दोपहर समाचार :- 10/02/2015

मुख्य समाचार
  • दिल्‍ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी की अभूतपूर्व जीत।  90 प्रतिशत से अधिक सीटों पर जीत लगभग तय। भाजपा की ऐतिहासिक हार, केवल तीन सीटें मिलने की उम्‍मीद। कांग्रेस का सफाया।
  • भाजपा की मुख्‍यमंत्री पद की उम्‍मीदवार किरण बेदी और कांग्रेस उम्‍मीदवार अजय माकन हारे। श्री माकन का कांग्रेस महासचिव पद से इस्‍तीफा।
  • आम आदमी पार्टी सरकार का शपथ ग्रहण 14 फरवरी को।
  • प्रधानमंत्री की केजरीवाल को बधाई। दिल्‍ली के विकास में केन्‍द्र के समर्थन का आश्‍वासन।
  • आम आदमी पार्टी को सभी की बधाई। पश्चिम बंगाल की मुख्‍यमंत्री ममता बनर्जी ने इसे बदले की राजनीति कर रहे लोगों की बड़ी हार बताया।
  • बिहार में मुख्‍यमंत्री जीतन राम मांझी और नितीश कुमार के नेतृत्‍व वाले जनता दल यूनाइटेड विधायकों के प्रतिद्वंदवी गुटों  को राज्‍यपाल के बुलावे का इंतजार। श्री मांझी ने दोपहर बाद मंत्रिमंडल की बैठक बुलाई।
..........
दिल्‍ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी को ऐतिहासिक बहुमत मिलने के पूरे आसार हैं। भाजपा को करारी हार का सामना करना पड़ा है, जबकि कांग्रेस का पूरी तरह सफाया हो गया है। ताजा स्थिति के अनुसार 70 सदस्‍यों वाली विधानसभा में आम आदमी पार्टी बहुमत के आंकडे को पार कर चुकी है और उसने 46 सीटें जीत ली हैं तथा 21 पर आगे चल रही है। पिछले चुनाव में 31 सीटें जीतने वाली भाजपा ने दो सीटें जीत ली हैं और एक पर आगे है।

आम आदमी पार्टी नेता अरविन्‍द केजरीवाल जीत गये हैं, जबकि भाजपा की मुख्‍यमंत्री पद की उम्‍मीदवार किरण बेदी और कांग्रेस के मुख्‍यमंत्री पद के उम्‍मीदवार अजय माकन हार गये हैं।

आम आदमी पार्टी नेता अरविन्‍द केजरीवाल ने भाजपा की नुपुर शर्मा को 39 हजार से अधिक वोटों से हराया। आम आदमी पार्टी के नारायण दत्‍त शर्मा बदरपुर सीट से, कर्नल देविन्‍दर सहरावत बिजवासन सीट पर, ए पी त्रिपाठी मॉडल टाउन से, सत्‍येन्‍द्र जैन शकूरबस्‍ती से, अलका लांबा चांदनी चौक से और सौरभ भारद्वाज ग्रेटर कैलाश से विजयी हुए हैं।

भाजपा के विजेन्‍द्र गुप्‍ता रोहिणी सीट से विजयी हुए हैं। आम आदमी पार्टी के मनीष सिसोदिया और सोमनाथ भारती आगे चल रहे  हैं।

आम आदमी पार्टी छोड़कर भाजपा में आए विनोद कुमार बिन्‍नी हार गये हैं। कांग्रेस की किरण वालिया और शोएब इकबाल पीछे चल रहे हैं।

