समाचार संध्‍या :- 12/02/2015

मुख्य समाचार :-           
  • वित्‍त मंत्री अरूण जेटली ने कहा- दिल्‍ली चुनाव की हार से आर्थिक सुधारों की गति धीमी नहीं होगी।
  • खुदरा मुद्रस्‍फीति दर जनवरी में बढ़कर पांच दशमलव एक-एक प्रतिशत हुई, औद्योगिक उत्‍पादन में दिसंबर में एक दशमलव सात प्रतिशत की कमी।
  • उच्‍चतम न्‍यायालय ने गुलबर्ग सोसायटी गबन मामले में सामाजिक कार्यकर्ता तीस्‍ता सीतलवाड़ की गिरफ्तारी पर कल तक के लिए रोक लगाई।
  • मुंबई की एक अदालत ने विवादस्‍पद एआईबी रोस्‍ट कार्यक्रम के आयोजकों, करन जौहर, रनबीर सिंह, दीपिका पादुकोण और प्रतिभागियों के खिलाफ पुलिस को एफआईआर दर्ज करने का निर्देश दिया।
  • नीतीश कुमार ने बिहार विधानसभा में विश्‍वास प्रस्‍ताव पेश करने में देरी की आलोचना की।
  • असम में भाजपा को नगरपालिका चुनाव में उल्‍लेखनीय सफलता मिली।
  • सामाजिक कार्यकर्ता अन्‍ना हजारे भूमि अधिग्रहण विधेयक के खिलाफ दिल्‍ली में इस महीने की 24 तारीख को आंदोलन करेंगे।
  • न्‍यूजीलैंड में क्राईस्‍टचर्च में आईसीसी क्रिकेट विश्‍व कप 2015 का भव्‍य उदघाटन।
- - - - -
वित्‍त मंत्री अरुण जेटली ने कहा है कि दिल्‍ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की हार से देश में आर्थिक सुधारों की गति धीमी नहीं पड़ेगी। पांचवी भारत अमरीकी आर्थिक और वित्‍तीय भागीदारी बैठक के बाद श्री जेटली ने कहा कि केन्‍द्र निवेश बढ़ाने, रोजगार सृजन करने और गरीबी हटाने के लिए कृतसंकल्‍प है।
सरकार आर्थिक सुधारों को आगे बढाने के लिये कृतसंकल्‍प है। हमारा मानना है कि जिस तरह के आर्थिक सुधार हमने किये हैं उससे नििश्‍चत रूप से निवेश बढ़ेगा, नये रोजगार के अवसर बनेंगे और लोगों के जीवन स्‍तर में सुधार होगा। साथ ही ये गरीबी हटाने में हमारी मदद करेगी।
श्री जेटली ने कहा कि यह सोचना गलत होगा कि केवल एक चुनाव नहीं जीतने से सरकार का प्रगति का मार्ग धीमा पड़ जाएगा। श्री जेटली ने कहा कि भारत की अर्थव्‍यवस्‍था अधि‍क तेजी से बढ़ने के लिए तैयार है।
अमरीका के वित्‍त मंत्री जेकब जे ल्‍यू से बातचीत के बारे में श्री जेटली ने कहा कि दोनों पक्षों ने मनी लॉंडरिंग यानी चोरी छिपे पैसे विदेश भेजने और आतंकवाद को मिल रही आर्थिक सहायता को रोकने के बारे में चर्चा की। श्री जेकब ने कहा कि भारत के साथ संबंधों को मजबूती प्रदान करना अमरीका की मुख्‍य प्राथमिकता है।
हमारी प्रतिबद्धता इस भरोसे में कायम है कि हम तेजी से बढते दोनों देशों के बाजारों के बीच आर्थिक समनवय और आपसी व्‍यापार को सार्थक रूप से बढाकर उसे आगे ले जा सकते हैं।
उधर, अमरीका के वित्‍तमंत्री जेकब ल्‍यू ने आज नई दिल्‍ली में प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी से मुलाकात की। अमरीका के रिजर्व बैंक यू एस फेडरल रिजर्व के उपाध्‍यक्ष स्‍टैनली ‍फि‍शर भी उनके साथ थे। ये दोनों वित्‍त मंत्री अरुण जेटली की सह अध्‍यक्षता में हो रही भारत-अमरीका आर्थिक और वित्‍तीय सहभागिता वार्ता में भाग लेने के लिए भारत आए हुए हैं। प्रधानमंत्री ने दोनों नेताओं से गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्‍य अतिथि के रूप में भारत आए अमरीका के राष्‍ट्रपति बराक ओबामा की सफल यात्रा की चर्चा की। श्री मोदी ने दोहराया कि भारत और अमरीका के बीच आर्थिक और वित्‍तीय सहयोग दोनों देशों के बीच रणनीतिक संबंधों का महत्‍वपूर्ण स्‍तम्‍भ है।
