मुख्य समाचार
- दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए मतदान शुरू।
- बिहार के मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने नीतीश कुमार के करीबी समझे जाने वाले दो मंत्रियों को बर्खास्त किया।
- उच्चतम न्यायालय ने केंद्र को तेजाब हमलों के पीड़ितों के इलाज के लिए राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से चार सप्ताह के भीतर योजना तैयार करने के वास्ते एक बैठक बुलाने का निर्देश दिया।
- देश का विदेशी मुद्रा भंडार अब तक की सर्वाधिक वृद्धि के साथ तीन सौ सत्ताईस अरब डॉलर से ऊपर पहुंचा।
- इस्लामिक स्टेट के आतंकवादियों ने दावा किया कि सीरिया में जॉर्डन के हवाई हमलों में एक अमरीकी महिला बंधक मारी गई।
- केरल में चल रहे राष्ट्रीय खेलों में सेना पदक तालिका में सबसे ऊपर, फुटबॉल के सेमीफाइनल में आज गोआ का सामना पंजाब से और मिजोरम का मुकाबला महाराष्ट्र से।
------
दिल्ली में विधानसभा चुनाव के लिए ठीक इसी समय मतदान शुरू हो रहा है। मतदान शाम छह बजे तक चलेगा। 70 सदस्यों वाली विधानसभा के लिए 63 महिलाओं सहित कुल छह सौ 73 उम्मीदवार मैदान में हैं। निर्वाचन आयोग ने स्वतंत्र और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए व्यापक प्रबंध किये हैं। कुल बारह हजार एक सौ 77 मतदान केन्द्रों में से सात सौ 14 की पहचान संवेदनशील केन्द्रों के रूप में की गई है। इनमें से एक सौ 91 मतदान केन्द्र अत्यधिक संवेदनशील घोषित किये गए हैं।
व्यापारिक और औद्योगिक इकाइयों तथा अन्य प्रतिष्ठानों में काम कर रहे मतदाताओं को भी वेतन सहित अवकाश दिया गया है, ताकि वे मतदान कर सकें।
दिल्ली की महत्वपूर्ण कृष्णानगर विधानसभा क्षेत्र अब लिए चलते हैं हमारे संवाददाता आनन्द कुमार वहां मौजूद हैं।
सवाल - आनंद आप किस मतदान केन्द्र पर हैं और सुरक्षा की स्थिति क्या है?
------
जम्मू-कश्मीर में राज्यसभा की चार सीटों के लिये आज हो रहे चुनाव में सात उम्मीदवार मैदान में हैं। हमारे संवाददाता ने खबर दी है कि भाजपा-पीडीपी और नेशनल कॉन्फ्रेंस-कांग्रेस सीटों के आपसी तालमेल के तहत चुनाव लड़े रहे हैं।
भाजपा और पीडीपी गठबंधन के लिए राज्यसभा का चुनाव आज एक इम्तिहान की कड़ी होगी। न सिर्फ इस नवगठित गठबंधन के लिए बल्कि राज्यसभा में विपक्ष के वर्तमान नेता और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद के लिए भी यह चुनाव महत्वपूर्ण है और दोनों की साख दाव पर लगी है। आजाद नेशनल कांफ्रेंस के समर्थन से चुनाव लड़ रहे हैं। तमाम पार्टियों ने विप जारी करके अपने-अपने पार्टी के विधानसभा मेमबरों से कहा कि वो पार्टियों के प्रत्याशियों के हक़ में मतदान करें। चुनाव परिणाम आज शाम सात बजे तक आने की संभावना है। आकाशवाणी समाचार के लिए श्रीनगर से आर के रैना।
------
बिहार के मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने नीतीश कुमार के नज़दीकी माने जाने वाले दो मंत्रियों लल्लन सिंह और पी.के. साही को कल रात बर्खास्त कर दिया। मुख्यमंत्री ने इस संबंध में कार्यवाहक राज्यपाल केसरीनाथ त्रिपाठी को पत्र लिखा है। श्री मांझी ने जनतादल (यूनाइटेड) के अध्यक्ष शरद यादव द्वारा आज पटना में बुलाई गई विधायक दल की बैठक में शामिल होने से भी इंकार कर दिया है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि श्री मांझी ने इस बैठक को असंवैधानिक करार दिया है।