श्रीमती किरण बेदी को भाजपा की गढ़ कृष्‍णानगर सीट पर आम आदमी पार्टी के ए.के. बग्‍गा ने दो हजार वोटो के अन्‍तर से हराया। इस सीट पर भाजपा के डॉ0 हर्षवर्द्धन जीतते रहे हैं।
..........
आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग आज रात साढ़े नौ बजे से साढ़े दस बजे तक हिन्दी और अंग्रेजी में विशेष फोन इन कार्यक्रम दिल्ली चुनाव का फैसला का प्रसारण किया जायेगा। यह कार्यक्रम इन्‍द्रप्रस्‍थ और एफएम गोल्‍ड चैनलों पर उपलब्‍ध रहेगा।
..........
आम आदमी पार्टी प्रमुख अरविन्‍द केजरीवाल 14 फरवरी को दिल्‍ली के मुख्‍यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे।
आम आदमी पार्टी नेता आशुतोष के हवाले से समाचार एजेंसी पीटीआई ने  खबर दी है कि श्री केजरीवाल दिल्‍ली के रामलीला मैदान में शपथ लेंगे।
............
दिल्‍ली में आम आदमी पार्टी की जीत पर प्रतिक्रियाएं मिल रही हैं।

आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि यह जनता की जीत है और भ्रष्‍टाचार और वीआईपी संस्‍कृति समाप्‍त करना उनकी प्राथमिकता होगी। पार्टी कार्यालय के बाहर आप समर्थकों की हर्षध्‍वनि के बीच श्री केजरीवाल ने कहा कि मतदान सत्‍य और ईमानदारी के हक में है और भाजपा के अहंकार के खिलाफ है।

मैं यह भी निवेदन करना चाहूंगा सभी कार्यकर्ताओं से, सभी हमारे एमएलए से, ज़रा सा भी अंहकार मत करना। आज जो कांग्रेस का हाल हुआ, आज जो बीजेपी का हाल हुआ वो उनके अंहकार की वजह से हुआ तो यही सबक जनता हमको भी पांच साल के बाद दिखाएगी। हाथ जोड़के सब लोगों की सेवा करनी है। दिल्‍ली के लोगों की सेवा करनी है। मैं अकेला कुछ नहीं कर सकता। मैं बहुत छोटा आदमी हूं।

आम आदमी पार्टी के नेता आशुतोष ने कहा कि चुनावी राजनीति में धन शक्ति और जन शक्ति की संस्‍कृति में परिवर्तन लाना पार्टी के लिए बड़ी चुनौती होगी। 

सरकार चलाने की चुनौती इतनी बड़ी चुनौती नहीं है। सरकार को चलाया जा सकता है, उसमें कोई दिक्‍कत वाली बात नहीं है। लेकिन जो लोगों ने हमसे उम्‍मीद की है कि एक नई राजनीतिक संस्‍कृति हमें देश के अंदर लगानी है, जिसमें मनीपावर, मसल पावर, मैनयूपलेशन न हो। जिसमें आम आदमी अगर चुनाव लड़ना चाहे तो लड़ सके, ईमानदारी के साथ लड़ सके। ये हमारे लिए ज्‍यादा बड़ी चुनौती है और मुझे लगता है कि अगर हम उस चुनौती में खरे उतर पाए तो शायद देश के विकास में हमारा कुछ योगदान हो पाएगा।
.........
प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने श्री केजरीवाल को दिल्‍ली विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी की जीत पर बधाई दी है। श्री मोदी ने ट्वीट करते हुए कहा कि उन्‍होंने श्री केजरीवाल से फोन पर बात की और उन्‍हें दिल्‍ली के विकास में केन्‍द्र के समर्थन का भरोसा दिलाया। कांग्रेस अध्‍यक्ष सोनिया गांधी और उपाध्‍यक्ष राहुल गांधी ने श्री केजरीवाल को जीत की बधाई दी है। श्री राहुल गांधी ने कहा है कि दिल्‍ली वासियों ने आम आदमी पार्टी को चुना है और कांग्रेस इस जनादेश का सम्‍मान करती है।
.........
पश्चिम बंगाल की मुख्‍यमंत्री ममता बनर्जी ने आम आदमी पार्टी को दिल्‍ली विधानसभा चुनाव में जीत पर बधाई दी है। उन्‍होंने इस जीत को देश के वर्तमान राजनीतिक परिदृश्‍य में बदलाव का सूत्रपात बताया है। उन्‍होंने यह भी कहा कि बदला लेने की राजनीति कर रहे लोगों की यह बड़ी हार है।