अमरीकी वित्‍त मंत्री ने प्रधानमंत्री जनधन योजना की सराहना की जिसके कारण देश के दस करोड़ से अधिक लोग अर्थ व्‍यवस्‍था की मुख्‍य धारा से जुड़े हैं।
- - - - -
2012 के नये आधार वर्ष पर आधारित खुदरा मुद्रास्‍फीति की दर इस वर्ष जनवरी में बढ़कर पांच दशमलव एक-एक प्रतिशत हो गई। दिसम्‍बर 2014 में खुदरा मूल्‍यों पर आधारित मुद्रास्‍फीति की दर चार दशमलव दो-आठ प्रतिशत थी। खाद्य मुद्रास्‍फीति जनवरी में बढ़कर छह दशमलव शून्‍य छह प्रतिशत दर्ज हुई।
आधार वर्ष को 2010 से संशोधित कर 2012 तय कर देने के अलावा खुदरा मुद्रास्‍फीति सूचकांक की गणना के लिए केन्‍द्रीय सांख्यिकी कार्यालय ने कुछ श्रेणियों और समूहों का इस सूचकांक में तुलनात्‍मक योगदान बदल दिया है और गणना की प्रक्रिया में भी बदलाव किया है।
- - - - -
औदयोगिक उत्‍पादन की विकास दर नवम्‍बर 2014 के तीन दशमलव नौ प्रतिशत से धीमी पड़कर दिसम्‍बर 2014 में एक दशमलव सात प्रतिशत दर्ज हुई। प्रमुख रूप से खनन क्षेत्र में उत्‍पादन कम होने के कारण औदयोगिक उत्‍पादन की विकासदर में यह गिरावट आई।
- - - - -
औद्योगिकी नीति और संवर्धन विभाग के सचिव अमिताभ कांत ने कहा है कि भारत की अर्थव्‍यवस्‍था की वार्षिक वृद्धि दर नौ से दस प्रतिशत होनी चाहिए ताकि रोजगार के अवसर पैदा हो सके। आज नई‍ दिल्‍ली में राष्‍ट्रीय उत्‍पादकता सप्‍ताह के अवसर पर उन्‍होंने कहा कि युवाओं की बड़ी संख्‍या को देखते हुए देश को आवश्‍यक वृद्धि दर प्राप्‍त करनी होगी।
इस साल उत्‍पादकता सप्‍ताह का विषय है - मेक इन इंडिया - जीरो डिफेक्‍ट, जीरो इफेक्‍ट। उत्‍पाद त्रुटिरहित होना चाहिए और पर्यावरण पर उसका कोई विपरित प्रभाव नहीं पडना चाहिए। इस अवसर पर राष्‍ट्रीय उत्‍पादकता परिषद के महानिदेशक हरभजन सिंह ने भी परिषद की उपलब्धियों की चर्चा की।
- - - - -
उच्‍चतम न्‍यायालय ने सामाजिक कार्यकर्ता तीस्‍ता सीतलवाड और उनके पति जावेद आनंद की गिरफ्तारी पर कल तक के लिए रोक लगा दी है। आज दिन में गुजरात उच्‍च न्‍यायालय ने 2002 के दंगों में तबाह हुई गुलबर्ग सोसायटी में एक संग्रहालय के लिए जमा किए गए धन में कथित गबन के मामले में दोनों की अग्रिम जमानत याचिका नामंजूर कर दी थी।
प्रधान न्‍यायाधीश एच एल दत्‍तू की अध्‍यक्षता वाली पीठ ने कहा कि कल इस मामले की सुनवाई होने तक तीस्‍ता सीतलवाड और उनके पति जावेद आनंद को गिरफ्तार नहीं किया जाये। इन दोनों पर एक करोड़ 51 लाख रुपये की राशि का दुरुपयोग करने का आरोप है। तीस्‍ता सीतलवाड का आरोप है कि उनके खिलाफ ये मामला राजनीतिक उददेश्‍य से दर्ज किया गया है और उन्‍होंने धन का कोई दुरुपयोग नहीं किया।
- - - - -
ओडिशा में भुबनेश्‍वर की विशेष सी बी आई अदालत ने मयूरभंज के बीजू जनता दल के सांसद रामचंद्र हंसदा की अंतरिम जमानत की याचिका आज नामंजूर कर दी। उन्‍होंने आगामी लोकसभा के बजट सत्र में भाग लेने के लिए जमानत की अर्जी लगाई थी। हंसदा को सी बी आई ने करोड़ों रुपये के चिटफंड घोटाले के सिलसिले में गिरफ्तार किया हुआ है।
- - - - -
पटना उच्‍च न्‍यायालय ने आज कहा कि श्री नीतीश कुमार को जनता दल यूनाइटेड विधायक दल का नेता स्‍वीकार किए जाने के विधानसभा सचिव के पत्र की कानूनी जांच के आदेश को किसी दल के अंदरुनी मामले में हस्‍तक्षेप नहीं समझा जाना चाहिए। मुख्‍य न्‍यायाधीश एल एन रेडडी और न्‍यायमूर्ति विकास जैन की पीठ ने पूर्व जनता दल यूनाइटेड मंत्री पी के शाही की पुनर्विचार याचिका पर सुनवाई करते हुए यह बात कही।
