दोपहर समाचार 26/01/2015

मुख्य समाचार
  • गणतंत्र दिवस के अवसर पर देश की सैन्‍य शक्ति और सांस्‍कृतिक विविधता का राजपथ पर भव्‍य प्रदर्शन। मुख्‍य अतिथि अमरीकी राष्‍ट्रपति बराक ने समारोह देखा।
  • पूरे देश में गणतंत्र दिवस समारोह हर्षोल्‍लास के साथ मनाया गया। विदेशों से भी गणतंत्र दिवस मनाने की खबरें।
  • मेजर मुकुंद वरदराजन और नायक नीरज कुमार सिंह  असाधारण वीरता के लिए शांति काल के सर्वोच्‍च वीरता पुरस्‍कार अशोक चक्र से सम्‍मानि‍त। 
  • वर्ष 2014 में स्विट्जरलैंड से भारत को एक लाख 20 हजार करोड़ रूपये से अधिक मूल्‍य का सोने का निर्यात किया गया।
  • सिडनी में एक दिवसीय क्रिकेट श्रंखला में आस्‍ट्रेलिया और भारत के बीच खेला जा रहा मैच बारिश के कारण रूका।
...........
राष्‍ट्र आज 66वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्‍लास से मना रहा है। राष्‍ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने राजपथ पर राष्‍ट्रीय तिरंगा फहराया। इस अवसर पर मुख्‍य अतिथि अमरीका के राष्‍ट्रपति बराक ओबामा उनकी पत्‍नी मिशेल ओबामा, उप राष्‍ट्रपति हामिद अंसारी और प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी उपस्थित थे। तिरंगा फहराने और राष्‍ट्रगान के बाद 21तोपों की सलामी दी गई। गणतंत्र दिवस समारोह की शुरूआत इंडिया गेट पर अमर जवान ज्‍योति पर प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी की शहीदों को श्रद्धांजलि देने से हुई। परेड से पहले राष्‍ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने शांतिकाल के सर्वोच्‍च वीरता पुरस्‍कार अशोक चक्र मेजर मुकुंद वरदराजन और नायक नीरज कुमार सिंह को मरणोपरांत प्रदान किया। यह सम्‍मान  शहीदों की पत्नियों ने ग्रहण किया। जम्‍मू कश्‍मीर में आतंकवादियों से संघर्ष करते हुए इन शहीदों ने अपने प्राण न्‍यौछावर किये थे।

...........

राजपथ पर आयोजित गणतंत्र दिवस के मुख्‍य समारोह  भारत की सैन्‍य शक्ति और विभिन्‍न क्षेत्रों में उपलब्धि तथा आधुनिकतम रक्षा उपकरणों का प्रदर्शन किया गया। हमारे संवाददाता ने बताया है कि भारत की सांस्‍कृतिक और सामाजिक परंपराओं की अनेक राज्‍यों और प्रदेशों की झांकियां प्रदर्शित की गईं।

गणतंत्र दिवस के अवसर पर राजपथ पर बुंदाबांदी के बीच देश की सांस्‍कृतिक विविधता की झलक दिखलाते हुए 16 राज्‍यों और कुछ सरकारी मंत्रालयों की रंगारंग झाकियां प्रदर्शित की गई। समारोह के अन्‍य आकर्षण थे, वायुसेना का शानदार प्रदर्शन और रंग बिरंगे कपडों में सजे स्‍कूली बच्‍चों का नृत्‍य। कर्नाटक के लकडी के चन पाटना खिलोने, कश्‍मीर के लोकनृत्‍य, असम के माजअूली द्वीप और महाराष्‍ट्र के पंडरपुर वारी की झलक कुछ अन्‍य आकर्षण थे। इनके अलावा भारत सरकार का बेटी बचाओं, बेटी पढ़ाओं, प्रधानमंत्री धन जन योजना,  मेक इन इंडिया नीति का प्रतीक विशालकाय यंत्रिकृत शेर, बुलेट ट्रेन परेड में प्रदर्शित किए गए। इस वर्ष परेड का मुख्‍य विषय महिला सशक्‍तीकरण था, इसलिए पहली बार सशस्‍त्र बलों की महिला टुकडि़यों ने राजपथ पर मार्च किया। राष्‍ट्रीय वीरता पुरस्‍कार से सम्‍मानित चौबीस बच्‍चों ने भी परेड में हिस्‍सा लिया। संजीव के साथ,आकाशवाणी समाचार के लिए दिल्‍ली से मैं अनुपम मिश्र।

