समाचार प्रभात :- 12/02/2015

मुख्‍य समाचार
  • बिहार के राज्‍यपाल ने मुख्‍यमंत्री जीतन राम मांझी से 20 फरवरी को सदन में बहुमत साबित करने को कहा।
  • महाराष्‍ट्र में शिवसेना और भाजपा के बीच तनाव बढ़ा, राज्‍य सरकार में शिवसेना के एक मंत्री ने कथित अनदेखी पर इस्‍तीफे की धमकी दी। मुख्‍यमंत्री ने इसका खंडन किया।
  • उच्‍चतम न्‍यायालय ने किसानों को जमीन अधिग्रहण के मुआवजे के भुगतान में देरी के लिए केन्‍द्र की आलोचना की।
  • पाकिस्‍तान सोमवार को 173 भारतीय कैदियों को रिहा करेगा। श्रीलंका भी 87 भारतीय नौकाएं भारत को सौंपेगा। 
  • संयुक्‍तराष्‍ट्र शरणार्थी एजेंसी ने कहा - भूमध्‍य सागर में मोटरबोट दुर्घटना में तीन सौ लोगों के डूबने की आशंका।
  • चेन्‍नई सुपर किंग्‍स टीम का स्‍वामित्‍व इंडिया सीमेंट्स लिमिटेड की एक सहायक कंपनी को मिला। आई पी एल में एन श्रीनिवासन के हितों के टकराव को कम करने का रास्‍ता साफ।
------------
बिहार के राज्‍यपाल केसरी नाथ त्रिपाठी ने मुख्‍यमंत्री जीतनराम मांझी से 20 फरवरी को विधानसभा में बहुमत सिद्ध करने को कहा है। राज्‍यपाल के प्रधान सचिव बृजेश मलहोत्रा ने बताया कि अगले शुक्रवार बजट सत्र के पहले दिन विधानसभा में राज्‍यपाल के अभिभाषण के तुरंत बाद मतविभाजन या गुप्‍त मतदान के जरिए शक्ति परीक्षण कराया जाएगा।
ताजा घटनाक्रम से पहले जनता दल यूनाइटेड के नेता नीतीश कुमार ने कल नई दिल्‍ली में राष्‍ट्रपति प्रणब मुखर्जी से मिलकर 130 विधायकों का समर्थन प्रदर्शित किया। इसके अलावा पटना उच्‍च न्‍यायालय ने जेडीयू विधायक दल के नेता के रूप में नीतीश कुमार के चुनाव पर रोक लगा दी थी।
------------
आम आदमी पार्टी विधायक दल के नेता अरविंद केजरीवाल आज नई दिल्‍ली में प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी से मुलाकात करेंगे। उम्‍मीद है कि वे शनिवार को रामलीला मैदान में शपथ ग्रहण समारोह में उन्‍हें आमंत्रित करेंगे। दिल्‍ली विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत के बाद श्री केजरीवाल की प्रधानमंत्री के साथ यह पहली बैठक होगी।
------------
महाराष्ट्र मंत्रिमंडल में शिवसेना के राजस्व राज्य मंत्री संजय राठौड़ ने खुद को दरकिनार किये जाने की शिकायत करते हुए इस्तीफा देने की धमकी दी है। श्री राठौड़ ने शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे को पत्र लिखकर अपने पद से त्यागपत्र देने की इच्छा व्यक्त की है। सूत्रों ने बताया है कि श्री राठौड़ ने कहा है कि मंत्री होने के बावजूद उनके पास कोई काम नहीं है और भारतीय जनता पार्टी के कैबिनेट मंत्री उन्हें कोई फैसला या उनकी इच्छा के मुताबिक कोई काम नहीं करने दे रहे हैं।
शिवसेना के एक और मंत्री रवीन्द्र वाईकर ने भी ऐसी ही शिकायत करते हुए कहा है कि कई फैसलों के बारे में कैबिनेट मंत्री राज्य मंत्रियों को अंधेरे में रख रहे हैं।
मुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़नवीस ने इन आरोपों को खारिज किया है।
