मुख्य समाचार:-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा- भारत का लक्ष्य बाधा रहित अर्थव्यवस्था बनाना है, भरोसेमंद कर व्यवस्था का वायदा किया। अमरीकी राष्ट्रपति बराक ओबामा का कारोबार के लिए पारदर्शी वातावरण की जरूरत पर जोर।
- प्रधानमंत्री और अमरीका के राष्ट्रपति का आज आकाशवाणी से मन की बात कार्यक्रम में संयुक्त संबोधन।।
- भारत ने कहा- पाकिस्तान द्वारा आतंकवाद सहित भारत की चिंताओं का समाधान नहीं करने तक, बातचीत संभव नहीं।
- कुर्द लड़ाकों ने महीनों की भारी लड़ाई के बाद सीरियाई सीमा पर स्थित कोबाने शहर से आई एस आई एस आतंकवादियों को खदेड़ा।
- ऑस्ट्रेलियाई ओपन में सानिया मिर्जा और लिएंडर पेस अपने अपने जोड़ीदारों के साथ मिक्स्ड डबल्स के क्वार्टर फाइनल में।
------------------
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि एशियाई बाजारों में भारत ऐसा देश है जहां कारोबार के लिए सबसे ज्यादा अनुकूल परिस्थितियां हैं। भारत अमरीका व्यापारिक सम्मेलन को कल संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भारत के पास युवाओं की शक्ति है, उद्यमशीलता है और किसानों की प्रतिभा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत का लक्ष्य ऐसी अर्थव्यवस्था बनाना है जो बिना किसी रूकावट के विकास कर सके।
Our economic growth has increased by a percentage point. Today, business sentiments in India are the strongest among major Asian markets. Investments from the United States have jumped by 50 percent in the first six months of my government. And, I know that some of the pledges made in September in Washington have begun to flow in. Yes, I do keep track of this things.
श्री मोदी ने भरोसेमंद कर व्यवस्था का भी वायदा किया।
अमरीका के राष्ट्रपति बराक ओबामा ने इस अवसर पर कहा कि भारत और अमरीका के बीच व्यापार बढ़कर प्रति वर्ष एक सौ अरब डॉलर की रिकार्ड ऊंचाई पर पहुंच गया है। श्री ओबामा ने कहा कि कारोबार के लिए पारदर्शी माहौल की जरूरत है और वे चाहते हैं कि दोनों देशों के बीच निवेश को और बढ़ाया जाए।
Prime Minister Modi has initiated reforms that will help overcome some of the business including a new government committee dedicated to fast tracking American investment and we enthusiastically support these efforts. We need to be fastring business environment that more transparent and more consistent and more predicable.
------------------
इससे पहले दोनों नेताओं ने भारत अमरीका सीईओ फोरम की बैठक को कल संबोधित किया था।
------------------
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अमरीका के राष्ट्रपति बराक ओबामा आकाशवाणी से मन की बातकार्यक्रम में देश को संयुक्त रूप से संबोधित करेंगे। यह कार्यक्रम आज रात आठ बजे से आकाशवाणी के सभी चैनलों पर प्रसारित किया जाएगा। यह प्रसारण वेबसाइट पर भी उपलब्ध रहेगा। क्षेत्रीय चैनल, मन की बात कार्यक्रम का प्रसारण कल सवेरे नौ बजे से करेंगे।
------------------
अमरीका के राष्ट्रपति बराक ओबामा आज सीरीफोर्ट सभागार में एक कार्यक्रम में शामिल होंगे। श्री ओबामा का भारत का तीन दिन का दौरा आज संपन्न हो जाएगा। दिल्ली यातायात पुलिस ने लोगों से अगस्त क्रांति मार्ग पर न जाने की सलाह दी है। दोपहर के बाद धौलाकुंआ से इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे की तरफ जाने वाले मार्ग से बचने की भी सलाह दी गई है। दिल्ली पुलिस द्वारा जारी परामर्श में कहा गया है कि राष्ट्रपति ओबामा के दिल्ली से प्रस्थान के दौरान हवाई अड्डे को जाने वाला मार्ग चालीस मिनट तक बंद रहेगा।
------------------
भारत ने अमरीका के साथ कृषि आयात से संबंधित मुद्दों पर फैसले के लिए विश्व व्यापार संगठन के विवाद निपटारा बोर्ड में अपील की है। विश्व व्यापार संगठन ने कल जेनेवा में कहा कि उसके सचिवालय को भारत का एक नोटिस मिला है, जिसमें भारत-कुछ कृषि उत्पादों के आयात से जुड़े उपाय नामक मामले की पैनल रिपोर्ट में कानूनी और विधिक व्याख्या के कुछ मुद्दों पर अपील करने के फैसले की घोषणा की गई है। भारत ने वर्ष 2012 में बर्ड फ्लू से जुड़ी चिंताओं के कारण अमरीका से विभिन्न कृषि उत्पादों के आयात पर कुछ प्रतिबंध लगाए थे।