राष्‍ट्रपति बराक ओबामा और उनकी पत्‍नी मिशेल ओबामा ने यह भव्‍य परेड देखी। इस वर्ष परेड में हाल ही में हासिल किए गए लम्‍बी दूरी के निगरानी और पनडुबी रोधीविमान-पी 8आई और लम्‍बी दूरी के उन्‍नत मिग-29के विमानों का भव्‍य प्रदर्शन रहा।
...........

राज्‍यों से भी गणतंत्र दिवस मनाने की खबरें मिल रही हैं।

...........
जम्‍मू कश्‍मीर में गणतंत्र दिवस का मुख्‍य समारोह शीतकालीन राजधानी जम्‍मू में हुआ। हमारे संवाददाता ने बताया है कि राज्‍यपाल एन एन वोहरा ने एम ए स्‍टेडियम में राष्‍ट्रीय तिरंगा फहराया और परेड की सलामी ली।

इस अवसर पर बोलते हुए राज्‍यपाल ने पाकिस्‍तान की ओर से राज्‍य में नियंत्रण रेखा एवं अंर्तराष्‍ट्रीय रेखा पार से बार-बार संघर्ष विराम के उल्‍लंघन की घटनाओं पर चिंता व्‍यक्‍त की। इस अवसर पर राज्‍य के पूर्व मुख्‍यमंत्री उमर अब्‍दूल्‍ला और मुख्‍ती मुहम्‍मद सैयद भी मौजूद थे। कश्‍मीर वादी में गणतंत्र दिवस समारोह का मुख्‍य आयोजन श्रीनगर के बक्‍शी स्‍टेडियम में किया गया जहां मंडल आयुक्‍त कश्‍मीर रोहित कंसल ने तिरंगा फहराया। किसी प्रकार की अप्रिय घटना से निपटने के लिए राज्‍य भर में सुरक्षा के व्‍यापक प्रबंध किए गए हैं। श्रीनगर से आर.के.रैना के साथ योगेश शर्मा, आकाशवाणी समाचार, जम्‍मू।
.........
घाटी में अभूतपूर्व सुरक्षा प्रबंध किए गये थे। श्रीनगर के बख्‍शी स्‍टेडियम में कश्‍मीर के मंडल आयुक्‍त ने राष्‍ट्रीय तिरंगा फहराया और परेड की सलामी ली।
...........
गणतंत्र दिवस के अवसर पर कश्‍मीर में 2005 के बाद से  पहली बार आज इंटरनेट और मोबाइल फोन सेवाओं में बाधा नहीं आई।
..........
जम्‍मू-कश्‍मीर के लद्दाख क्षेत्र के विभिन्‍न सीमावर्ती जिलों में गणतंत्र दिवस समारोह  नागरिक और रक्षा क्षेत्रों में आयोजित किये गए। मुख्‍य समारोह पोलो ग्राउंड में आयोजित किया गया, जहां लद्दाख स्‍वायत्‍तशासी पवर्तीय विकास परिषद के मुख्‍य कार्यकारी पार्षद रिगजिन स्‍पाल्‍बर ने राष्‍ट्रीय तिरंगा फहराया।
...........
असम में मुख्‍यमंत्री तरूण गोगोई ने गुवाहाटी में राष्‍ट्रीय तिरंगा फहराया। मुख्‍यमंत्री ने कहा कि हिंसा से किसी भी समस्‍या का समाधान नहीं हो सकता। हमारे संवाददाता ने खबर दी है कि पूरे राज्‍य मे गणतंत्र दिवस के अवसर पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।

