मुख्य समाचार :-
- दिल्ली में कल होने वाले विधानसभा चुनाव के मतदान की सभी तैयारियां पूरी, शांतिपूर्ण मतदान के लिए कड़े सुरक्षा प्रबंध।
- बिहार में सत्ताधारी जनता दल यूनाइटेड में आतंरिक विवाद गहराया, मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी और नीतीश कुमार के समर्थक भिड़े।
- केन्द्रीय मंत्री अरूण जेटली ने अमरीका के राष्ट्रपति के धार्मिक असहिष्णुता की टिप्पणी को खारिज किया। उन्होंने कहा-कुछ अपवाद इतिहास को नहीं बदल सकते।
- दिल्ली उच्च न्यायालय ने नीतीश कटारा हत्याकांड में विकास यादव और विशाल यादव की सजा को 30 साल किया।
- मराठी लेखक भालचन्द्र नेमाडे को वर्ष 2014 का ज्ञानपीठ पुरस्कार।
- राष्ट्रीय खेलों में - जिम्नास्ट दीपा कर्माकर ने पांच स्वर्ण पदक जीते, सेना, पदक तालिका में शीर्ष पर।
----------------------
दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए कल मतदान होगा। सत्तर सदस्यों वाली विधान सभा चुनाव के लिए स्वतंत्र और निष्पक्ष मतदान की सभी तैयारिंयां पूरी कर ली गई हैं। मतदान सुबह आठ बजे से सायं छह बजे तक होगा। मतगणना इस महीने की दस तारीख को होगी।
चुनाव मैदान में 63 महिलाओं सहित छह सौ 73 उम्मीदवार हैं। एक करोड़ 33 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। इनके लिए 12 हजार 177 मतदान केन्द्र बनाए गये हैं। व्यापारिक प्रतिष्ठानों और औद्योगिक संस्थानों में काम करने वाले कर्मचारियों को वोट देने के लिए वैतनिक अवकाश मिलेगा। हमारे संवाददाता ने बताया है कि कल होने वाले मतदान के लिए सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं।
शहर में 714 मतदान केंद्रों को संवेदनशील और 191 को अति संवेदनशील घोषित किया गया है। हर विधानसभा क्षेत्र में एक आर्दश मतदान केंद्र बनाया गया है जहां पीने का पानी और मतदाताओं के लिए कुर्सियों की भी व्यवस्था की गई है। शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए लगभग 55 हजार पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। सुरक्षाकर्मी विभिन्न क्षेत्रों में लगातार गश्त कर रहे हैं ताकि वोटरों को लुभाने के लिए शराब और पैसे बांटने जैसी घटनाओं को रोका जा सकें। नई दिल्ली से संत बहादुर के साथ, आकाशवाणी समाचार के लिए मैं दिवाकर।
दिल्ली मैट्रो रेल और दिल्ली परिवहन निगम की बसें कल सवेरे चार बजे से चलेंगी। इस बीच दिल्ली पुलिस ने सात अपराधियों को गिरफ्तार करके कल स्वतंत्र और निष्पक्ष मतदान में गड़बड़ी करने के प्रयास को विफल कर दिया है। पुलिस उपायुक्त संजीव यादव ने बताया कि ये सभी अपराधी मुंडकाविधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की कांग्रेस उम्मीदवार रीता शौकीन के पक्ष में काम करने आये थे। पुलिस ने उनके पास से पांच हथियार और दो गाडि़यां बरामद की हैं।
----------------------
आम आदमी पार्टी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में जामा मस्जिद के शाही इमाम सैय्यद अहमद बुखारी के समर्थन की पेशकश नामंजूर कर दी है। नई दिल्ली में आज पार्टी नेता संजय सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी इमाम बुखारी के विचारों से सहमत नहीं है। इस बीच, श्री बुखारी की अपील पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और केन्द्रीय मंत्री अरूण जेटली ने कहा कि इस प्रकार के फतवों का उचित जवाब यह है कि जो लोग उनके विरोधी है उन्हें बड़ी संख्या में वोट डालना चाहिए।
----------------------