- - - - -
जनता दल यूनाइटेड के नेता नीतीश कुमार ने आरोप लगाया है कि प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी बिहार में विधायकों की खरीद फरोख्‍त को बढ़ावा दे रहे हैं। आज नई दिल्‍ली में उन्‍होंने आरोप लगाया कि केन्‍द्र की शह पर राज्‍यपाल मुख्‍यमंत्री जीतनराम मांझी को अधिक समय दे रहे हैं ताकि अपना बहुमत साबित करने के लिए वे विधायकों को लुभा सकें। श्री कुमार ने कहा कि बिहार में जो कुछ हो रहा है उसकी पटकथा पिछले हफ्ते नई दिल्‍ली में श्री मांझी और प्रधानमंत्री के बीच मुलाकात के बाद लिखी गई है। उन्‍होंने आरोप लगाया कि विधायकों को मंत्री बनाये जाने की पेशकश की जा रही है, यहां तक कि उन्‍हें भाजपा का टिकट देने की बात भी की जा रही है।
इस बीच भाजपा ने इन आरोपों का खण्‍डन करते हुए इन्‍हें बेबुनियाद बताया है। पार्टी के वरिष्‍ठ नेता और केन्‍द्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा कि श्री नीतीश कुमार मुख्‍यमंत्री बनने की जल्‍दबाजी में हताश हो कर ये आरोप लगा रहे हैं।
बीजेपी का टिकट देने की बात और घूस देने का आरोप, ये बिलकुल बेबुनियाद हैं और नितिश कुमार जी जो कुछ मर्यादा और स्‍वच्‍छता की बात करते हैं उनसे इस तरह के झूठे और सभी आरोपों की अपेक्षा नहीं थी। हम उसका गंभीर रूप से प्रतिकार करते हैं।
श्री प्रसाद ने कहा कि राज्‍य का मौजूदा राजनीतिक संकट जनता दल यूनाइटेड का अंदरुनी मामला है और भाजपा का इससे कोई लेना-देना नहीं है। श्री नीतीश कुमार और श्री जीतनराम मांझी के बीच मुख्‍यमंत्री पद को लेकर संघर्ष जारी है।
- - - - -
मुंबई की एक अदालत ने हाल ही में आयोजित विवादास्‍पद ए आई बी रोस्‍ट के आयोजकों और उसमें भाग लेने वालों के खिलाफ एफ आई आर दर्ज कराने का पुलिस को निर्देश दिया है। अतिरिक्‍त मुख्‍य मेट्रोपोलिटन मजिस्‍ट्रेट सी एस बाविस्‍कर ने मुंबई फिल्‍म जगत की मशहूर हस्तियों करण जौहर, रणवीर सिंह, अर्जुन कपूर, आलिया भट, दीपिका पादुकोण और राजीव मसंद के खिलाफ मामला दर्ज करने का निर्देश मुंबई पुलिस को दिया है। अदालत ने कार्यक्रम के आयोजकों, निर्देशकों, पटकथा लेखकों और अन्‍य भागीदारों के साथ-साथ आयोजन स्‍थल नेशनल स्‍पोर्टस क्‍लब ऑफ इंडिया के खिलाफ भी एफ आई आर दर्ज कराने का निदेश दिया है। इन लोगों के खिलाफ महिला दर्शकों के सामने अभद्र और अश्‍लील भाषा का प्रयोग करने के आरोप में मामला दर्ज किया जाएगा। न्‍यायालय ने यह आदेश वकील आभा सिंह के जरिए एक सामाजिक कार्यकर्ता की याचिका पर दिया है।
ये घटनाक्रम बम्‍बई उच्‍च न्‍यायालय के उस आदेश के दो दिन बाद सामने आया है। जिसमें न्‍यायालय ने सूचना प्रसारण मंत्रालय को इस मामले में अपना जवाब देने को कहा था। ये कार्यक्रम यू टयूब पर खूब दिखाया गया था, लेकिन अश्‍लीलता की शिकायत के बाद इसे इसी महीने यू टयूब से हटा लिया गया था। जाने माने फिल्‍म कलाकार आमिर खान ने इस कार्यक्रम की खुलकर आलोचना की है।
- - - - -
असम में नगर पालिका चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को उल्‍लेखनीय सफलता मिली है। आज कुल 74 में से 72 नगर निकायों के चुनाव परिणाम घोषित किए गए, जिनमें भारतीय जनता पार्टी को 38 में बहुमत मिला है। कांग्रेस को 17 में, असम गण परिषद को 02 में और राष्‍ट्रवादी कांग्रेस पार्टी को 01 में जीत मिली है।
- - - - -