------------------
भारत ने कहा है कि जब तक पाकिस्तान आतंकवाद सहित भारत द्वारा उठाए गए मुद्दों का समाधान नहीं करता, उसके साथ बातचीत संभव नहीं है। पाकिस्तान में भारत के उच्चायुक्त टी. सी. ए. राघवन ने इस्लामाबाद में कल कहा कि आतंकवाद के माहौल में पाकिस्तान के साथ बातचीत मुमकिन नहीं है। उच्चायुक्त ने यह भी कहा कि संयुक्त राष्ट्र ने जमात-उद-दावा पर वर्ष 2008 में प्रतिबंध लगा दिया था लेकिन मुंबई आतंकी हमलों का कुख्यात सरगना हाफिज सईद और उसका संगठन अब भी आतंकी गतिविधियां चला रहा है। श्री राघवन ने इन आशंकाओं को निराधार बताया कि भारत और अमरीका के संबंध किसी देश के खिलाफ काम करेंगे।
------------------
सीरिया में कुर्द लड़ाकों ने सीरिया के शहर कोबाने को इस्लामिक स्टेट गुट के आतंकवादियों के नियंत्रण से मुक्त करा लिया है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि आतंकवादी गुट के असर में कमी आने से इस क्षेत्र में काफी उत्साह है।
------------------
कुर्द मलेशिया के प्रवक्ता इदरीस नस्सान ने इर्बिल से बताया कि कोबाने में इस्लामिक स्टेट गुट के आतंकी हार की कगार पर हैं और कुर्दिश लड़ाकों ने चार महीने से चल रही घेराबंदी तोड़ दी है। हार के बाद अब इस्लामिक स्टेट ग्रुप के आतंकी कोबाने शहर छोड़कर भाग गए हैं। उधर अमरीकी सेंट्रल कमान ने कहा कि कुर्द लड़ाकों ने कोबाने में 90 फीसदी इलाके पर अपना कब्जा कर स्थापित लिया है। जीत की खबर आते ही कोबाने की सीरियाई कुर्द और तुर्की में विभिन्न कुर्द बहुल शहरों में खुशी की लहर दौड़ गई। कोबाने को आतंकियों के कब्जे से वापस लेने को इस्लामिक स्टेट ग्रुप से संघर्ष में एक अहम शुरूआत के तौर पर देखा जा रहा है। अतुल तिवारी आकाशवाणी समाचार दुबई।
------------------
स्पेन में एक लड़ाकू जेट विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से 10 लोग मारे गए हैं और कई घायल हुए हैं। मृतकों में आठ फ्रांसीसी और दो ग्रीस के नागरिक हैं। स्पेन के रक्षा मंत्रालय के अनुसार यह विमान लॉस लानोस हवाई अड्डे से उड़ान भरते समय दुर्घटनाग्रस्त हुआ।
------------------
जाने माने कार्टूनिस्ट आर.के. लक्ष्मण का लंबी बीमारी के बाद कल शाम पुणे में निधन हो गया। वे 94 वर्ष के थे। एक राष्ट्रीय अखबार में लक्ष्मण के कार्टून यू सेड इट शीर्षक के तहत 60 वर्ष से भी अधिक समय तक प्रकाशित होते रहे। एक रिपोर्ट
जाने-माने कार्टूनिस्ट आर. के. लक्ष्मण का पार्थिव शरीर पुणे के सिंबोसिस इंस्टीट्यूट में कॉमन मैन की प्रतिमा के पास आज सुबह दस बजे रखा जाएगा और अंतिम संस्कार दोपहर को वैकुंठ शव दाह गृह में किया जाएगा। शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे, एमएनएस नेता और कार्टूनिस्ट राज ठाकरे, कई अन्य नेता, कला और साहित्य जगत की जानी-मानी हस्तियां श्री लक्ष्मण को श्रद्धांजलि देने पुणे जा रही हैं। समाचार कक्ष मैं विशाल शर्मा
राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और सूचना और प्रसारण मंत्री ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया।
------------------
दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार जोर पकड़ रहा है। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी आज कालकाजी इलाके में अपनी पार्टी के उम्मीदवार के समर्थन में एक रोड शो करेंगे। वहीं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा के कई नेता भी आने वाले दिनों में राजधानी के विभिन्न भागों में सभाएं करेंगे। आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कल राजधानी के कस्तूरबा नगर और जंगपुरा विधानसभा क्षेत्रों में चुनावी सभाओं को संबोधित किया।
70 सदस्यों वाली दिल्ली विधानसभा के लिए सात फरवरी को मतदान होगा और दस फरवरी को मतगणना होगी।
------------------
उधर, तमिलनाडु में तिरुचिरापल्ली जिले में श्रीरंगम विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के उपचुनाव के लिए नामांकन भरने का आज आखिरी दिन है। नामांकन पत्रों की जांच कल की जाएगी।