भारतीय जनता पार्टी ने आम आदमी पार्टी पर प्रहार करते हुए कहा है कि दिल्ली विधानसभा का चुनाव सुशासन वाली पार्टी और उनके अनुसार अराजकता विचार वाली पार्टी के बीच है। नई दिल्ली में आज पार्टी नेता और केन्द्रीय मंत्री अरूण जेटली ने इस विचार का खण्डन किया कि चुनाव के परिणाम केन्द्र में नरेन्द्र मोदी सरकार की कार्यकुशलता पर जनमत संग्रह समझा जाएगा।
----------------------
बिहार में सत्तारूढ़ जनता दल युनाइटेड में आन्तरिक कलह के बढ़ने के बीच आज पटना में पार्टी नेता नीतीश कुमार और मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी के समर्थक आपस में भिड़ गए। पार्टी अध्यक्ष शरद यादव द्वारा कल बुलाई गई विधायक दल की बैठक से पहले पार्टी कार्यालय के बाहर ये झड़पें हुई। कल की बैठक में श्री मांझी को हटाकर श्री नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री बनाये जाने की खबर है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि पार्टी के सभी प्रमुख नेता अपने समर्थकों के साथ बैठकें कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री के निवास स्थान पर मांझी समर्थक मंत्रियों और विधायकों की बैठक चल रही है। इस बैठक में जदयू के विधायक भी भाग ले रहे हैं। मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी राजनैतिक के हर विकल्पों पर गहन विचार विर्मश कर रहे हैं। इस बीच जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद यादव ने दावा किया है कि मांझी सरकार अल्पमत में आ गई है। श्री यादव ने राज्यपाल को पत्र लिखकर यह अनुरोध किया है कि मुख्यमंत्री यदि विधानसभा भंग करने की अनुशंसा करते हैं तो उसे ठुकरा दिया जाए। बदलते राजनीतिक घटना क्रम को देखते हुए रणनीति तैयार करने के लिए विधानसभा में विरोधी दल के नेता नंद किशोर यादव के निवास स्थान पर भी पार्टी विधायकों की बैठक शुरू हो गई है। आकाशवाणी समाचार के लिए पटना से कृष्ण कुमार लाल।
----------------------
वित्तमंत्री अरूण जेटली ने अमरीका के राष्ट्रपति बराक ओबामा की इस टिप्पणी को आज खारिज कर दिया कि पिछले कुछ वर्षों में भारत में धार्मिक असहिष्णुता की घटनाएं बढी हैं । श्री जेटली ने नई दिल्ली में कहा कि देश में धार्मिक सहिष्णुता का लंबा इतिहास रहा है।
भारत का धार्मिक सहिष्णुता का लंबा इतिहास रहा है। छिटपुट घटनाओं से इस इतिहास को बदला नहीं जा सकता है और इसका सबसे अच्छा उदाहरण यह है कि इस बयान के दौरान तिब्बत के धार्मिक गुरू दलाई लामा श्री ओबामा के पास बैठे थे।
----------------------
गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि कोई भी व्यक्ति चाहे वो जिस धर्म का हो, देश में असुरक्षित नहीं है क्योंकि धार्मिक सहिष्णुता भारतीय संस्कृति की सहजता है। वे आज उत्तराखंड में एक समारोह के दौरान संवाददाताओं से बातचीत कर रहे थे।
----------------------
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि भारत को मौजूदा वैश्विक माहौल का फायदा उठाना चाहिए ताकि तेजी से विकास हो सके और लोगों की आकांक्षाओं को पूरा किया जा सके। आज नई दिल्ली में नीति आयोग में प्रमुख अर्थशास्त्रियों के साथ बैठक में श्री मोदी ने प्रधानमंत्री जनधन योजना, एल.पी.जी. प्रत्यक्ष लाभ अंतरण योजना और स्वच्छ भारत अभियान जैसी योजनाओं का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वे राज्यों के बीच विकास की स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के पक्ष में हैं।वित्त मंत्री अरूण जेटली ने बताया कि बैठक में भारतीय अर्थव्यवस्था को उच्च विकास के पथ पर लाने के लिए अनेक सुझाव प्राप्त हुए।