जानेमाने समाजसेवी अण्‍णा हजारे 24 फरवरी को नई दिल्‍ली के जंतर मंतर में भूमि अधिग्रहण अध्‍यादेश के खिलाफ किसानों की दिनभर चलने वाली रैली को सम्‍बोधित करेंगे। समाजसेवी मेधा पाटकर भी इस आन्‍दोलन में भाग लेंगी। आन्‍दोलन को 70 से अधिक संगठन समर्थन दे रहे हैं। यह जानकारी श्री अण्‍णा के एक सहयोगी ने आज महाराष्‍ट्र के रालेगण सिद्धी में दी।
- - - - -
राष्‍ट्रीय स्‍वयंसेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत ने आज नई दिल्‍ली में संघ परिवार के वरिष्‍ठ नेताओं के साथ बैठक की, जिसमें दिल्‍ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की हार के कारणों पर चर्चा हुई। बैठक में भैयाजी जोशी, सुरेश सोनी, दत्‍तारे हौसबोले और कृष्‍ण गोपाल मौजूद थे जो संघ परिवार और भाजपा के बीच संपर्क का काम करते हैं।
- - - - -
दिल्‍ली के मनोनीत मुख्‍यमंत्री अरविन्‍द केजरीवाल ने आज प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी से उनके आवास पर मुलाकात की। उन्‍होंने श्री मोदी को शनिवार को उनकी सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में आने का निमंत्रण दिया। बैठक के बाद श्री केजरीवाल के साथ आए श्री मनीष सिसोदिया ने बताया कि प्रधानमंत्री के साथ उनकी बातचीत अच्‍छी रही। श्री सिसोदिया ने यह भी बताया कि उन्‍होंने दिल्‍ली को पूर्ण राज्‍य का दर्जा देने की मांग की है। श्री मोदी ने इस मुद्दे पर गौर करने का आश्‍वासन दिया है।
श्री सिसोदिया ने बताया कि प्रधानमंत्री के पहले से निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उन्‍हें महाराष्‍ट्र जाना है, इसलिए वे शपथ ग्रहण समारोह में नहीं आ पाएंगे।
- - - - -
आईसीसी क्रिकेट विश्‍व कप का उद्घाटन आज न्‍यूजीलैण्‍ड के क्राइस्‍टचर्च में रंगारंग समारोह के साथ संपन्‍न हुआ। मुख्‍य मुकाबले शनिवार से शुरू होंगे। हमारे संवाददाता ने बताया है कि भारत अपने पहले मुकाबले में रविवार को पाकिस्‍तान से खेलेगा।
महान क्रिकेटरों के साथ बच्चों की मौजूदगी और मंच पर माओरी वॉरियर्स और मोरिस नर्तकों की प्रस्तुति के बीच आज क्राइस्‍टचर्च में रंगारंग समारोह में क्रिकेट विश्व कप का उद्घाटन हुआ। हेग्ले पार्क में हजारों दर्शकों की मौजूदगी में आस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में 23 साल के बाद हो रहे विश्व कप के उद्घाटन समारोह की शुरूआत बैगपाइपर से, अंत शानदार आतिशबाजी के साथ हुआ। आई सी सी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डेविड रिचर्डसन ने ट्रॉफी का अनावरण किया। समारोह के दौरान जाने माने खिलाडि़यों के साथ 80 बच्चे मौजूद थे और चार बड़े अंडाकार हिस्सों पर क्रिकेट खेला गया जिन्हें 14 मैदानों में बांटा गया था जो कि इस टूर्नामेंट में हिस्सा ले रहे 14 देशों का प्रतिनिधित्व कर रहे थे। कुल 49 मैचों के क्रिकेट के इस महाकुंभ की शुरुआत ओवल में न्‍यूजीलैंड और श्रीलंका के बीच मैच से होगी। आकाशवाणी समाचार के लिए नई दिल्‍ली से मैं मुकेश।
- - - - -
प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने आई सी सी क्रिकेट विश्‍वकप 2015 के लिए भारतीय क्रिकेट टीम और कप्‍तान महेन्‍द्र सिंह धोनी को शुभकामनाएं दी हैं। प्रधानमंत्री ने भारतीय क्रिकेट टीम के प्रत्‍येक सदस्‍य को प्रोत्‍साहित करने के लिए विशेष अंदाज में संदेश भेजे हैं। श्री मोदी ने कहा है कि खेलो दिल से वर्ल्‍ड कप लाओ फिर से।
- - - - -