हमारे संवाददाता ने खबर दी है कि फिलहाल महाराष्ट्र में पांच कैबिनेट और पांच राज्य मंत्री हैं। भाजपा ने वित्त, गृह और राजस्व जैसे महत्वपूर्ण विभाग अपने पास रखे हैं, जबकि शिवसेना को पर्यावरण, स्वास्थ्य और उद्योग विभाग दिये गये हैं।
------------
उच्चतम न्यायालय ने किसानों को अधिगृहित जमीन का मुआवजा देने में देरी के लिए केंद्र की आलोचना की है। न्यायालय ने पंजाब में छावनी इलाकों में भूमि अधिग्रहण का मुआवजा देने के मामले में रक्षा मंत्रालय की अपील पर सुनवाई करते हुए केंद्र की भूमिका पर यह टिप्पणी की।
प्रधान न्यायाधीश एच एल दत्तू की अध्यक्षता में पीठ ने पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय के फैसले में हस्तक्षेप से इंकार करते हुए, कई मामलों खासकर किसानों के मुआवजे के मुद्दों पर अपील दायर करने को लेकर सरकार की आलोचना की।
------------
जम्मू-कश्मीर के बांदीपुरा जिले में वन क्षेत्र में कल शाम सेना का एक हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें उसके पायलट और सह पायलट की मृत्यु हो गई। रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल एन.एन. जोशी ने बताया कि सफापुरा पहाड़ियों पर उड़ान भरते समय इसका संपर्क टूट गया और यह सादरकोट क्षेत्र के निकट दुर्घटनाग्रस्त हो गया। उन्होंने कहा कि बचाव दल को दोनों पायलटों के शव मिल गए हैं।
------------
जम्मू-कश्मीर और पाकिस्तान के कब्जे वाले क्षेत्र में नियंत्रण रेखा से रुका व्यापार फिर शुरू करने पर सहमति हो गयी है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि दोनों पक्षों ने एक ट्रक को छोड़कर बाकी सभी ट्रकों को  अपने अपने इलाकों में  लौट जाने की अनुमति दे दी।
शुक्रवार को कश्मीर के 50 ट्रक और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर से 22 ट्रक एक दूसरे के यहां उस वक्त फंस गये जब बारामूला में अधिकारियों ने पाकिस्तान से संतरा लेकर आये ट्रक से संदिग्ध सामान बरामद किया। इस घटना के बाद व्यापार और साप्ताहिक बस सेवा स्थगित कर दी गयी थी। दोनों पक्षों के बीच सामान्य कारोबार आज से शुरु हो जायेगा जबकि नियंत्रण रेखा के पार बस सेवा सोमवार से बहाल होगी। 2008 में सीमापार से कारोबार फिर शुरु होने के बाद से यह तीसरा मौका है जब पाकिस्तान से आये ट्रक से नशीले पदार्थ बरामद किये गये हैं। श्रीनगर से आर. के. रैना की रिपोर्ट के साथ में समाचार कक्ष से में अलका सिंह।
------------
विदेश मंत्रालय ने कहा है कि पाकिस्‍तान 16 फरवरी को भारत के 173 कैदियों को रिहा कर देगा। विदेश मंत्रालय के प्रवक्‍ता सैयद अकबरूद्दीन ने ट्वीट संदेश में बताया कि सरकार को कैदियों की रिहाई के बारे में पाकिस्‍तान से पत्र मिला है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार 526 भारतीय पाकिस्‍तान की जेलों में बंद हैं।
------------