सुश्री ममता बनर्जी ने अपने ट्वीट में कहा कि यह जनता की जीत और अहंकार की बड़ी हार है।
..........
नेशनल कान्‍फ्रेंस के कार्यकारी अध्‍यक्ष और जम्‍मू-कश्‍मीर के पूर्व मुख्‍यमंत्री उमर अब्‍दुल्‍ला ने दिल्‍ली विधानसभा चुनाव जीतने पर आम आदमी पार्टी की तारीफ की है।

जाने माने सामाजिक कार्यकर्ता अन्‍ना हजारे ने आम आदमी पार्टी की शानदार जीत पर अरविंद केजरीवाल को बधाई दी है।
..........
भाजपा नेता मुख्‍तार अब्‍बास नकवी ने कहा कि यह पार्टी के लिए नसीहत है और वह इस बात का विश्‍लेषण करेगी कि इसके पीछे क्‍या कारण रहे।  

ये चुनाव है दिल्‍ली का। ये भाजपा के लिए सबक है और केजरीवाल साहब और उनकी पार्टी के और उनकी टीम के लिए संदेश है। संदेश यह है कि उन्‍होंने जो वायदे किए हैं, उसे पूरा करना है। सबक हमारे लिए है कि हम जो है जो कुछ करना चाहते थे वो अच्‍छी तरह से हम कर नहीं पाए थे। कहीं चूक रही होगी, कहीं कमी रही होगी। इसका आकलन करके हम करेक्‍ट करेंगे।

कांग्रेस की अभूतपूर्व हार की नैतिक जिम्‍मेदारी लेते हुए पार्टी की प्रचार समिति के प्रमुख अजय माकन ने अखिल भारतीय कांग्रेस समिति के महासचिव पद से त्‍यागपत्र दे दिया है। नई दिल्‍ली में श्री माकन ने आम आदमी पार्टी को उसके शानदार प्रदर्शन पर बधाई दी। श्री माकन ने उम्‍मीद जाहिर की कि आम आदमी पार्टी जनता से किए वायदे पूरे करेगी।

बधाई देना चाहेंगे अरविन्‍द केजरीवाल जी को और उम्‍मीद करेंगे कि जो वायदे उन्‍होंने किए हैं, जो सपने उन्‍होंने  इस चुनाव के दौरान और पहले, जिन सपनो को रेखांकित किया है, उन सपनों को जरूर पूरा करेंगे। उन वायदों को जरूर पूरा करेंगे। लोकतंत्र की और मजबूती के लिए मैं दिल से यह इच्‍छा करता हूं कि उन वायदों को जरूर पूरा कर पाएंगे।

भारतीय जनता पार्टी की मुख्‍यमंत्री पद की उम्‍मीदवार किरण बेदी ने भाजपा द्वारा उन्‍हें मुख्‍यमंत्री पद का उम्‍मीदवार बनाने और उन पर विश्‍वास करने के लिए भाजपा नेतृत्‍व को धन्‍यवाद दिया। उन्‍होंने पार्टी की आशाओं पर खरा न उतरने के लिए खेद प्रकट किया है।

जिस तरीके का विश्‍वास और इज्‍जत और मान और एक्‍सैपटेंस मुझे लीडरशिप से और तमाम कार्यकर्ताओं से। मैं उनका धन्‍यवाद नहीं कर सकती। लेकिन उनसे  मैं माफी भी मांगती हूं कि मैं उनके विश्‍वास के काबिल नहीं उतर सकी।
इस बीच, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विधानसभा चुनाव में पार्टी के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद आज नई दिल्‍ली में पार्टी मुख्‍यालय के सामने प्रदर्शन किया। वे पार्टी नेतृत्‍व में परिवर्तन की मांग कर रहे थे। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि पार्टी को बचाने के लिए प्रियंका गांधी को लाया जाना चाहिए।
..........
बिहार में मुख्‍यमंत्री जीतन राम मांझी और जनता दल यूनाइटेड विधायक दल के नव निर्वाचित नेता नीतीश कुमार दोनों  वर्तमान राजनीतिक संकट पर राज्‍यपाल के निर्णय की उत्‍सुकतापूर्वक प्रतीक्षा कर रहे हैं। हमारे संवाददाता ने खबर दी है कि मुख्‍यमंत्री मांझी ने आज दिन में मंत्रिमंडल की बैठक बुलाई है।