------------------
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग उत्तर प्रदेश में इलाहाबाद में आज से तीन दिन का शिविर आयोजित कर रहा है। इस शिविर में राज्य के नौ जिलों के 52 मामलों की सुनवाई की जाएगी।
------------------
39वां कोलकाता अंतर्राष्ट्रीय पुस्तक मेला आज शुरू हो रहा है। इस वर्ष मेले का थीम देश ब्रिटेन होगा। जानी-मानी ब्रिटिश लेखिका अनीता आनंद कोलकाता के मिलन मेला परिसर में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की उपस्थिति में मेले का उद्घाटन करेंगी। इसमें 20 देशों के प्रकाशक हिस्सा ले रहे हैं। मेला परिसर के प्रवेश द्वारों को ब्रिटेन की वास्तुकला के बेजोड़ नमूनों के अनुसार सजाया गया है। मेले में विलियम शेक्सपियर, डब्ल्यू बी यीट्स, शंभू मित्रा और सुनीति चट्टोपाध्याय के नाम से पविलियन बनाए गए हैं। यह मेला आठ फरवरी तक चलेगा।
------------------
लिएंडर पेस और सानिया मिर्जा अपने-अपने जोड़ीदारों के साथ ऑस्ट्रेलियन ओपन टेनिस में मिक्स्ड डबल्स के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए हैं। पेस और स्विट्जरलैंड की मार्टिना हिंगिस ने स्पेन की एनाबेल मेडिना और पाब्लो एडुजर को हराकर अंतिम आठ में जगह बनाई। सानिया और ब्राजील के ब्रूनो सोरेस ने अमेरिका की एबिगेल स्पीयर्स और मैक्सिको के सैंटियागो गोंजालेस को पराजित कर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। जूनियर लड़कों के वर्ग में सुमित नगाल तीसरे दौर में पहुंच गए हैं।
------------------
ब्रिटेन में, चर्च ऑफ इंग्लैंड ने पहली बार किसी महिला को बिशप के पद पर नियुक्त किया है। सुश्री लिबि लेन को यॉर्क मिनिस्टर गिरजाघर में नया बिशप ऑफ स्टॉकपोर्ट नियुक्त किया गया है। 48 वर्षीय लेन ने इसे महत्वपूर्ण और उल्लेखनीय क्षण बताया। चर्च ऑफ इंग्लैंड में महिलाओं को पादरी बनाए जाने के 20 वर्ष से भी अधिक समय के बाद किसी महिला को बिशप बनाया गया है। चर्च ने पिछले साल नवम्बर में महिला बिशप की नियुक्ति के लिए नियम बनाया था।
------------------
मिस कोलंबिया पाउलीना वेगा ने 2015 का मिस यूनिवर्स का खिताब जीत लिया है। रविवार की रात मियामी में हुए एक भव्य समारोह में विश्व के अस्सी से अधिक प्रतिभागियों ने अपनी सुंदरता, प्रतिभा और ज्ञान का प्रदर्शन किया। वेगा को 2014 की मिस यूनिवर्स विजेता वेनेजुएला की गैब्रियला इसलर ने ताज पहनाया। नए ताज की कीमत तीन लाख डॉलर है।
------------------
समाचार पत्रों से
- 66वें गणतंत्र दिवस समारोह से जुड़ी खबरें आज के अखबारों की पहली सुर्खी है। राजपथ पर आयोजित मुख्य समारोह के चित्र लगभग सभी अखबारों में छाये हुए हैं। राष्ट्रीय सहारालिखता है- रिमझिम फुहारों के बीच ओबामा की मौजूदगी में देश ने मनाया गणतंत्र दिवस का66वां जश्न। इंडिया ने दिखाई ताकत, राजपथ पर सैन्य क्षमता और सांस्कृतिक धरोहर की झांकियों से अभिभूत हुए ओबामा।
- राजपथ पर पहली बार सश्ास्त्र बलों की महिलाओं की परेड को दैनिक जागरण ने शीर्षक दिया है - राजपथ पर नारी शक्ति। राष्ट्रीय सहारा और नवभारत टाइम्स ने भी इसे सचित्र दिया है। दुनियाभर में भारतीयों ने मनाया गणतंत्र दिवस दैनिक जागरण में है। इकनोमिक टाइम्स की हैडलाइन है-रिपब्लिक ऑफ फ्रैंडशिप, चार अरब डॉलर के इन्वेस्टमेंट का ओबामा का वादा। इसी संदर्भ में हिन्दुस्तान लिखता है - भारत में निवेश, अमरीका में नौकरियां बढ़ेंगी।नवभारत टाइम्स ने लिखा है-भारत की ईमेज बदलने का मोदी ने किया वादा, बड़े प्रोजैक्टों की निगरानी खुद करेंगे।
- महान कार्टूनिस्ट आर. के. लक्ष्मण के निधन पर दैनिक जागरण ने लिखा है - आम आदमी के जुबान थे लक्ष्मण के कार्टून। पत्र लिखता है - रूला गये गुदगुदाने वाले आम आदमी लक्ष्मण। नवभारत टाइम्स ने लिखा है - खामोश हो गया कॉमन मैन।
- पदम पुरस्कारों की घोषणा से हुई प्रतिक्रिया पर दैनिक जागरण ने टिप्पणी की है - सलीम नाराज तो अमिताभ अभिभूत ।
- मौसम के मिजाज के बारे में हिन्दुस्तान ने बताया है-फरवरी के पहले सप्ताह तक कम नहीं होगी ठंड।