श्रीलंका सरकार ने उसकी नौसेना द्वारा जब्‍त की गई भारत की मछली पकड़ने वाली 87 नौकाओं को लौटाने का फैसला किया है। इन नौकाओं को अंतर्राष्‍ट्रीय समुद्री सीमा का गलत तरीके से उल्‍लंघन करने के आरोप में कब्‍जे में लिया गया था। श्रीलंका के राष्‍ट्रपति मैत्रिपाला सिरीसेना की अगले हफ्ते भारत यात्रा से पहले इन नौकाओं को लौटाने का फैसला किया गया।
------------
भूमध्यसागर में चार मोटरबोट के डूबने की घटना में तीन सौ लोगों के मारे जाने की आशंका है। संयुक्त राष्ट्र की शरणार्थी एजेंसी के अनुसार 110 लोगों को इटली के लाम्पेदूसा द्वीप से बचाया गया। माना जा रहा है कि ये लोग पश्चिमी अफ़्रीका के हैं। शरणार्थियों के लिए काम करने वाली अंतरराष्ट्रीय संस्था ने कहा कि इन लोगों को लेकर शनिवार को चार मोटरबोट लीबिया से यूरोप के लिए निकली थीं।
------------
फ्रांस, जर्मनी, रूस और यूक्रेन के नेताओं ने बेलारूस की राजधानी मिंस्क में यूक्रेन शांति वार्ता की शुरूआत की है। यूक्रेन में पिछले 10 महीनों से जारी हिंसा खत्म कराने को लेकर वार्ता हो रही है। संयुक्त राष्ट्र के अनुसार हिंसा में अब तक 5,300 लोगों की मौत हो चुकी है।
यूक्रेन में हिंसा का दौर जारी है। मिंस्क शांति वार्ता से पहले हुई हिंसा में कम-से-कम 50 लोगों के मारे जाने और अनेक लोगों के घायल होने की खबर है।
------------
हिमाचल प्रदेश में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने अपराध और अपराधियों पर नजर रखने के लिए नेटवर्क प्रणाली परियोजना--सीसीटीएनएस शुरु की है। इससे राज्य पुलिस को अपना काम अधिक पेशेवर तरीके से करने और एक से अधिक राज्यों में सक्रिय अपराधियों की धरपकड़ में मदद मिलेगी। हमारे संवाददाता ने खबर दी है कि इस परियोजना की शुरुआत शिमला में राज्य पुलिस मुख्यालय से की गई।
भारत सरकार द्वारा वित्त पोषित यह उन्नीस करोड़ रूपये की परियोजना राज्य में एक सौ चौदह पुलिस थानों के अलावा तेरह जिला मुख्यालयों, 26 उपमंडल पुलिस अधिकारियों और तीनों पुलिस रेंजरों को आपस में जोड़ देगी। सभी पुलिस थानों के रिकॉर्ड में डिजिटल करने की प्रकिया युद्ध स्तर पर चल रही है और अभी तक एक लाख से अधिक रिकॉर्ड डिजिटल किया जा चुका है। मुम्बई के छब्बीस ग्यारह हमले के बाद केन्द्रीय गृह मंत्रालय द्वारा तैयार इस परियोजना को पायलट आधार पर शिमला शहर के पांच पुलिस थानों में लागू कर हिमाचल देश का पहला राज्य बन गया है। शिशु शर्मा शांतल, आकाशवाणी समाचार, शिमला।
------------
दिल्‍ली पुलिस ने कहा है कि सुनंदा पुष्‍कर हत्‍या मामले की जांच के लिए गठित विशेष जांच दल उनके पति, कांग्रेस नेता और पूर्व केन्‍द्रीय मंत्री शशि थरूर से आज पूछताछ करेगी। कल संवाददाताओं से बातचीत में दिल्‍ली के पुलिस आयुक्‍त बी.एस. बस्‍सी ने कहा कि श्री थरूर से दोबारा पूछताछ की जाएगी, क्‍योंकि पुलिस को उनसे कुछ बिंदुओं पर स्‍पष्‍टीकरण लेने की ज़रूरत है।
------------
पंजाब में, सीमा सुरक्षा बल और पंजाब पुलिस ने संयुक्‍त कार्रवाई में कल देर रात फिरोजपुर सेक्‍टर से 60 करोड़ रुपये कीमत की हेरोइन जब्‍त की। बाद में पंजाब पुलिस ने अंतर्राष्‍ट्रीय हेरोइन तस्‍कर और तरनतारन के निवासी हरबंत सिंह को इस मामले में गिरफ्तार किया, जिसको सीमा पार से हेरोइन की ये खेप मिलनी थी।