जदयू विधायक दल की आज होने वाली बैठक में जीतन राम मांझी के भविष्य के बारे में फैसला लिया जाएगा। राजनीति के जानकारों का कहना है कि इस बैठक में नितीश कुमार को नेता चुना जाएगा और मांझी के खिलाफ कोई बड़ा राजनीतिक फैसला लिया जाएगा। बदलते राजनीतिक घटनाक्रम के बीच कांग्रेस और राजद ने जदयू को समर्थन देने की घोषणा की है। भाजपा ने कहा है कि उसके सभी विकल्प खुले हैं। पार्टी के वरिष्ठ नेता सुशील कुमार मोदी ने कहा है कि परिस्थिति के अनुसार भाजपा निर्णय लेगी। आकाशवाणी समाचार के लिए पटना से कृष्ण कुमार लाल।
मुख्यमंत्री ने पार्टी के विधायक दल की अलग से एक बैठक राज्य विधानसभा का सत्र शुरू होने से पहले 20 फरवरी को बुलाई है।
------
उच्चतम न्यायालय ने तेजाब हमले की शिकार लड़कियों का पुनर्वास ठीक से नहीं किए जाने पर चिंता व्यक्त की है। न्यायमूर्ति मदन बी. लोकुर और न्यायमूर्ति यू. यू. ललित की सामाजिक न्याय पीठ ने सरकार से इस जघन्य अपराध की शिकार लड़कियों के मुफ्त इलाज के लिए किए जा रहे उपायों की जानकारी देने को कहा। न्यायालय ने केंद्रीय गृह सचिव से सभी राज्यों के मुख्य सचिवों और गृह सचिवों की बैठक बुलाने और अपराध प्रक्रिया संहिता की धारा-तीन सौ 57-सी लागू करने के तौर-तरीके चार सप्ताह के भीतर तय करने को कहा है। इसके अंतर्गत तेजाब हमले के शिकार लोगों के लिए सरकारी और निजी अस्पतालों में मुफ्त इलाज का प्रावधान है। उच्चतम न्यायालय ने केंद्रीय गृह सचिव से इस संबंध में छह सप्ताह के भीतर सारिणी की शक्ल में हलफनामा दायर करने को भी कहा है। न्यायालय ने यह निर्देश 2006 में तेजाब हमले की शिकार दिल्ली निवासी लक्ष्मी की जनहित याचिका की सुनवाई के दौरान दिया।
------
भारत का विदेशी मुद्रा भंडार पांच अरब 84 करोड़ डॉलर की वृद्धि के साथ तीस जनवरी कोसमाप्त हुए सप्ताह के दौरान बढकर तीन सौ 27 अरब 88 करोड डॉलर हो गया है। इससे एक सप्ताह पहले इसमें 9 करोड़ उन्यासी लाख डॉलर की मामूली कमी हुई थी और यह तीन सौ 22 अरब तीन करोड़ डॉलर हो गया था। इससे पहले, 16 जनवरी को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार सबसे अधिक 322 अरब 13 करोड़ डॉलर था। विदेशी मुद्रा भंडार में यह वृद्धि विदेशी मुद्रा परिसम्पत्तियों में बढ़ोतरी के कारण हुई है।
------
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज नई दिल्ली में दूतावास प्रमुखों के सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। तीन दिन के इस सम्मेलन में इस बात पर विचार किया जाएगा कि भारत किस प्रकार अपने राजनयिक संबंधों का रचनात्मक उपयोग कर सकता है। इस वर्ष के सम्मेलन का विषय है--''विकास के लिये कूटनीति''।
------