आंतकवादी गुटों की धमकियों की परवाह न करते हुए समाज के सभी वर्गो के लोगों ने बड़े उत्‍साह के साथ असम में गणतंत्र दिवस मना रहे है। गुवाहाटी में गणतंत्र दिवस के समारोह में भाग लेकर मुख्‍यमंत्री तरूण गोगोई ने उग्रवादियों से हिंसा छोड़ने को कहा। आपसी प्रगति पर जोर देते हुए श्री गोगोई ने कहा कि सरकार रोजगार उपलब्‍ध कराने के साथ कौशल विकास पर भी जोर दे रहे है। स्‍वच्‍छता पर जोर देते हुए श्री गोगोई ने कहा कि अनावरण व्‍यवस्‍था के लिए नई योजना शुरू किया जाएगा। सुरक्षाबलों ने कुछ समय पहले जोरहाट और डुबरी में विस्‍फोटक बरामद किया है। मानस प्रतिम शर्मा, आकाशवाणी समाचार, गुवाहाटी।
..........
मेघालय में उप मुख्यमंत्री आर.सी. लालू ने भारतीय वायु सेना के फ्लाई पास्ट के बीच शिलंग के पोलो ग्राउंड में राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
...........
झारखंड में मुख्‍य समारोह राजधानी रांची के मोहराबादी  मैदान पर हुआ। राज्‍यपाल सैयद अहमद ने राष्‍ट्रीय ध्‍वज फहराया। मुख्‍यमंत्री रघुवर दास ने दुमका में राष्‍ट्रीय ध्‍वज फहराया। उन्‍होंने 15 स्‍वतंत्रता सैनानियों को भी सम्‍मानित किया।
..........
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में गणतंत्र दिवस के अवसर पर राज्यपाल बलरामजी दास टंडन ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। हमारे संवाददाता ने बताया कि मुख्यमंत्री रमन सिंह ने माओवाद प्रभावित बस्तर डिवीजन के मुख्यालय जगदलपुर में तिरंगा झंडा फहराया।