------------
भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड-बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष एन श्रीनिवासन के स्वामित्व वाली इंडिया सीमेंट्स कंपनी के बोर्ड ने आईपीएल की टीम चेन्नई सुपर किंग्स को अपनी ही एक अन्य सहायक कंपनी चेन्नई सुपर किंग्स क्रिकेट लिमिटेड को हस्तांतरित करने की मंजूरी दे दी है। कल चेन्नई में आयोजित कंपनी के बोर्ड की बैठक में इस आशय का फैसला लिया गया।
उच्‍चतम न्‍यायालय ने श्रीनिवासन पर चेन्‍नई सुपर किंग्‍स का स्‍वामित्‍व नहीं छोड़ने तक बीसीसीआई के चुनाव लड़ने पर रोक लगा दी है।
------------
केरल में चल रहे 35वें राष्ट्रीय खेलों में 12 एथलेटिक्स मुकाबलों के फाइनल आज खेले जाएंगे। इनमें जूड़ो, साइक्लिंग, केनोइंग और कायाकिंग के फाइनल शामिल हैं।
पदक तालिका में 68 स्वर्ण, 19 रजत और 22 कांस्य के साथ सेना शीर्ष पर बनी हुई है। हरियाणा 30 स्वर्ण, 26 रजत और 17 कांस्य के साथ दूसरे स्थान पर है।
------------
समाचार पत्रों से
बिहार का राजनीतिक संकट कुछ अखबारों की बड़ी खबर है। जनसत्ता की सुर्खी है--दिल्ली में दम दिखा रहे नीतीश को झटका, विधायक दल के नेता के रूप में मान्यता देने के फैसले पर हाईकोर्ट की रोक। पंजाब केसरी की टिप्पणी है--राष्ट्रपति के समक्ष पावर परेड, राष्ट्रपति ने संविधान के रास्ते पर चलने की दी सलाह।
दिल्ली विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक विजय के सूत्रधार अरविंद केजरीवाल की राष्ट्रपति और केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात पर नवभारत टाइम्स के शब्द हैं--केजरीवाल एक्शन में। दैनिक जागरण का शीर्षक है--जेड प्लस सुरक्षा नहीं, दो पूर्ण राज्य का दर्जा। दैनिक भास्कर की टिप्पणी है--शपथ ग्रहण समारोह के लिये दिया न्योता, मांगा हक। उधर अमर उजाला का शीर्षक है--हार की अंदरूनी रिपोर्ट में भाजपा नेतृत्व पर सवाल, कल संसदीय बोर्ड की बैठक में पार्टी कर सकती है मंथन।
आम आदमी पार्टी और कांग्रेस को राजनीतिक चंदे पर आयकर विभाग के नोटिस की खबर अखबारों के मुखपृष्ठ पर है।
सकल घरेलू उत्पाद की गणना के तरीके और आधार वर्ष में बदलाव पर दैनिक जागरण की सुर्खी है--जीडीपी की तरह खुदरा महंगाई के आएंगे नये आंकड़े, उपभोक्ता मूल्य सूचकांक में खाद्य वस्तुओं का वेटेज हुआ कम, आज जारी हो सकते हैं नये आंकड़े। इकोनॉमिक टाइम्स की खबर है--इनवेस्टमेंट के नाम पर और टलेगा गार, यानी करवंचना रोधी सामान्य नियमों पर अमल।
अमर उजाला की खबर है--छह सौ नोएडावासियों के भी विदेशी बैंकों में खाते, विदेशी बैंकों में खाता खुलवाने का मकसद होता है कर चोरी। उधर हिंदुस्तान कहता है--विदेशी बैंकों में धन जमा करने पर कानून जल्द।
स्वाइन फ्लू पर दैनिक भास्कर लिखता है--महामारी बन रहा स्वाइन फ्लू, देशभर में चार सौ सात लोगों की मौत, राजस्थान, गुजरात, मध्यप्रदेश सर्वाधिक प्रभावित।
------------