जनता दल यूनाईटेड ने चेतावनी दी है कि यदि नीतिश कुमार को राज्‍य का मुख्‍यमंत्री नहीं बनाया जाता है, तो वह पूरे मामले को राष्‍ट्रपति के पास ले जायेगी। जनता दल यूनाईटेड के नव-निर्वाचित विधायक दल के नेता नीतिश कुमार के समर्थन में एक सौ तीस विधायक कल राष्‍ट्रपति के सामने परेड करेंगे। इस बीच बदलते राजनीतिक घटनाक्रम के बीच मुख्‍यमंत्री जीतन राम मांझी ने आज दोपहर बाद मंत्रिमंडल की बैठक बुलाई है। श्री मांझी ने कहा है कि वे संवैधानिक रूप से निर्वाचित राज्‍य के मुख्‍यमंत्री हैं। उन्‍होंने दावा किया कि वे विधानसभा में बहुमत साबित कर देंगे। आकाशवाणी समाचार के लिए पटना से मैं कृष्‍ण कुमार लाल।
..........
असम में कोकराझार जिले में कल रात सुरक्षाबलों ने नेशनल डेमोक्रेटिक फ्रंट ऑफ बोडोलैंड संगबिजित गुट के एक उग्रवादी को मार गिराया। मारे गए उग्रवादी की पहचान ओरगा के रूप में की गई है जो कई समाज विरोधी गतिविधियों में शामिल था। अन्‍य उग्रवादी अंधेरे में बचकर निकलने में कामयाब रहे।
..........
गुजरात में कल सात और लोगों की स्‍वाइन फ्लू से मृत्‍यु हो गई। इसके साथ ही राज्‍य में जनवरी से अब तक मरने वालों की संख्‍या बढ़कर 88 हो गई है।

पंजाब में स्‍वाइन फ्लू से अब तक 12 लोगों की मौत हो चुकी है। राज्‍य सरकार के प्रवक्‍ता ने बताया कि जांच के लिए गए 82 नमूनों में से 34 में एच वन एन वन वायरस पाये गए।  स्‍वाइन फ्लू से जालन्‍धर और अमृतसर में तीन-तीन, मोहाली में दो और फरीदकोट, होशियारपुर, कपूरथला तथा पटियाला में एक-एक व्‍यक्‍ति की मौत हुई।     
..........
बम्‍बई शेयर बाजार के तीसरे पहर के कारेाबार में सेन्‍सेक्‍स में उतार-चढ़ाव जारी है। अब से थोड़ी देर समय पहले यह 78 अंक घटकर 28 हजार 122 पर था।

नेशनल स्‍टॉक एक्‍सचेंज का निफ्टी भी 30 अंक की गिरावट के साथ 8 हजार 496 पर था।
..........
एडिलेड ओवल में आई.सी.सी. क्रिकेट विश्‍व कप के दूसरे और अंतिम अभ्‍यास मैच में अफगानिस्‍तान ने ताजा समाचार मिलने तक 18 ओवर में 1 विकेट पर 87 रन बना लिए थे। भारत ने अफगानिस्‍तान के सामने जीत के लिए तीन सौ 65 रन का लक्ष्‍य रखा है। रोहित शर्मा ने सात छक्‍कों और 12 चौकों की मदद से एक सौ पचास रन बनाये। अजिंक्‍य रहाणे 88 रन बनाकर नाबाद रहे। सुरेश रैना ने 75 रन बनाये।
..........
हरियाणा में अगले वर्ष सांसद आदर्श ग्राम योजना के तहत 15 गांवों को आदर्श ग्राम के रूप में विकसित किया जाएगा। राज्‍य के सभी दस लोकसभा सदस्‍यों और राज्‍यसभा के पांच सदस्‍यों ने इस योजना के अंतर्गत एक-एक ग्राम पंचायत को चुना है। इस योजना में गांवों में मूलभूत सुविधाएं प्रदान करने और बुनियादी ढांचो को मजबूत बनाने पर ध्‍यान केन्द्रित किया जायेगा।      
..........