माओवादियों द्वारा किए गए गणंतत्र दिवस के बहिष्‍कार के आह्वान के मद्देनजर छत्‍तीसगढ के माओवाद प्रभावित इलाकों में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्‍त किए गए हैं। सुरक्षा बल के जवान अंदरूनी इलाकों में सघन ग्‍श्‍त कर रहे हैं। माओवादियों ने बीजापूर, दंतेवाड़ा और न्‍यायपूर जिलों के अनेक अंदरूनी इलाकों में सड़को को खोद दिया है या पेड़ों काट कर डाल दिये है। इसके बावजूद लोगों के उत्‍साह में कोई कमी नहीं आई है, और बस्‍तर सहित पूरे छत्‍तीसगढ़ में गणंतत्र दिवस देश भक्‍ति की भावना के साथ पूरे उत्‍साह से मनाया जा रहा है। अभी तक कहीं से कोई बड़ी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। विकल्‍प शुक्‍ला, आकाशवाणी समाचार, रायपुर।
........
गुजरात में राज्य स्तरीय कार्यक्रम नवनिर्मित देवभूमि द्वारका जिले के मुख्यालय खामभेइलिया शहर में आयोजित किया गया, जहां राज्यपाल ओ.पी. कोहली ने राष्ट्र ध्वज फहराया।
............
महाराष्ट्र में राज्यपाल सी. विद्यासागर राव ने मुम्बई के शिवाजी पार्क में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। समारोह का मुख्य आकर्षण भव्य सैनिक परेड थी, जिसमें सशस्त्र बलों ने भाग लिया। ध्वजावरोहण समारोह राज्य के सभी जिलों में आयोजित किया गया।
...........
आंध्रप्रदेश में मुख्य परेड इन्दिरा गांधी स्टेडियम में हुई। राज्यपाल ई.एस.एल.नरसिम्हन ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और रंगारंग परेड की सलामी ली। इससे पहले राज्यपाल ने सी.आर.पी.एफ., पुलिस, एन.सी.सी. और भारत स्काउट्स तथा गाइड्स के दस्तों से सलामी ली।                            
...........
अंडमान निकोबार में पोर्ट ब्लेअर में उप राज्यपाल, लेफ्टिनेंट जनरल ए.के. सिंह ने ऐतिहासिक नेताजी स्टेडियम में राष्ट्रध्वज फहराया।
...........
मणिपुर, नगालैंड, तेलंगाना, ओडिशा, पंजाब, गोआ, उत्‍तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल,कर्नाटक,बिहार, मध्‍य प्रदेश, तमिलनाडु,हिमाचल प्रदेश, सहित अन्‍य राज्‍यों से भी गणतंत्र दिवस मनाने के समाचार प्राप्‍त हुए।
...........
विदेशों से भी गणतंत्र दिवस मनाए जाने के समाचार प्राप्‍त हुए हैं।
...........
श्रीलंका में आज कोलंबो के इंडिया हाउस में आयोजित समारोह में बड़ी संख्‍या में भारतीय समुदाय ने गणतंत्र दिवस मनाया।
एक रंगारंग समारोह में उच्‍चायुक्‍त वाई.के.सिन्‍हा ने तिरंगा फहराया और वहां उपस्थित सैकड़ों भारतीय लोगों ने राष्‍ट्रीय गान गाया।
..........
पश्चिम एशियाई क्षेत्र में भारतीय समुदाय उत्साह पूर्वक गणतंत्र दिवस मना रहा हैं। विभिन्न दूतावासों और वाणिज्य दूतावासों में आयोजित कार्यक्रमों में प्रवासी भारतीयों ने ध्वजावरोहण और रंगारंग कार्यक्रमों में भाग लिया।
संयुक्त अरब अमारात और दुबई के साथ ही बहरीन, मिस्र, लीबिया, जॉर्डन, कुवैत,कतर, ओमान, इस्राइल, ईरान, इराक, लेबनान, यमन, रामल्ला, सऊदी अरब, तुर्की,ट्यूनीशिया और इस क्षेत्र के अन्य क्षेत्रों से भी गणतंत्र दिवस समारोहों के आयोजन की खबरें मिली हैं।
_____
प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी और अमरीका के राष्‍ट्रपति बराक ओबामा आकाशवाणी केमन की बात कार्यक्रम में देश को संयुक्‍त रूप से संबोधित करेंगे। यह कार्यक्रम कल रात आठ बजे से आकाशवाणी के सभी नेटवर्क पर प्रसारित किया जाएगा। दोनों नेताओं का यह प्रसारण वेबसाइट पर भी उपलब्‍ध रहेगा। क्षेत्रीय चैनल मन की बात कार्यक्रम का प्रसारण बुधवार सुबह नौ बजे से करेंगे।
............
अमरीकी राष्ट्रपति बराक ओबामा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज शाम नई दिल्ली में भारत और अमरीका के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों के मंच- सीईओ फोरम की बैठक को संयुक्त रूप से संबोधित करेंगे। बैठक में वीज़ा और निवेश में बाधाओं सहित व्यापारिक और आर्थिक मुद्दों की चर्चा होने की आशा है। मेक इन इंडिया अभियान और कारोबार आसानी से करने के प्रश्नों पर भी बैठक में ध्यान केन्द्रित किए जाने की संभावना है।
