंने 1972 में यहां से अपने राजनयिक जीवन की शुरूआत की थी।
श्री बान की मून इस महीने के शुरू में दिल्ली और गुजरात की यात्रा पर आये थे। उन्होंने कहा कि उन्हें साबरमती के गांधी आश्रम की यात्रा के दौरान महात्मा गांधी के पत्र देखने का सौभाग्य मिला। महात्मा गांधी को महान व्यक्ति बताते हुए श्री बान की मून ने कहा कि वे शांति के पुजारी, मानवाधिकारों के रक्षक और गरीबों को अधिकार देने के समर्थक थे। उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र घोषणापत्र में इन्हीं मूल्यों को समाहित किया गया है।
----------