चर्चा का मूल उद्देश्य था कि देश के अंदर निवेश कैसे बढ़ सकता है। अर्थव्यवस्था विस्तार कैसे हो सकता है। देश की जो विकास दर है वो कैसे बढ़ सकती है। गरीबी उन्मूलन के संबंध में क्या हो सकता है। कृषि क्षेत्र के बारे में विशेष रूप से चर्चा हुई। इंफ्रास्टचर फाईनेंसिंग के बारे में कई सुझाव आए। सब सुझावों के ऊपर सरकार अपना ध्यान देगी।
नीति आयोग की पहली बैठक रविवार को होगी।
----------------------
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल नई दिल्ली में भारतीय मिशनों के प्रमुखों के सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। तीन दिन के इस सम्मेलन में कूटनीति को भारत के लिए लाभप्रद बनाए जाने के मुद्दे पर अधिक ध्यान दिया जाएगा। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता सैय्यद अकबरूद्दीन ने कहा कि प्रधानमंत्री ने इस सम्मेलन में दूतावासों के कामकाज के तौर-तरीकों के बारे में लोगों की सोच के बारे में चर्चा करने का अनुरोध किया है।
----------------------
दिल्ली उच्च न्यायालय ने नीतीश कटारा हत्या मामले में सभी तीन अभियुक्तों को साक्ष्य मिटाने का दोषी मानते हुए पांच-पांच साल की अतिरिक्त सजा सुनाई है। न्यायालय ने विकास यादव को आजीवन कारावास और उसके रिश्ते के भाई विशाल यादव को 25 वर्ष की सजा सुनाई है। इस दौरान उन्हें किसी प्रकार की छूट नहीं मिलेगी। तीसरे अभियुक्त सुखदेव पहलवान को बीस वर्ष की सजा सुनाई गई है। विकास और विशाल यादव पर पचास-पचास लाख रूपए का जुर्माना भी लगाया गया है। न्यायालय ने सभी अभियुक्तों को मौत की सजा दिए जाने की सरकारी वकील की अपील खारिज कर दी।
----------------------
केन्द्र ने स्वाइन फ्लू से प्रभावित राज्यों की तैयारियों की आज समीक्षा की और इससे निपटने के लिए सभी प्रकार की सहायता का आश्वासन दिया। स्वास्थ्य मंत्रालय के सचिव डॉ. अरूण कुमार पांडा ने नई दिल्ली में विडियो कान्फ्रेंसिंग के जरिए आंध्र प्रदेश, गुजरात, राजस्थान, तेलंगाना, हरियाणा, तमिलनाडु और ओडिशा के स्वास्थ्य अधिकारियों से स्थिति का जायजा लिया।
----------------------
असम के मुख्यमंत्री तरूण गोगोई ने आरोप लगाया है कि भारतीय जनता पार्टी के दृष्टि-पत्र में पूर्वोत्तर के लोगों को प्रवासी बताने के मुद्दे को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गंभीरता से नहीं लिया है। गुवाहाटी में श्री गोगोई ने कहा कि ये केवल छपाई की गलती नहीं थी बल्कि पूर्वोत्तर के लोगों का अपमान किया गया था।
----------------------
जाने माने मराठी साहित्यकार भालचन्द्र नेमाडे को वर्ष 2014 का प्रतिष्ठित ज्ञानपीठ पुरस्कार दिया जाएगा। यह पुरस्कार पाने वाले वे पचासवें व्यक्ति हैं। श्री नेमाडे की प्रमुख कृतियों में कोसला औरहिन्दू उपन्यास शामिल हैं। उन्हें पद्मश्री और साहित्य अकादमी पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका है।
----------------------
देश का विदेशी मुद्रा भंडार पांच अरब 84 करोड़ डॉलर की वृद्धि के साथ तीस जनवरी तक बढकर तीन सौ 27 अरब 88 करोड डॉलर हो गया है। एक सप्ताह पहले देश का विदेशी मुद्रा भंडार तीन सौ 22 अरब चार करोड़ डॉलर था।
----------------------
आर्थिक जगत की खबरें अमित गोयल से:-
बंबई शेयर बाजार में आज लगातार छठे सत्र में गिरावट का दौर रहा और सेंसेक्स आधा प्रतिशत की गिरावट से 133 अंक लुढ़कर 28 हजार 718 के स्तर पर बंद हुआ। नेशनल स्टाक एक्सचेंज का निफ्टी भी शून्य दशमलव छह प्रतिशत के नुकसान से 51 अंक गिरकर 8 हजार छह सौ 61 के स्तर पर बंद हुआ। मुद्रा बाजार में डालर के मुकाबले रूपया आज चार पैसे की मजबूती से 61 रूपये 69 पैसे प्रति डालर के स्तर पर दर्ज हुआ। दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना स्टेंडर्ड एक सौ रूपये की गिरावट से 28 हजार 200 रूपये प्रति दस ग्राम के स्तर पर दर्ज हुआ। चांदी भी 250 रूपये के नुकसान से 38 हजार 350 रूपये प्रतिकिलो ग्राम के स्तर पर दर्ज हुई।