______
वर्ष 2014 में स्विट्जरलैंड से एक लाख बीस हजार करोड़ रूपये से अधिक मूल्‍य के सोने का भारत में आयात किया गया। स्विट्जरलैंड के सरकारी आंकड़ों के अनुसार पिछले वर्ष जनवरी से नवम्‍बर के बीच चार सौ 57 किलोग्राम सोना भारत को निर्यात किया गया। ताजा आंकड़ों के अनुसार नवम्‍बर में भारत में सोना के आयात में छह गुना वृद्धि हुई और यह 35 हजार करोड़ रूपये से अधिक मूल्‍य का था। शादियों के मौसम और सोने के आयात नियमों में कुछ ढीलाई की वजह से यह वृद्धि हुई।
______
देश में महंगाई दर में गिरावट और भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा ब्‍याज दरों में कटौती से उत्‍साहित विदेशी निवेशकों ने इस महीने अब तक भारतीय पूंजी बाजार में 21हजार करोड़ से अधिक रूपये लगाए हैं।
सेन्‍ट्रल डिपोजिट्री सर्विसेज लिमिटेड ने कहा कि विदेशी संस्‍थागत निवेशकों ने 23जनवरी तक पांच हजार 992 करोड़ रूपये के शेयर खरीदे और 15 हजार 376करोड़ रूपये मूल्‍य के बॉंड खरीदे। वर्ष 2014 में विदेशी निवेशकों ने कुल मिलाकर दो लाख 58 हजार करोड़ रूपये का निवेश किया था।
...........
भारत के लिए हर हालत में जीतने वाला मैच बारिश के कारण रूका हुआ है।  तीन देशों की एक दिवसीय क्रिकेट श्रृंखला में सिडनी में खेले जा रहे मैच में भारत ने बारि श शुरू होने से पहले दो विकेट के नुकसान पर 69 रन बना लिए थे। खेल रोके जाने पर विराट कोहली और अंजिक्‍य रहाणे क्रीज पर थे।  बारिश के कारण मैच को पहले ही 44 ओवर का कर दिया गया है। भारत ने इस श्रृंखला में कोई जीत हासिल नहीं की है।
...........
पदम परस्कारों की घोषणा कर दी गई है । पूर्व उप-प्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्‍ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी, फिल्म अभिनेता अमिताभ बच्चन और दिलीप कुमार तथा पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल सहित नौ लोगों का चयन इस वर्ष के पदम विभूषण पुरस्कारों के लिए किया गया है। पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त एन गोपाल स्वामी, संविधान विशेषज्ञ सुभाष कश्यप, अधिवक्ता हरीश सालवे, माइक्रोसॉफ्ट के प्रमुख बिल गेट्स और उनकी पत्नी मेलिंडा सहित 20 लोगों को पदम भूषण प्रदान किए जाएंगे । फिल्मकार संजय लीला भंसाली, पटकथा लेखक प्रसून जोशी, बैडमिंटन खिलाड़ी पी वी सिन्धु, और महिला क्रिकेटर मिथाली राज पदमश्री  के लिए चुने गये 75 लोगों मे शामिल हैं।
..........
कोलम्बिया की पोलिना वेगा मिस यूनिवर्स चुनी गई हैं। फ्लोरिडा में अमरीका,यूक्रेन, जमाइका और हॉलैंड की प्रतिद्वंद्वीयों को पछाड़ते हुए 22 वर्षीया मॉडल और प्रबंधन विद्यार्थी विश्‍व की 87 अन्‍य प्रतियोगियों में सर्वश्रेष्‍ठ रहीं। विश्‍व सुन्‍दरी का खिताब पाने वाली वे कोलंबिया की दूसरी युवा हैं। 1956 में कोलंबिया की लूज मारिना जूलुआगा विश्‍व सुंदरी चुनी गईं।
...........
राजस्थान में पंचायत के चुनाव हो रहे हैं।  पहले और दूसरे चरण में दो सौ से अधिक सरपंच और तीस हजार वार्ड पंच निर्विरोध चुन लिए गए हैं। इनमें से अनेक महिलाएं हैं। पंडित जवाहर लाल नेहरू ने दो अक्टूबर 1959 को नागौर जिले में पंचायत राज प्रणाली का उद्घाटन किया था।
...........
नेपाल के प्रधानमंत्री सुशील कोइराला ने भारत के गणतंत्र दिवस के अवसर पर शुभकामनाएं दी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भेजे संदेश में श्री कोइराला ने कहा कि नेपाल और भारत की मित्रता वर्षों पुरानी है और दोनों के सामाजिक-सांस्‍कृतिक और सहमति, शुभेच्‍छा तथा सहयोग आधारित आकांक्षाएं एक जैसी हैं।
...........
ग्रीस में रविवार को हुए आम चुनावों में विपक्षी सीरिजा पार्टी ने जीत हासिल की है । पिछत्‍तर प्रतिशत मतगणना पूरी हो चुकी है जबकि सीरिजा पार्टी 149 सीटेंमिलने का अनुमान लगा रही है जो कि पूर्ण बहुमत से दो सीटें कम हैं, जिससे गठबंधन सरकार बनने का आसार हैं।
...........