केन्द्र ने स्वाइन फ्लू से प्रभावित राज्यों की तैयारियों की कल समीक्षा की और इससे निपटने के लिए हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। स्वास्थ्य मंत्रालय के सचिव डॉ. अरूण कुमार पांडा ने नई दिल्ली में विडियो कान्फ्रेंसिंग के जरिए आंध्र प्रदेश, गुजरात, राजस्थान, तेलंगाना, हरियाणा, तमिलनाडु और ओडिशा के स्वास्थ्य अधिकारियों से स्थिति का जायजा लिया।
गुजरात में स्वाइन फ्लू से कल चार और लोगों की मौत के साथ इस वर्ष राज्य में एच-वन-एन-वन से मरने वालों की कुल संख्या 66 हो गई है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि राज्य में कुल पांच सौ 57 लोग स्वाइन फ्लू से प्रभावित हैं।
स्वास्थ्य विभाग के अनेक प्रयासों के बावजूद राज्य में स्वाइन फ्लू के नये मामलों में लगातार वृद्धि जारी है। कल सामने आए स्वाइन फ्लू के नये 73 मामलों में से बीस मामले अकेले कच्छ ज़िले में दर्ज किये गए। अहमदाबाद, वडोदरा और सूरत में भी कल दस से अधिक नये मामले सामने आए। राज्य सरकार ने लोगों में जागरूकता के लिए अभियान छेड़ रखा है। इसके लिए दस हजार से अधिक आशा बहनें और स्वास्थ्य कर्मचारियों को विशेष तालीम दी गई है। योगेश पंडेया आकाशवाणी समाचार अहमदाबाद।
------
जाने माने मराठी साहित्यकार भालचन्द्र नेमाडे को वर्ष 2014 का प्रतिष्ठित ज्ञानपीठ पुरस्कार दिया जाएगा। यह पुरस्कार पाने वाले वे पचासवें व्यक्ति हैं। उन्हें पद्मश्री और साहित्य अकादमी पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है।
------
इस्लामिक स्टेट के आतंकवादियों ने दावा किया है कि सीरिया में उसके ठिकानों पर जॉर्डन के हवाई हमलों में एक अमरीकी महिला बंधक की मौत हो गई है। इस्लामिक स्टेट ने ऑनलाइन बयान जारी कर इस महिला का नाम कायला जीन म्यूलर बताया है। वह एक सहायताकर्मी थी।
------
केरल में चल रहे राष्ट्रीय खेलों में सेना 38 स्वर्ण, 11 रजत और 12 कांस्य पदकों के साथ पदक तालिका में सबसे ऊपर बनी हुई है।
वाटर पोलो के फाइनल में केरल की पुरुष टीम का मुकाबला सेना से होगा। छत्तीसगढ़ को पुरुषों के बीच हैंडबाल प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक मिला है।
------
समाचार पत्रों से
- आज प्रकाशित लगभग सभी अखबारों ने दिल्ली विधानसभा चुनावों के लिए मतदान की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था सहित अन्य सभी तैयारियों को मुखप़ृष्ठ पर विस्तार से दिया है। राष्ट्रीय सहारा ने मुखपृष्ठ पर बॉक्स में चुनाव डयूटी में लगे सरकारी अधिकारी और अन्य चुनाव तैयारियों की खबर को शीर्षक दिया है- आज मतदाता भाग्य विधाता। पत्र ने लिखा है अब तक 41 हजार 235 डाक मतपत्र मिले है।दैनिक भास्कर लिखता है- पोस्टल वोटिंग ने पिछला रिकॉर्ड तोड़ा। हरिभूमि ने चुनाव आयोग की अपील को शीर्षक बनाते हुए लिखा है- बटन दबाना चूक न जाना।
- अमर उजाला की ये खबर ध्यान खींचती है कि केदारनाथ की प्राकृतिक आपदा में राजस्थान की एक लापता महिला को उत्तरकाशी से उसके पति ने तलाशा। यह महिला मानसिक संतुलन खोने के बाद से वही भटक रही थी।
- दैनिक भास्कर ने लिखा है- रेलगाड़ी का कोच अगर गंदा है तो आप क्लीन माई कोच डॉट कॉम पर ऑन लाइन शिकायत कर सकते हैं। इसमें अपना बर्थ और पीएनआर नम्बर देना होगा और शिकायत मिलते ही 15 मिनट में आपका डिब्बा साफ किया जाएगा।
------