----------------------
प्रसार भारती के अध्यक्ष डॉक्टर ए सूर्य प्रकाश ने लोगों को जानकारी देने और शिक्षित करने के लिए आकाशवाणी और दूरदर्शन की भूमिका की सराहना की। आज नई दिल्ली में आकाशवाणी के समाचार सेवा प्रभाग के अधिकारियों के साथ बैठक में डॉक्टर सूर्य प्रकाश ने कहा कि समाचारों की गुणवत्ता और विषयवस्तु को बेहतर बनाने के लिए आकाशवाणी और दूरदर्शन में ज्यादा से ज्यादा तालमेल होना चाहिए।
----------------------
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने पार्टी के पदाधिकारियों से कहा है कि वे ईमानदार सदस्यों को पार्टी में शामिल करके सदस्यता अभियान में सक्रिय भूमिका निभाएं। नई दिल्ली में आज पार्टी की केन्द्रीय चुनाव समिति की बैठक में उन्होंने यह टिप्पणी की। संगठनात्मक चुनाव पर विचार करने के लिए यह बैठक बुलाई गई थी।
----------------------
प्रवर्तन निदेशालय ने शारदा चिटफंड मामले में मनी लांड्रिंग की जांच के सिलसिले में तृणमूल कांग्रेस सांसद अर्पिता घोष और पूर्व केन्द्रीय मंत्री मतंग सिंह के दो सहायकों को फिर समन भेजा है। पीटीआई ने सरकारी सूत्रों के हवाले से खबर दी है कि सुश्री अर्पिता घोष को 13 फरवरी को पेश होने के लिए समन भेजा गया है।
----------------------
अरूणाचल प्रदेश में आज दोपहर हुए विस्फोट में असम राइफल के नौ जवान घायल हो गए। रक्षा विभाग के जनसंपर्क अधिकारी सुनीत न्युटन ने कहा कि यह घटना चांगलांग जिले के मांगमाउ गांव में हुई। अब तक किसी गुट ने इसकी जिम्मेदारी नहीं ली है।
----------------------
कोलकाता में सत्र न्यायालय ने आज बर्दवान विस्फोट के संदिग्ध सरगना के एक निकट सहयोगी शेख रहमतुल्ला को 13 फरवरी तक राष्ट्रीय जांच एजेंसी - एन आई ए की हिरासत में भेज दिया है। शेख रहमतुल्ला उर्फ सज्जाद को एन आई ए ने तीन फरवरी को मुर्शिदाबाद जिले से गिरफ्तार किया था।
----------------------
राजस्थान में 33 जिला परिषदों में से 29 परिषदों के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। भाजपा को 20 और कांग्रेस को 9 जिला परिषदों में जीत मिली है। राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार दो सौ 95 पंचायत समितिओं में से भारतीय जनता पार्टी को एक सौ चालीस में स्पष्ट बहुमत मिला है।
----------------------
केरल में राष्ट्रीय खेलों की खबरों के साथ मुकेश कुमार :-
त्रिपुरा की दीपा कर्माकर ने जिमनास्टिक की विभिन्न स्पर्धाओं में पांच स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचा। दीपा ने पिछले राष्ट्रीय खेलों में भी पांच पदक जीते थे और इस बार भी जिमनास्टिक की पांच स्पर्धाओं के स्वर्ण पदक हासिल कर अपनी बादशाहत कायम रखी। सेना के राकेश कुमार पात्रा ने जिमनास्टिक के तीन स्वर्ण पदक प्राप्त किए। सेना ने जिमनास्टिक में श्रेष्ठता साबित करते हुए आज सात स्वर्ण सहित नौ पदक जीते। महाराष्ट्र ने खो-खो के महिला और पुरूष दोनों वर्गों के स्वर्ण पदकों पर कब्जा किया। बीच बॉलीवॉल के पुरूष वर्ग का स्वर्ण आंध्रप्रदेश ने और महिला वर्ग का स्वर्ण पदक केरल ने हासिल किया। संतोष ट्रॉफी चैपियन मिजोरम ने सेना के साथ 2-2 से ड्रॉ खेलकर सेमीफाइनल मे प्रवेश कर लिया है।
सेना, 38 स्वर्ण पदकों के साथ पदक तालिका में शीर्ष पर है। पच्चीस स्वर्ण, 29 रजत पदकों के साथ महाराष्ट्र दूसरे और 25 स्वर्ण, 13 रजत पदकों के साथ हरियाणा तीसरे स्थान पर है। मेजबान केरल14 स्वर्ण पदक लेकर पदक तालिका में चौथे स्थान पर है।
----------------------
